: आरडीएसएस. योजना से विद्युत सेक्टर का होगा कायाकल्प
Sat, Jul 15, 2023
सांसद कैसरगंज की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला विद्युत समन्वय समिति की बैठक
बहराइच। सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयोजित जिला विद्युत समन्वय समिति की बैठक के दौरान विद्युत वितरण मण्डल बहराइच के अधीक्षण अभियन्ता सुरेश कुमार ने बताया कि केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आर.डी.एस.एस. (रिवैम्प डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम) के अन्तर्गत जनपद में रू. 124.82 करोड़ की लागत से 385 कि.मी. 11 के.वी. एवं 53 कि.मी. एच.टी/एल.टी. जर्जर तारों को बदलने, अतिभारित विद्युत पोषकों के विभाजन, लो-वोल्टेज समस्या वाले क्षेत्रों में एबी केबिल लगाने, विभिन्न उपकेन्द्रों पर 99 अदद कैपिसिटर बैक स्थापना का कार्य किया जाना प्रस्तावित है। जिसके लिए नामित कार्यदायी संस्था मेसर्स एन.सी.सी. प्रा.लि. द्वारा सर्वे का कार्य प्रगति पर है। अधी.अभि. विद्युत श्री कुमार ने यह भी बताया कि इसके अलावा विद्युत आपूर्ति के आधुनीकरण अन्तर्गत रु. 379.79 करोड़ की लागत से उपकेन्द्रों पर लगे पावर परिवर्तकों के क्षमतावृद्धि एवं प्रस्तावित 12 अदद नवीन उपकेन्द्रों के निर्माण का कार्य, 23 अदद उपकेन्द्रों के पावर परिवर्तकों की क्षमतावृद्धि का कार्य, 16 अदद विद्युत उपकेन्द्रों पर अतिरिक्त पावर परिवर्तक स्थापना का कार्य, 659 अदद वितरण परिवर्तकों की स्थापना एवं 2561 अदद वितरण परिवर्तकों की क्षमतावृद्धि एवं अन्य विद्युत सम्बन्धी कार्य भी अनुमोदनार्थ प्रस्तावित हैं। अनुमोदन प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान समिति द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया। अध्यक्ष सांसद श्री सिंह ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर कार्य कराये जाएं। कार्यों को निर्धारित मानक व गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण किया जाय ताकि आमजन की विद्युत आपूर्ति से सम्बन्धित समस्याओं का निवारण हो सके। श्री सिंह ने यह भी निर्देश दिया शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाय। विद्युत आपूर्ति सम्बन्ध में आमजन की समस्याओं का तत्परता के साथ निस्तारण कराएं। लोकल फाल्ट, विद्युत बिल से सम्बन्धित समस्याओं तथा खराब ट्रांसफार्मर्स को समयावधि में बदला जाय। इस अवसर पर सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोंड, एम.एल.सी. पदमसेन चौधरी, विधायक सदर श्रीमती अनुपमा जायसवाल, पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, नानपारा के राम निवास वर्मा, कैसरगंज के आनन्द कुमार यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह के प्रतिनिधि करणवीर सिंह, सांसद कैसरगंज के प्रतिनिधि संजीव सिंह व सुनील सिंह, विधायक पयागपुर के प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी, प्रमुखगण, अन्य जनप्रतिनिधि व समिति के सदस्य, डीएम मोनिका रानी, एसपी प्रशान्त वर्मा, सीडीओ कविता मीना, सीआरओ अवधेश कुमार मिश्र, डीएफओ बहराइच संजय शर्मा, सीएमओ डा. एस.के. सिंह, डीडीओ महेन्द्र कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
: कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्रों तक पहुंचाया जायेः सांसद
Sat, Jul 15, 2023
सांसद कैसरगंज की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई दिशा की बैठक
सभी सीएचसी व पीएचसी पर तैनात चिकित्सकों का विवरण जनप्रतिनिधियों को कराये उपलब्ध
बेहतर तालमेल व समन्वय के साथ टीम भावना से कार्य करते हुए आकांक्षात्मक जनपद को विकास के पथ पर आगे ले जाएं
