: शान्तिपूर्ण मतदान के लिए निरन्तर भ्रमणशील रहे डीएम व एसपी
Thu, May 4, 2023
प्रेक्षक ने भी किया क्षेत्र का भ्रमण
बहराइच। नगरीय निकाय चुनाव के मतदान को स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्वक सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र व पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा, अपर जिलाधिकारी अनिरूद्ध प्रताप सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी अवधेश कुमार मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुॅवर ज्ञानंजय सिंह व ग्रामीण पवित्र मोहन त्रिपाठी तथा नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर ने जनपद के अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा मतदान व्यवस्था के लिए नियुक्त किये गये ज़ोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा उनके समकक्ष पुलिस अधिकारी निरन्तर भ्रमणशील रहकर मतदान प्रक्रिया का जायज़ा लेते रहे। मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते रहे। इसके अतिरिक्त राज्य निर्वाचन निर्वाचन आयोग की ओर से जनपद के लिए नियुक्त किये गये प्रेक्षक रणविजय यादव भी क्षेत्र का भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया का जायज़ा लेते रहे। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने भ्रमण के दौरान लोगों से अपील की कि वोट देने के बाद वह अपने घरों की ओर प्रस्थान करें तथा अनावश्यक रूप से मतदान केन्द्र के आसपास भीड़ न लगायें। भ्रमण के दौरान पोलिंग एजेन्ट्स को भी हिदायत दी गयी कि वह मतदान केन्द्र के अन्दर बैठकर प्रक्रिया को देखते रहें, अनावश्यक रूप से इधर-उधर न घूमें। मतदान केन्द्र पर मौजूद सुरक्षा बलों को निर्देश दिया गया कि मतदान केन्द्र के अन्दर मोबाइल फोन न ले जाने के आदेश पर सख्ती से अमल कराया जाय और यह सुनिश्चत किया जाय कि मतदान केन्द्र के अन्दर मौजूद किसी एजेन्ट के पास मोबाइल न रहे। मतदान केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान जहॉ जिलाधिकारी मतदान केन्द्र के अन्दर जाकर मतदान प्रतिशत, मतदान कार्मिकों तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायज़ा ले रहे थे तो वहीं पुलिस अधीक्षक मतदान केन्द्र के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात सुरक्षा कार्मिकों को शान्ति पूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। निरीक्षण के दौरान सभी ज़ोनल मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया गया कि नियमित रूप से स्वयं भी भ्रमण शील रहें तथा यह सुनिश्चित करें कि सेक्टर मजिस्ट्रेट व सेक्टर पुलिस आफिसर भी बेहतर तालमेल के साथ निरन्तर भ्रमणशील रहें। नगरीय निकाय चुनाव को शान्ति पूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पूरे जनपद में सुरक्षा के व्यापक प्रबन्ध किये गये थे। निकाय चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर के कार्यालय में स्थापित कमाण्ड सेन्टर भी पूरी तरह से सक्रिय रहकर मतदान प्रतिशत तथा कानून एवं शान्ति व्यवस्था के सम्बन्ध में सूचनाएं प्राप्त कर सम्बन्धित अधिकारियों को सूचनाओं का प्रेषण कर रहा है। जिल के समस्त नगर निकायों में मतदान प्रतिशत की बात की जाए तो पूर्वान्ह 09 बजे तक 11.25 प्रति, पूर्वान्ह 11 बजे तक 22.87 प्रति. तथा अपरान्ह 01 बजे तक 34.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
: पहले मतदान फिर जलपान का डीएम ने निभाया फर्ज
Thu, May 4, 2023
मॉडल बूथ महिला महाविद्यालय पहुॅच किया नैतिक मतदान
जनपदवासियों से की शत-प्रतिशत मतदान की अपील
बहराइच। नगरीय निकाय चुनाव के मतदान अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने दुल्हन की तरह सजे मॉडल पिंक बूथ महिला महाविद्यालय पहुॅचकर अपना नैतिक मतदान कर ‘‘पहले मतदान फिर जनपान’’ के फर्ज़ को चरितार्थ किया। मतदान के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र व पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा ने नगरीय निकायों के मतदाताओं से शत-प्रतिशत मतदान की अपील की। डीएम व एसपी ने मतदाताओं से अपील की कि पूरे उत्साह और उमंग के साथ लोकतन्त्र के महापर्व में शामिल हों। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर सुभाष सिंह मौजूद रहे।
: गन्ने की पेडी पौध फसल की अच्छी पैदावार के लिए दो स्प्रे बहुत जरूरी
Thu, May 4, 2023
पारले कंपनी के मुख्य गन्ना प्रबंधक ने किसानो को दी जानकारियां
परसेण्डी, बहराइच। गन्ने की अच्छी पैदावार के लिए कम से कम दो स्प्रे माह मई-जून में किसान अवश्य करे। गन्ना किसान जानते है कि यह समय गन्ना फसल में टिलरिंग का समय है। इस समय यदि गन्ने की फसल में प्रति एकड़ की दर से ग्रोमोर स्पीडफोल एनपीके 2 किलो, एमिडा क्लोरप्रिड 100 मि.ली., पारले अमीनोज तरल 1 लीटर को 200 लीटर पानी में घोल बनाकर सुबह या शाम के समय नमी की दशा में स्प्रे करे। इससे फसल में ब्यांत और बढ़वार काफी अच्छी होगी। गन्ना फसल में स्प्रे कार्य को और अधिक बढ़ावा मिले इसके लिए पारले कंपनी द्वारा स्प्रे मशीन किसानो को 25 प्रतिशत अनुदान पर दे रही है। यह अनुदान केवल सीमित समय यानि 20 मई तक ही है। इसलिए जिन किसानो के पास ट्रैक्टर है वह स्प्रे मशीन जरूर अपने गन्ना अधिकारियो से मिलकर तत्काल बुक करा ले। स्प्रे द्वारा फसल में उर्वरक एवं कीटनाशक देने से प्रति एकड़ लागत काफी कम आती है। इसलिए सभी किसान अपनी पेड़ी पौधा फसल में अधिक से अधिक स्प्रे कराये। जिससे गन्ने की अच्छी पैदावार मिल सके। यह विशेष अनुरोध पारले कंपनी के एसोसिएट मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव राठी ने किसानो से किया।