: डीएम मोनिका रानी ने बीएसए कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
Fri, Aug 2, 2024
जिला पुस्तकालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सीडीओ ने समाज कल्याण विभाग का किया निरीक्षण
बहराइच। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय एवं राजकीय जिला पुस्कालय में रूपये 01 करोड़ 03 लाख 68 हजार की लागत से संचालित अपग्रेडेशन कार्य तथा मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर ने जिला समाज कल्याण अधिकारी के कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यालय एवं भवन की साफ-सफाई का जायजा लिया। बीएसए कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीएम ने गन्दगी तथा निष्प्रयोज्य सामग्री बेतरतीब बिखरी हुई पाये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अग्रिम आदेशों तक समस्त पटल सहायकों का वेतन बाधित करने का निर्देश दिया। डीएम ने यहां पर इस बात की भी पड़ताल की कार्यालय में कोई विचौलियां तो सक्रिय नहीं है। संदिग्ध दिखने वाले लोगों से डीएम ने पूछ-ताछ भी की तथा संतुष्टि के लिए उनकी पहचान के अभिलेख भी देखे। इसके पश्चात डीएम ने राजकीय पुस्कालय के अपग्रेडेशन कार्य का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय पाया गया कि फाल सीलिंग का कार्य हो गया है वर्तमान में फर्श का कार्य चल रहा है। गेदघर परिसर में स्थित जिला समाज कल्याण अधिकारी के कार्यालय का मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर ने निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
: अधिकारियों की टीम के साथ डीएम ने महर्षि बालार्क चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण
Fri, Aug 2, 2024
बहराइच। कार्यालय में मिडिल मैन के दखल, साफ-सफाई, अभिलेखों का रख-रखाव इत्यादि का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मोनिका रानी ने पूरे दल बल के साथ महाराजा सुहेल स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के महर्षि बालार्क चिकित्सालय एवं एमसीएच विंग का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी मोनिका रानी व मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर ने एमसीएच विंग के सभी फ्लोर का औचक निरीक्षण कर पंजीकरण काउण्टर, ओपीडी, औषधि वितरण काउण्टर, टीकाकरण एवं अल्ट्रा साउण्ड कक्ष, पी.टी.सी.ओ.टी., प्रसव कक्ष, ए.एन.सी. ट्रेज एरिया, आपरेशन कक्ष सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों एव तीमारदारों को प्रदान की जा रही सेवाओं एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान डीएम व सीडीओ ने संदिग्ध दिखने वालों से सघन पूछताछ भी की तथा उनकी पहचान की भी पुष्टि की गयी। एमसीएच विंग में कुछ महिलाओं द्वारा बेड न मिलने की समस्या पर सम्बन्धित से पूछने पर बताया गया कि क्षमता से अधिक मरीज होने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस सम्बन्ध में डीएम द्वारा प्राचार्य डा. संजय खत्री को निर्देश दिये गये कि प्रत्येक फ्लोर पर एक-एक कक्ष को वेटिंग एरिया के रूप में डेवलप कर दिया जाय जिससे मरीजों विशेषरूप से गर्भवती महिलाओं व बच्चों को आसानी हो सके। डीएम मोनिका रानी के साथ गये अधिकारियों के दल में शामिल अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्वत ने पुरूष चिकित्सालय की ओपीडी, मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह ने इमरजेन्सी वार्ड, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर व प्रशिक्षु पीसीएस अंजनी यादव ने औषधि वितरण काउण्टर व पंजीकरण काउण्टर तथा जिला विकास अधिकारी राज कुमार द्वारा पैथालोजी का सघन निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस अवसर पर डीएम ने बताया कि औचक निरीक्षण का मकसद यही है कि यहां पर आने वाले मरीजों को शासन की मंशानुरूप चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो तथा सभी चिकित्सक व पैरा मेडिकल स्टाफ समय से चिकित्सालय में उपस्थित रह कर आने वाले मरीजों का इलाज करें।
: रिश्वत लेते रंगे हाथ धरे गए राजस्व निरीक्षक
Fri, Aug 2, 2024
मिहीपुरवा, बहराइच। आवास पर रंगे हाथ रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक को विजिलेंस टीम ने धर दबोचा। राजस्व निरीक्षक को विजेलेन्स टीम अपने साथ लेकर चली गई। इसके बाद तहसील में हड़कंप मच गया। मोतीपुर तहसील में शुक्रवार को राजस्व विभाग की मीटिंग समाप्त होने पर राजस्व निरीक्षक अशोक कुमार श्रीवास्तव के मोबाइल पर किसी का फोन आया। मीटिंग समाप्त होने के बाद राजस्व निरीक्षक अपने आवास के लिए गए। आवास पहुंचते ही वहां पर काम करवाने के लिए एक व्यक्ति द्वारा राजस्व निरीक्षक को 25 हजार रुपये घूस दिया। घूस लेते ही विजिलेंस की टीम ने राजस्व निरीक्षक को गिरफ्तार कर लिया। संबंधित थाना क्षेत्र में सूचना देने के बाद विजिलेंस टीम राजस्व निरीक्षक को अपने साथ लेकर चली गई है। इस मामले में तहसीलदार अंबिका चौधरी का कहना है कि राजस्व निरीक्षक मीटिंग के बाद घर गए इसके बाद क्या हुआ यह जानकारी नहीं है। हालांकि कोतवाली नानपारा में विजिलेंस टीम राजस्व निरीक्षक से पूछताछ कर रही है।