: टप्पेबाज ले उड़े 7.50 लाख कैश, एटीएम में पैसा लगाने जा रहे थे कर्मचारी
Wed, Jul 12, 2023
बहराइच। शहर में संचालित एटीएम में बुधवार को पैसा डालने जा रहे प्राइवेट बैंक के कर्मियों से बुधवार को दिनदहाड़े 7.50 लाख रुपए की टप्पेबाजी की। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का सीओ के साथ अन्य टीम ने जायजा लिया है। श्रावस्ती जिले के पचदेवरी माफी गांव निवासी राम दयाल पुत्र जगदीश प्रसाद और गिलौला निवासी अनिल कुमार मिश्रा इंडिया वन बैंक के कर्मी हैं। बहराइच शहर में इस बैंक की सात एटीएम संचालित है। जिसमें दोनों प्रतिदिन पैसा लगाने का काम करते हैं। बुधवार को एटीएम में रुपए लगाने के लिए सभी ने 38 लाख रूपये अपने पास बैग में रखे। इसके बाद सभी बाइक से एटीएम के लिए रवाना हुए। कोतवाली नगर के चांदपुरा स्थित एटीएम में पैसा लगाने के बाद दोनों बाइक से दरगाह थाने के अग्रसेन चौक के पास दोपहर में दो बजे पहुंचे। तभी अज्ञात बाइक सवार आए। सभी ने क्षेत्र में लूट होने की बात कहते नकदी की जांच करने की बात की। इसके बाद बैग से 7.50 लाख रूपये की नकदी लेकर फरार हो गए। बीच शहर में दिनदहाड़े हुई वारदात से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी बैंककर्मियों ने पुलिस को दी। दरगाह थानाध्यक्ष हरेंद्र मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव सिसोदिया और स्वाट टीम के राज कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने घटना की जांच की। सीओ ने बताया कि अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। उन्होंने बताया कि जल्द ही टप्पेबाजी का खुलासा किया जायेगा।
: एसडीएम ने तटबंध एवं बाढ़ राहत चौकियों का किया निरीक्षण
Wed, Jul 12, 2023
कैसरगंज, बहराइच। तहसील कैसरगंज के अंतर्गत समस्त तटबंध एवं बाढ़ राहत चौकियों का उप जिलाधिकारी पंकज दीक्षित ने निरीक्षण किया। सभी बाढ़ राहत चौकियों पर अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। बाढ़ क्षेत्र के किसी को कोई भी दुस्वारियां नहीं होने दी जाएगी। लेखपाल, कानूनगो को सख्त हिदायत दी गई है कि वह अपने बाढ़ चौकियों पर मुस्तैद रहें। उप जिलाधिकारी के साथ नायब तहसीलदार पीपी गिरी सहित तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।
: दिवंगत शिक्षक के घर का किया स्थलीय सत्यापन
Tue, Jul 11, 2023
टीचर्स सेल्फ केयर टीम ने दिवंगत शिक्षक हृदयराम के घर का किया स्थलीय निरीक्षण
बहराइच। टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) के जिला संयोजक पंकज प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में सोमवार को पदाधिकारी शेखदहीर के सरस्वती नगर स्थित फखरपुर ब्लाक में तैनात रहे दिवंगत शिक्षक हृदयराम के आवास पर पहुंच स्थलीय सत्यापन किया। टीम ने दिवंगत शिक्षक की पत्नी गीता देवी, बेटे शैलेंद्र आर्य व शुभम से शोक संवेदना व्यक्त कर ढांढ़स बंधाया। टीम से मिलकर दिवंगत परिवार भावुक हो उठा। जिला संयोजक ने कहा कि शिक्षक व उसके परिवार के लिए उनकी टीम समर्पित है। सुख-दुख में साथ खड़ी रहती है। जिला प्रवक्ता डी..डी..पटेल ने बताया कि टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) उत्तर प्रदेश बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षकों की संस्था है। यह संस्था दिवंगत शिक्षकों के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करती है। संस्था अब तक 115 दिवंगत शिक्षकों के आश्रितों को 25 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर चुकी है। पूरी टीम ने इस माह से शुरू हो रहे सहयोग राशि एकत्रीकरण में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित कराने का संकल्प लिया। टीम ने दिवंगत शिक्षक के नामिनी के दस्तावेज लिए। टीम के प्रदेश अध्यक्ष विवेकानंद ने फोन पर दुखी परिवार से बात किया। बता दें कि गत 20 जनवरी को शिक्षक हृदयराम का निधन हो गया था। इस दौरान जिला सहसंयोजक सुभाष चंद्र वर्मा, ब्लाक सह संयोजक साकेत भूषण तिवारी, बाबूलाल मौर्य, अखिलेश मौर्य, अमित आर्य, अभिषेक मौर्य मौजूद रहे।