: 18 लाख रूपये की स्मैक के साथ एक गिरफ्तार
Mon, Aug 5, 2024
बहराइच। थाना रूपईडीहा पुलिस व एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में एक स्मैक तस्कर को धर दबोचा। पकड़े गए स्मैक तस्कर के पास से 34ः30 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पकड़ी गई स्मैक की अर्न्तराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 18 लाख रूपये आंकी गई है। प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा शमशेर बहादुर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम उप निरीक्षक संतोष कुमार यादव व उप निरीक्षक विजय कुमार मय हमराह पुलिस बल व एसएसबी द्वारा रविवार को नेपाल बार्डर रेलवे लाइन सागौन बाग के पास से अभियुक्त मोहम्मद युनूस पुत्र रजा अली निवासी मुनीरगंज थाना रुपईडीहा उम्र 29 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से तलाशी के दौरान 34.30 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। जिसके सम्बन्ध में स्थानीय थाना पर मुअसं. 376/2024 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत किया गया। आवश्यक कार्यवाही करने के उपरांत अभियुक्त उपरोक्त को पेशी हेतु न्यायालय सदर रवाना किया गया। गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक संतोष कुमार, उप निरीक्षक विजय कुमार, का.निरूपम दूबे, का.जय चन्द्र गौंड, एसएसबी इंस्पेक्टर कुमार ऋतुराज, दिनेश कुमार, विश्वजीत कुमार, सुरेश कुमार मय डाग शामिल रहे।
: पिता के साथ सो रहे बालक को उठा ले गया भेडिया
Sun, Aug 4, 2024
दूसरे दिन क्षत विक्षत हालत में मिला शव
बहराइच। महसी क्षेत्र में एक भेडिये को वन विभाग द्वारा पकड़े जाने के बावजूद भी भेडिये का हमला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात्रि पिता के साथ सो रहे एक बच्चे को भेडिया उठा ले गया। रविवार उसका शव गांव से कुछ दूरी पर क्षत विक्षत हालत में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। घटना बहराइच वन प्रभाग अन्तर्गत सदर रेंज के थाना हरदी अन्तर्गत सिसईया चूडामणि गांव की है। जहां गांव निवासी सिद्धू अपने पुत्र किशन 07 वर्ष के साथ घर में सो रहे थे। तभी रात्रि में घर में घुसकर भेडिया बालक को जबडे में दबोच कर उठा ले गया। सुबह उसका शव क्षत विक्षत हालत में गांव से कुछ दूरी पर पाया गया। लगातार भेडिये के हमले को देखते हुए वन संरक्षक मनोज सोनकर अपने टीम के साथ रविवार गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली। भेडिये को जल्द पकड़ने के लिए वन विभाग को निर्देश दिया तथा ग्रामीणों को सचेत रहने की बात कही। वहीं वन क्षेत्राधिकारी का कहना है कि जिस घर बच्चे को भेडिया ले गया उस घर में दरवाजा ही नहीं लगा था। ग्रामीण अपने घरों में दरवाजे अवश्य लगवाये। गौरतलब हो कि बीते एक सप्ताह में भेडिए ने अब तक तीन बच्चों को हमला कर उन्हें मार डाला।
: छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
Sun, Aug 4, 2024
फखरपुर, बहराइच। स्कूल से लौट रही छात्रा के साथ चाकू दिखाकर गन्ने के खेत में ले जाकर जबरन दुष्कर्म करने वाले अभियुक्त को थाना फखरपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। युवक द्वारा बीते 3 अगस्त को स्कूल से लौट रही एक नाबालिग छात्रा के साथ गन्ने के खेत में ले जाकर बसन्तापुर मोड़ के निकट चाकू दिखाकर जबरन दुष्कर्म किया गया था। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी की मदद से प्रकाश में आए अभियुक्त कादिर पुत्र गुलजार निवासी खपुरवा थाना फखरपुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
हरदी पुलिस द्वारा चोर गिरफ्तार
बहराइच। हरदी पुलिस द्वारा चोरी के मुकदमें में वांछित एक चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पंखा, गैस भट्ठी बरामद किया गया है। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी शमशुद्दीन पुत्र ताहिर निवासी मैगला को गिरफ्तार किया गया।
मारपीट में घायल मासूम की इलाज के दौरान मौत
बहराइच। जमीनी रंजिश में घायल हुए मासूम की बीती रात्रि इलाज के दौरान मेडिकल कालेज में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। ज्ञातव्य हो कि बीते 18 जुलाई को थाना विशेश्वरगंज के मझवा बनकट में जमीनी रंजिश को लेकर मारपीट हुई थी। जिसमें निजाम की पत्नी व उसका एक माह का बेटा घायल हो गया था। जिसका इलाज चिकित्सालय में चल रहा था। शनिवार को इलाज के दौरान मासूम बेटे की मौत हो गई। थाना प्रभारी विशेश्वरगंज नवीन कुमार सिंह ने बताया कि घटना में पहले ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। बच्चे की मौत की धारा विववेचना में बढ़ा दी जायेगी।
पूर्व विधायक के पुत्र पर दबंगों का हमला, कार में की तोड़फोड़
बहराइच। सहयोगी के साथ कार से जा रहे पूर्व विधायक के बेटे के साथ बीती रात्रि कुछ दबंगों ने मारपीट की व उनके वाहन में तोडफोड कर दी। पूर्व विधायक के पुत्र द्वारा कोतवाली में तहरीर दी थी। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। ज्ञातव्य हो कि शहर के रायपुर राजा सिविल लाइन निवासी देवेन्द्र प्रताप सिंह पूर्व भाजपा विधायक जटाशंकर सिंह के पुत्र है। बीते देर सायं 6ः30 बजे के निकट अपने वाहन चालक के साथ त्रिमुहानी घाट से अपने घर आ रहे थे। तभी रास्तें में आधा दर्जन युवक जो कि नशे की हालत में धुत थे व सड़क पर चल रहे थे। पूर्व विधायक के चालक राकेश पटेल द्वारा गाड़ी का हार्न बजाने पर वह सभी भड़क गए और सभी ने उनके साथ मारपीट कर वाहन में तोड़फोड़ कर दी। अपने बचाव में पूर्व विधायक के पुत्र ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से हवाई फायर की। जिसके बाद दबंग मौके से हटे। पूर्व विधायक के पुत्र द्वारा दबंग युवकों के नाम तहरीर में दे रखे है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात बी.के.मिश्र ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जायेगा।
मिल में काम कर रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
पिता ने बेटे को जहर देकर हत्या का लगाया आरोप
बहराइच। मिल में काम कर रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में कर पीएम के लिए भेज दिया है। गौरतलब हो कि कोतवाली देहात अन्तर्गत शिवपुरा निवासी पुष्पेन्द्र सिंह शहर के मंगलम फ्लोर मिल में बीते कई वर्षों से काम करता था। रविवार सुबह दो बजे के निकट उनके पिता अमरजीत के मोबाइल पर फोन आया कि उनके बेटे की तबियत खराब है। जिसके बाद वह परिजनों के साथ मिल पहुंचे तो उनका बेटा बेहोशी की हालत में मिला। बेटे को लेकर वह शहर के मेडिकल कालेज पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुष्पेन्द्र के पिता अमरजीत की तहरीर पर दरगाह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि पीएम रिपोट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।