बहराइच। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। जिसमें सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोंड, एम.एल.सी. पदमसेन चौधरी, विधायक सदर श्रीमती अनुपमा जायसवाल, पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, नानपारा के राम निवास वर्मा, कैसरगंज के आनन्द कुमार यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह के प्रतिनिधि करणवीर सिंह, सांसद कैसरगंज के प्रतिनिधि संजीव सिंह व सुनील सिंह, विधायक पयागपुर के प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी, प्रमुखगण, अन्य जनप्रतिनिधि व समिति के सदस्य, डीएम मोनिका रानी, एसपी प्रशान्त वर्मा, सीडीओ कविता मीना, सीआरओ अवधेश कुमार मिश्र, डीएफओ बहराइच संजय शर्मा, सीएमओ डा. एस.के. सिंह, डीडीओ महेन्द्र कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विगत बैठक की अनुपालन आख्या पर चर्चा के दौरान सांसद बहराइच द्वारा पीएम आवास योजना शहरी विशेषकर रूपईडीहा की सूची उपलब्ध न कराये जाने के सम्बन्ध में अध्यक्ष श्री सिंह द्वारा डीएम से अपेक्षा की गई कि सम्बन्धित एसडीएम के माध्यम से सांसद बहराइच को सूची उपलब्ध करा दी जाए। विधायक कैसरगंज द्वारा कुण्डासर जैतापुर मार्ग व गण्डारा रसूलपुर घाट मार्ग की मरम्मत के सम्बन्ध लो.नि.वि. को निर्देश दिया गया कि मरम्मत कार्य शीघ्र करा दिया जाय। कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त सेवायोजित युुवक-युवतियों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराये जाने के सम्बन्ध में डीएम ने सम्बन्धित अधिकारी को निर्देश दिया कि बैठक के पश्चात जनप्रतिनिधियों को सूची उपलब्ध करा दी जाय। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अन्तर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान जिले के वरिष्ठ सांसद की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली त्रैमासिक सलाहकारी समिति की बैठक आहूत न किये जाने पर जनप्रतिनिधियों द्वारा नाराज़गी व्यक्त की गई। सीएमओ द्वारा आश्वस्त किया गया कि बैठक शीघ्र की बुलाई जायेगी। अध्यक्ष श्री सिंह ने सीएमओ को निर्देश दिया कि जिले के सभी सीएचसी व पीएचसी पर तैनात चिकित्सकों का विवरण जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दिया जाए। श्री सिंह ने यह भी निर्देश दिया कि एक सप्ताह के अन्दर पीएम मातृ वन्दना एवं आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों की सूची भी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी जाय। श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान अध्यक्ष श्री सिंह ने निर्देश दिया कि विभाग अन्तर्गत संचालित समस्त योजनाओं के लाभार्थियों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी जाय। उन्होंने विधायकों को सुझाव दिया कि वे भी अपने स्तर पर योजनाओं की समीक्षा कर लें। मनरेगा योजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि सरयू व टेढ़ी नदियों के पुर्नाेद्धार के लिए सिंचाई विभाग से सर्वे कराकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाय। अघ्यक्ष श्री सिंह ने आश्वस्त किया इस सम्बन्ध में प्रधानमंत्री से अनुरोध कर बजट का आवंटन कराया जायेगा। विधायक पयागपुर ने तालाब बघेल की साफ-सफाई हेतु भी कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव दिया। सांसद बहराइच ने अमृत सरोवर, ओपेन जिम, खेल मैदान, हाट बाज़ार, शेल्टर होम की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। साथ ही जनपद के सभी बाढ प्रभावित विकास खण्डों में मनरेगा योजना के तहत शेल्टर होम का निर्माण कराये जाने तथा योजनान्तर्गत क्षेत्र पंचायत के प्रस्तावों को शामिल करने का भी सुझाव दिया गया। निराश्रित गोवंश सरक्षण पर चर्चा के दौरान अध्यक्ष श्री सिंह द्वारा सुझाव दिया गया कि नर व मादा गोवंशों को अलग-अलग रखा जाय। गोआश्रय स्थलों में बृहद स्तर पर पौधरोपण कराया जाय ताकि पशुओं को छांव की कमी न रहे। गोवंशों के भरण पोषण हेतु शासन स्तर से बजट मांग से सम्बन्धित पत्र की प्रति जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाये ताकि वे भी अपने स्तर से प्रयास कर सकें। डीएम को सुझाव दिया गया कि गो सरंक्षण केन्द्रों की समीक्षा बैठक में गो