: डीएम ने किया पारले चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारम्भ
Thu, Nov 16, 2023
डोंगा में गन्ना डालकर पेराई सत्र का किया शुभारम्भ
मिल गेट पर पहुंची प्रथम बैलगाड़ी के बैलों की पूजा कर खिलाया गुड
बैलगाड़ी के साथ गन्ना लेकर आये कृषक को माला पहनाकर व अंगवस्त्र भेंट कर किया सम्मानित
बहराइच। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा व अन्य अधिकारियों, क्षेत्रीय गणमान्य व संभ्रान्तजनों तथा प्रगतिशील गन्ना कृषकों के साथ वैदिक मंत्रोचार के बीच पारले चीनी मिल, परसेण्डी के डोंगा में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारम्भ किया। पेराई सत्र के शुभारम्भ अवसर पर मिल गेट पर पहुंची प्रथम बैलगाड़ी के बैलों की पूजा कर गुड़ खिलाया गया तथा बैलगाड़ी के साथ गन्ना लेकर आये ग्राम मंझारा बघईया के कृषक छेदीलाल को माला पहनाकर अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डीएम व एसपी ने गन्ना किसानों और मिल प्रबन्धन को सफल पेराई सत्र के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर डीएम मोनिका रानी ने मिल के जिम्मेदारान से कहा कि प्रत्येक किसान से गन्ना खरीद कर समय से भुगतान कराया जाय। डीएम ने गन्ना कृषकों से अपील की कि वह अपना गन्ना किसी अन्य बिचौलियों को ना बेचें बल्कि मिल में लाकर अपनी उपज का वाजिब मूल्य प्राप्त करें। डीएम ने कहा कि पारले चीनी मिल की स्थापना से इस क्षेत्र के गन्ना किसानों को काफी लाभ हुआ है। उन्होंने मिल के जिम्मेदारान व गन्ना कृषकों से अपेक्षा की कि एक दूसरे के हित को दृष्टिगत रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। डीएम ने किसानों से अपील की कि खेतों में फसल अवशेष व पराली को जलाएं नहीं बल्कि बेहतर प्रबन्धन के सहारे इससे कम्पोस्ट खाद तैयार कर भूमि की उर्वरा शक्ति को बढ़ाएं। चीनी मिल के जीएम अनिल सखूजा ने बताया कि पेराई सत्र में मिल द्वारा 85 लाख कुण्टल पेराई का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि कृषकों को गेहूॅ की बुवाई में कोई असुविधा न हो, इसलिए इस वर्ष 18 दिवस पूर्व की पेराई सत्र का आगाज़ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मिल कृषकों की समस्याओं के समाधान के लिए दृढ़ संकल्पित है। किसानों को यदि कोई समस्या है तो वे मिल के जिम्मेदारान से सम्पर्क कर सकते हैं। श्री सखूजा ने किसानों से अपील की कि मिल को साफ-सुथरे गन्ने की आपूर्ति करें तथा शरद कालीन गन्ना बुवाई में अधिक से अधिक क्षेत्रफल में उन्नतशील गन्ना प्रजातियों की बुवाई कर चीनी मिल की सुविधाओं का लाभ उठाएं ताकि चीनी मिल को पेराई क्षमता के अनुरूप गन्ना की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। श्री सखूजा ने कहा कि पूर्व वर्षों की भांति गन्ना मूल्य का भुगतान समय से करना मिल की शीर्ष प्राथमिकता है। इस अवसर पर गन्नाधिकारी आनन्द शुक्ला, फैक्ट्री मैनेजर अनिल यादव, मुख्य तकनीकि प्रबन्धक बी.के. पाण्डेय, गन्ना प्रबन्धक जगतार सिंह, बहाजुद्दीन व संजीव राठी, प्रगतिशील कृषक बब्बन सिंह, राजन सिंह सहित अन्य गन्ना कृषक तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: गैर इरादतन हत्या का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
Wed, Nov 15, 2023
बहराइच। थाना फखरपुर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा द्वारा अपराध की रोकथाम व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाये गए अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह व सीओ कैसरगंज कमलेश कुमार सिंह के निर्देशन में थानाध्यक्ष फखरपुर अनुज त्रिपाठी द्वारा गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुअसं. 545/2023 धारा 323, 504, 506, 308 भादवि से सम्बन्धित वंाछित अभियुक्त विनोद पुत्र बच्चूलाल निवासी टेड़वा महंथ थाना फखरपुर को ग्राम टेड़वा महंथ से गिरफ्तार किया गया। विधिक कार्रवाई कर अभियुक्त को जेल रवाना किया ग या। गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक घरभरन यादव, उप निरीक्षक राम जियावन शामिल रहे।
: आमजन को सस्ती दर पर उपलब्ध कराये गए प्याज
Wed, Nov 15, 2023
लखनऊ से आयी गाड़ियों द्वारा ग्राहकों को 25 रूपये प्रति किलो की दर से बेचा गया प्याज
बहराइच। प्याज की आसमान छूती कीमतों को देखते हुए आमजन को सस्ता प्याज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को शहर में सस्ती दरों पर प्याज की बिक्री की गई। भारत सरकार के उपभोक्ता विभाग द्वारा बुधवार को शहर में लखनऊ से छह प्याज के लदे लोडर वाहन भेजे गए। इन पर तैनात कर्मचारियों द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गाड़िया लगाकर आम लोगों को 25 रूपये प्रति किलो की दर से प्याज की बिक्री की गई। प्रति ग्राहक को दो किलो के हिसाब से प्याज बेचा गया। शहर के कचेहरी रोड, घण्टाघर पार्क, दरगाह सहित अन्य क्षेत्रों में प्याज की बिक्री की गई। आम लोगों ने सस्ता प्याज बिकता देखकर प्याज की खरीददारी की। गौरतलब हो कि बीते कुछ दिनों से प्याज की कीमतों में अचानक बृद्धि हुई है। फुटकर बाजार में प्याज 60 से 70 रूपये प्रति किलो तक बिक रहा है। जिसके चलते आम लोगों की थाली से प्याज दूर होता दिख रहा है। पहले जहां लोग अधिक मात्रा में प्याज खरीदते थे वहीं अब कम मात्रा में खरीदकर अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति कर रहे है। सरकार द्वारा भी प्याज की बढती कीमतों को देखकर आम लोगों को 25 रूपये प्रति किलो की दर से प्याज मुहैया कराया जा रहा है। बीते दिनों जरवलरोड में भी सरकारी दरों पर लोगों को प्याज की बिक्री की गई थी।