: सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के शुभारम्भ अवसर पर रवाना हुए जागरूकता वाहन
Mon, Jul 17, 2023
विधायक महसी ने डीएम के साथ वाहनों को दिखायी हरी झण्डी
बहराइच। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाये जाने तथा आमजन को यातायात नियमों का पालन करने एवं नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 17 से 31 जुलाई तक आयोजित होने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के शुभारम्भ अवसर पर विधायक महसी सुरेश्वर सिंह व जिलाधिकारी मोनिका रानी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन ओ.पी. सिंह व प्रशासन के राजीव कुमार सहित अन्य स्टेक होल्डर्स विभागों के अधिकारी व गैर सरकारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। रवाना किये गये जागरूकता वाहनों द्वारा नगर के मुख्य चौराहों व प्रमुख स्थानों पर आमजन को यातायात नियमों का पालन करने यथा वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करने, सीट बेल्ट का सदैव प्रयोग करने, बिना लाइसेंस के वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, ओवरलोडिंग न करने, वैध प्रपत्रों के साथ वाहन चलाने, निर्धारित सीमा से अधिक गति से वाहन न चलाने, पार्किंग के नियमों का पालन करने, आवश्यकतानुसार इंडीकेटर्स का प्रयोग करने तथा अपनी लेन में ही वाहन चलाने इत्यादि के बारे में लोगों को जागरूक किया जायेगा। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अवसर पर विधायक महसी सुरेश्वर सिंह व जिलाधिकारी मोनिका रानी ने आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने तथा छोटी-मोटी सावधानियॉ बरतने से हम स्वयं के साथ साथ दूसरों को भी सुरक्षित कर सकते हैं। विधायक व डीएम ने लोगों से अपील की कि वाहनों का संचालन करते समय अनिवार्य रूप से सीटबेल्ट व हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें, ओवर स्पीडिंग न करें, किसी प्रकार के स्टन्ट से बचे तथा यातायात संकेतांकों का स्वयं पालन अवश्य करें तथा दूसरे लोगों को भी यातायात नियमों के बारे में जागरूक करें और पालन करने के लिए प्रेरित भी करें।
: हेड कांस्टेबिल ने रूपये से भरा पर्स महिला को वापस लौटाया
Mon, Jul 17, 2023
महिला पर्स पाकर खुशी से झूम उठी और थाना जीआरपी की भूरी भूरी प्रशंसा की
बहराइच। रेलवे स्टेशन बहराइच पर सोमवार को जीआरपी के हेड कांस्टेबल बद्री नारायण सिंह प्लेटफार्म ड्यूटी पर मौजूद थे। जिन्हें भ्रमण के दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर एक लेडीज पर्स गिरा हुआ मिला। जिसको लेकर थाना आये। जिसे खोल कर देखा तो उसमें 15000 रुपए व कान का टॉप्स व अन्य कागजात थे। जिसमें उसकी आईडी मिली। कुछ समय बाद एक महिला व एक लड़का थाने पर आए और अपना नाम शिवा कुमारी पत्नी गिरिजेश कुमार व उनका लड़का वैभव गुप्ता पुत्र गिरिजेश कुमार गुप्ता निवासी ग्राम सिंगाही थाना सिंगाही जनपद लखीमपुर खीरी बताने लगे। महिला ने बतायां कि मेरा लेडीज पर्स प्लेटफार्म पर कहीं गिर गया है। जिसमें 15000 रूपये व कान का टॉप्स और आधार कार्ड, पेन कार्ड व एटीएम कार्ड था। जिसे मिले सामान के आईडी से मैच किया गया तो सही पाए गया। महिला का पर्स, नगदी व अन्य सामान उनको सुपुर्द किया गया। जिसको पाकर वह खुशी से झूम उठी व थाना जीआरपी की भूरी भूरी प्रशंसा की।
: हथियारों से लैस बदमाशों ने घर पर धावा बोलकर की लाखों की लूटपाट
Mon, Jul 17, 2023
बदमाश लाखों के जेवरात व नगदी लेकर हुए चम्पत
बहराइच। शहर के मोहल्ला बक्शीपुरा नई बस्ती निवासी प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका के घर में खिड़की काटकर घर में रात को हथियार बंद बदमाश पहुंच गए। बदमाशों ने पहले लाखों की लूट की। शिक्षिका, पति और बेटी को पीटा। इसके बाद शिक्षिका की बेटी पर गलत नजर डाला। इस पर दंपती ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया। जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। बदमाशों ने तीन लाख से अधिक की लूट की। बदमाश मौके पर जिंदा कारतूस और अन्य सामान छोड़ गए हैं। दरगाह थाना क्षेत्र के बक्शीपुरा नई बस्ती आसाम रोड निवासी स्नेह लता श्रीवास्तव पत्नी अनूप कुमार प्राथमिक विद्यालय रामपुर कोडरी श्रावस्ती में शिक्षिका के पद पर तैनात हैं। रविवार रात को शिक्षिका अपने पति अनूप और बेटी मुस्कान के साथ सो रही थी। रात डेढ़ बजे हथियार से लैस बदमाश मकान के ऊपर हिस्से में बने खिड़की को काटकर घर में घुसे। इसके बाद सभी ने दरवाजा का ताला तोड़ा। फिर बंधक बनाकर घर में हथियार के बल पर लूटपाट की। बदमाशों ने परिवार की पिटाई की। शिक्षिका के मुताबिक सोने के गले की हार, झुमकी, झाला, अंगूठी, मांग टीका, जेवरी, करधनी, चांदी का गुच्छा व पांच हजार रुपए नगदी की लूट की। इसके बाद सभी ने शिक्षिका की बेटी पर गलत नजर डाला। इस पर शिक्षिका और उसके पति ने साहस दिखाते हुए बदमाशों पर धावा बोल दिया। इस पर बदमाश मौके से फरार हो गए। लेकिन घर में जिंदा कारतूस, रॉड और आपत्तिजनक वस्तु बरामदे में छोड़ गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी होने पर लोग काफी संख्या में मौके पर पहुंचे। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष दरगाह शरीफ हरेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि अभी शिक्षिका की ओर से तहरीर नहीं मिली है। घटना की जानकारी मिली है। मकान के ऊपर लगे खिड़की को काटकर बदमाश घर में घुसे थे। फोरेंसिक टीम के साथ जांच कर रहे हैं। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।