आश्रय स्थल से सम्बन्धित ग्राम प्रधानों को भी आमंत्रित किया जाय। राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान क्षतिग्रस्त परिसम्पत्तियों की मरम्मत समय से न कराये जाने पर जनप्रतिनिधियों द्वारा कड़ी अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए सम्बन्धित कार्यदायी संस्थाओं के विरूद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही किये जाने का निर्णय लिया गया। साथ ही निर्देश दिये गये कि क्षतिग्रस्त परिसम्पत्तियों की मरम्मत का कार्य करा दिया जाए। बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि ग्राम पंचायत सचिवों के ग्राम में उपस्थित रहने का रोस्टर निर्धारित कर ग्राम पंचायत भवन पर अंकन भी करा दिया जाय। सांसद श्री सिंह ने जनप्रतिनिधियों का आहवान किया कि पौधरोपण में सक्रिय सहयोग प्रदान कर अधिकाधिक पौध रोपित कराकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग प्रदान करें। सांसद कैसरगंज श्री सिंह ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों का आहवान किया कि बेहतर तालमेल व समन्वय के साथ टीम भावना से कार्य करते हुए आकांक्षात्मक जनपद को विकास के पथ पर आगे ले जाएं। केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सबका साथ, सबका विकास के सिद्धान्त पर बिना भेदभाव के सभी पात्र लोगों तक पहुंचाया जाय। बैठक के दौरान जनप्रतिधियों द्वारा जो महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये है उसका पालन करते हुए जिले के विकास को गति प्रदान की जाय। जिलाधिकारी मोनिका रानी द्वारा अभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया गया कि अध्यक्ष की ओर से प्राप्त हुए निर्देशों तथा जनप्रतिनिधियों की ओर प्राप्त हुए सुझावों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जायेगा। बैठक का संचालन जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय ने किया। बैठक के अन्त में अध्यक्ष सहित सांसद व. विधायकगणों को रूद्राक्ष का पौध भेंट किया गया। जबकि बैठक से पूर्व सांसद श्री सिंह ने अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ विकास भवन परिसर में अशोक का पौध भी रोपित किया।
: वापसी को लेकर नगर पंचायतकर्मी डटे धरने पर
Sat, Jul 15, 2023
नवीनीकरण न होने से हटाये गए थे नगर पंचायत के 54 कर्मचारी
धरने के दौरान महिला समेत चार कर्मचारियों की हालत बिगड़ी
मांगे पूरी नहीं हुई तो होगा आमरण अनशन
बहराइच। पयागपुर नगर पंचायत से 54 कर्मचारी नवीनीकरण ना होने से हटा दिए गए हैं। सभी कर्मचारी वापसी को लेकर कार्यालय में ही धरना दे रहे हैं रात में धरने के दौरान महिला समेत चार कर्मचारियों की हालत बिगड़ गई। जिस पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक महिला कर्मी की हालत गंभीर बताई जा रही है। धरने पर भूखे बैठे कर्मचारियों का कहना है कि अगर उनकी सुनवाई नहीं हुई तो सभी आमरण अनशन शुरू कर देंगे। जनपद के पयागपुर नगर पंचायत में दो वर्ष पूर्व ठेके पर रखे गए 54 कर्मचारियों को नगर पंचायत अध्यक्ष की सह पर हटा दिया गया है। जब इसकी जानकारी इन कर्मचारियों को हुई तो सभी गुरुवार से कार्यालय परिसर में ही धरने पर बैठ गए। शुक्रवार से धरने पर बैठे कर्मचारियों ने खाना भी छोड़ दिया है। नगर पंचायत में वापसी को लेकर कर्मचारियों का धरना शुक्रवार को पूरी रात जारी रहा। धरना के दौरान रात 10 बजे के आसपास सफाईकर्मी राजेंद्र चौहान, राम प्रसाद और एक महिला कर्मी समेत चार की हालत बिगड़ गई। जिस पर इन सभी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां एक महिला कर्मी की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं धरने पर बैठे कर्मचारियों की कोई भी अधिकारी सुधि लेने नहीं गया है। ऐसे में कर्मचारी काफी परेशान हैं। सभी का कहना है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो सभी आमरण अनशन शुरू कर देंगे। इसकी जिम्मेदारी नगर पंचायत के अधिकारियों और अध्यक्ष की होगी।