: शहीद नमन वन्दन यात्रा का हुआ समापन
Wed, Aug 14, 2024
सेनानी उत्तराधिकारी संगठन द्वारा प्रतिवर्ष निकाली जाती है यात्रा
बहराइच। अगस्त क्रांति के अवसर पर 08 अगस्त से शुरू हुई शहीद नमन वंदन यात्रा का समापन कचेहरी रोड स्थित शहीद उद्यान में हुआ। एक सप्ताह तक चलने वाली जिले के विभिन्न ब्लाकों का भ्रमण करते हुए यह यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंची। कार्यक्रम में विभिन्न ब्लाकों के प्रतिनिधियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और अपने पूर्वजों स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि दी। 08 अगस्त 1942 को कांग्रेस के बम्बई अधिवेशन में पूज्य बापू महात्मा गांधी ने देश की आजादी हेतु अंग्रेजी हुकूमत को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि ‘‘अंग्रेजों भारत छोड़ो‘‘ तथा सत्याग्रही स्वतंत्रता सेनानियों को उसी अधिवेशन में‘‘करो या मरो‘‘का मूल मंत्र भी दिया। इसी के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन द्वारा अगस्त क्रांति सप्ताह मनाया जाता है, और अपने पूर्वजों स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के सम्मान एवं उनके उत्तराधिकारियों के अस्तित्व की रक्षा हेतु ब्लाकों एवं नगर निकायों में स्थापित सेनानी शिला स्तम्भों पर नमन वंदन किया जाता है, जिसका समापन बुधवार को किया गया। इस अवसर पर संगठन संरक्षक एवं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष केडीसी अनिल त्रिपाठी, वरिष्ठ सेनानी उत्तराधिकारी भानुप्रताप द्विवेदी, जिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिषद बहराइच के मंत्री रमेश कुमार मिश्र, संगठन महामंत्री आदित्य भान सिंह, बाबूलाल वर्मा, कामरान सिद्दीकी, मुकेश श्रीवास्तव, राजू मिश्र, मुकुन्द शुक्ल, जकिया खातून, आशाराम उपाध्याय, अरूण कुमार वर्मा सहित तमाम सेनानी उत्तराधिकारी परिवार एवं देश भक्त मौजूद रहे।
: बैंक के बाहर खड़ी बाइक चोरों ने उड़ाई
Tue, Aug 13, 2024
बहराइच। जरूरी कार्यवश बैंक गए व्यक्ति की बाइक चोरों ने उड़ा दी। काफी खोजबीन के बाद जब बाइक नहीं मिली तो पीड़ित द्वारा कोतवाली देहात में तहरीर दी गई है। घटना थाना कोतवाली देहात अन्तर्गत पानी टंकी के निकट स्टेट बैंक के कृषि विकास शाखा का है। जहां थाना रामगांव अन्तर्गत जानीजोत निवासी संजय सिंह पुत्र शम्भू सिंह अपनी बाइक सुपर स्पलेण्डर काली रंग यूपी 40एपी 4534 मंगलवार दोपहर दो बजे के निकट बैंक के बाहर खड़ी कर अंदर चले गए। बाहर निकले तो बाइक नदारत मिली। तलाश के बावजूद जब बाइक नहीं मिली तो पुलिस द्वारा थाना कोतवाली देहात में बाइक चोरी की तहरीर दे दी गई है।
: जिलाधिकारी ने तहसील पयागपुर का किया निरीक्षण
Tue, Aug 13, 2024
विधायक पयागपुर के साथ फरियादियों से रूबरू हुई डीएम
राजस्व निरीक्षक व लेखपालों के साथ की बैठक
अधिवक्ता प्रतिनिधि मण्डल ने डीएम से की भेंट
बहराइच। विभिन्न न्यायालयों पर प्रचलित वादों के समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से तहसीलों के निरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत जिलाधिकारी मोनिका रानी ने तहसील पयागपुर पहुंचकर तहसील सभागार में पीठासीन अधिकारियों, राजस्व निरीक्षकों, लेखपालों व कोर्ट से सम्बन्धित अन्य कार्मिकों के साथ बैठक कर विभिन्न न्यायालयों पर प्रचलित वादों से सम्बन्धित पत्रावलियों का अवलोकन करते हुए वाद के दाखिला एवं नोटिस निर्गम की तिथि, तामिला की तिथि, राजस्व निरीक्षकों व लेखपाल की आख्या प्रस्तुत करने की तिथि इत्यादि का जायजा किया। डीएम ने पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिया कि तामिला कार्य का रिव्यू करते रहें ताकि वादों के निस्तारण में किसी प्रकार का विलम्ब न हो। डीएम ने निर्देश दिया कि ज्यादा से ज्यादा तामीला कराया जाय तथा धारा 116 व 34 से सम्बन्धित पत्रावलियों का निस्तारण निर्धारित समससीमा में किया जाय। कार्मिकों को निर्देश दिया कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि यह पाया जाता है कि किसी राजस्व अधिकारी व कर्मचारियों की शिथिलता के कारण वादों के निस्तारण में विलम्ब होता है तो सम्बन्धित की जिम्मेदारी तय करते हुए विभागीय कार्यवाही की जाय तथा प्रकरण को राजस्व परिषद के संज्ञान में भी लाया जायेगा। इस दौरान डीएम ने ने विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी के साथ मौजूद फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। तहसील निरीक्षण के लिए डीएम के साथ गए सीआरओ देवेन्द्र पाल सिंह व प्रशिक्षु पीसीएस अंजली यादव ने तहसील के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर अभिलेखों के रख-रखाव तथा साफ-सफाई का जायजा लिया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी पयागपुर दिनेश कुमार, तहसीलदार धमेन्द्र कुमार, नायब तहसीलदार सचिन श्रीवास्तव व हरिशंकर पटेल, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।