: मतदाता पुनरीक्षण कार्य की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
Mon, Nov 20, 2023
बहराइच। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं का जायज़ा लेते हुए सभी मतदान केन्द्रों पर पेयजल, रैम्प, प्रकाश, शौचालय, मतदान केन्द्र की भौतिक स्थिति, पहुॅच मार्गों इत्यादि का भौतिक सत्यापन करें तथा जो कमियॉ पायी जायें उन्हें समय रहते दूर करा दें ताकि आसन्न लोकसभा चुनाव के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। डीएम ने एसडीएम को निर्देश दिया कि ई.पी. रेशियों व जेण्डर रेशियों को मानक के अनुसार लाये जाने हेतु अधिकाधिक युवाओं विशेषकर महिलाओं के प्रपत्र 6 को भरवाया जाय। डीएम द्वारा सभी उप जिलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान ऐसे मतदान केन्द्रों जहॉ की सूची का जेण्डर रेशियों मानक से कम है, विशेष प्रयास कर जेण्डर रेशियों को मेनेटेन करने की कार्यवाही की जाय। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों का अधिक से अधिक पंजीकरण कराये जाने का प्रयास किया जाय तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र न्यूनतम 20 से 30 हज़ार फार्म 06 भरवाये जाएं। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि न्यूनतम मतदान प्रतिशत वाले 20 मतदान केन्द्रों का चिन्हॉकन कर वहॉ पर कम मतदान होने के कारणों का पता लगा कर मतदान में आ रही बाधा को दूर किया जाय। डीएम ने निर्देश दिया कि डिलीशन के लिए प्राप्त होने वाले प्रपत्र 07 पर पूरी सावधानी के साथ के साथ कार्यवाही की जाय। डिलीशन की कार्यवाही करते समय आयोग द्वारा निर्धारित मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करायें। उप जिलाधिकारी स्वयं प्रपत्र 07 का अपने स्तर से परीक्षण करें। पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अधिक से अधिक लोगों का पंजीकरण हो सके इसके लिए डीएम ने व्यापक स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किये जाने के भी निर्देश दिये। बैठक के माध्यम से डीएम मोनिका रानी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि बूथ लेबिल एजेन्टों के माध्यम से पुनरीक्षण कार्य का व्यापक प्रचार-प्रसार करायें ताकि अधिक से अधिक अर्ह नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराया जा सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी सदर प्रिंस वर्मा, पयागपुर के दिनेश कुमार, महसी के राकेश कुमार मौर्य, कैसरगंज के पंकज दीक्षित, नानपारा के अजित पारेश, मोतीपुर के संजय कुमार, डिप्टी कलेक्टर पूजा चौधरी सहित अन्य अधिकारी, बीडीओ, बीईओ व बी.आर.सी. मौजूद रहे।
: शौच के लिए गया किशोर घाघरा नदी में डूबा
Mon, Nov 20, 2023
बहराइच। शौच के लिए गये किशोर का पैर फिसल जाने के चलते वह घाघरा नदी के गहरे पानी में डूब गया। फ्लड पीएसी व गोताखोरों द्वारा डूबे किशोर की तलाश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक उसका शव बरामद नहीं किया जा सका था। विकास सिंह पुत्र लल्लू सिंह उम्र करीब 16 वर्ष निवासी मुरौवा थाना बौडी जो अपने बुआ के लड़के सोनू सिंह के साथ अपने घर से साइकिल से लगभग 1 किलोमीटर दूर नदी के किनारे रविवार सायं शौच के लिए गया था। शौच के बाद वह जैसे ही नदी में उतर रहा था तभी उसका पैर फिसल जाने से वह घाघरा नदी के गहरे पानी में में डूब गया। जिसकी सूचना प्राप्त होने पर पीएसी की फ्लड कंपनी द्वारा तलाश की जा रही है। मौके पर क्षेत्राधिकारी महसी, थानाध्यक्ष बौंडी, बीट उप निरीक्षक राधेश्याम यादव, उप निरीक्षक गंगा यादव मय फोर्स के साथ मौके पर मौजूद है।
: वीरांगना लक्ष्मीबाई व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती मनाई गई
Sun, Nov 19, 2023
सेनानी उत्तराधिकारियों ने दोनों महान वीरांगनाओं को भावपूर्ण अर्पित की श्रद्धांजलि
बहराइच। सेनानी भवन सभागार में रविवार को वीरांगना लक्ष्मीबाई की 195वीं एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व.इन्दिरा गांधी की 106वीं जयंती मनाई गई। सेनानी उत्तराधिकारियों ने दोनों महान वीरांगनाओं को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन संरक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई का जन्म 19 नवंबर 1828 को वाराणसी में एक मराठी परिवार में हुआ था। उनका असली नाम मणिकर्णिका था। लोग बचपन में उन्हें प्यार से मनु पुकारते थे। पति की मृत्यु के पश्चात वह मराठा शासित झांसी राज्य की रानी बनी और 1857 की राज्य क्रांति की शहीद वीरांगना थी। उन्होंने 29 वर्ष की आयु में अंग्रेजी साम्राज्य की सेना से युद्ध किया और रणभूमि में वीरगति को प्राप्त हुईं। संगठन के प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि इन्दिरा गांधी जी का जन्म 19 नवंबर 1917 को हुआ। वह देश की चार बार प्रधानमंत्री रहीं। उनके नेतृत्व में 1971 के भारत पाकिस्तान युद्ध में पाकिस्तान के दो टुकड़े बांग्लादेश के रूप में हो गये। देश की एकता के लिए 1984 में उन्होंने प्रधानमंत्री रहते अपनी शहादत दी। 1971 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। वें अब तक की एक मात्र महिला प्रधानमंत्री रहीं हैं। समाजसेवी राम रूप मिश्र एडवोकेट ने कहा कि इन्दिरा गांधी जी ने स्वतंत्रता आन्दोलन में रानी लक्ष्मीबाई ब्रिगेड बनाई थी जिसके माध्यम से वह महिलाओं को स्वतंत्रता आन्दोलन से जोड़ने में सफल रही। कार्यक्रम में बाबूलाल वर्मा, अरूण वर्मा, पवन सिंह, राहुल चौधरी, पवन शर्मा, विनोद त्रिपाठी सहित तमाम राष्ट्र भक्त मौजूद थे।