दो शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी की तीन बाइके बरामद : पकड़े गए आरोपी जनपद बाराबंकी के निवासी
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Jul 20, 2026
जरवलरोड, बहराइच। जरवलरोड पुलिस ने चोरी के वाहनों के साथ दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक सोमवार तड़के सुबह करीब 4 बजे चेकिंग के दौरान करमुल्लापुर ओवरब्रिज के पास से पुलिस टीम ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोका। पूछताछ और मोबाइल ऐप के जरिए जब वाहन की जांच की गई तो पता चला कि मोटरसाइकिल चोरी की है। इसके बाद कड़ाई से पूछताछ की गई। अभियुक्तों की निशानदेही पर दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राहुल मिश्रा उर्फ ज्ञानू मिश्रा उम्र 30 वर्ष और सूरज सोनी उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है। जो दोनों मोहल्ला कसगर सूरतगंज, थाना मोहम्मदपुर खाला, जनपद बाराबंकी के निवासी हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राहुल मिश्रा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर बदोसराय, फतेहपुर, मसौली तथा मोहम्मदपुर खाला थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। वहीं सूरज सोनी पर भी जनपद अयोध्या के पटरंगा थाने में आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस ने मौके से एक हीरो स्प्लेंडर प्लस, एक बिना नंबर प्लेट हीरो एचएफ डीलक्स और एक बिना नंबर प्लेट हीरो स्प्लेंडर प्रो बरामद की है। जरवलरोड थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है। इस गिरफ्तारी व बरामदगी टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक बिन्देश्वरी प्रसाद यादव, हे.का. महेन्द्र यादव और का. रामदेव प्रजापति शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन