: जन सूचना के लिए जन जागरूकता जरूरीः राज्य सूचना आयुक्त
Sun, Aug 18, 2024
बहराइच। राज्य सूचना आयुक्त डा. दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि जन सूचना के लिए जन जागरूकता जरूरी है। इस कार्य में जन सूचना अधिकारी महत्वपूर्ण योगदान कर सकते है। आवेदनों पर उनकी त्वरित कार्रवाई से आमजन का जन सूचना के प्रति विश्वास बढ़ेगा। राज्य सूचना आयुक्त कलेक्ट्रेट में शनिवार को देर शाम जन सूचना अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अक्सर गरीब लोगों की समस्याओं की याथोचित सुनवाई नहीं हो पाती। लेकिन इनमें ऐसे लोग भी होते है, जिन्हें सूचना के अधिकार के संबंध में जानकारी नहीं होती। डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने उदाहरण देकर बताया कि कुछ समय पहले एक व्यक्ति ने अपनी समस्या के संबंध में प्रदेश के सूचना विभाग से जानकारी मांगी। जबकि इसके लिए उसको सूचना के अधिकार का प्रयोग करना चाहिए था। जन सूचना अधिकारी यदि गरीबों पीड़ितों को प्राथमिकता के आधार पर सूचना देंगे, तो इसका सकारात्मक संदेश समाज में जायेगा। इससे जन सूचना मांगने वाले जन सामान्य की संख्या बढ़ेगी। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने जनपद आगमन के लिए सूचना आयुक्त डॉ. अग्निहोत्री का आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि बैठक के माध्यम से जिले के जनसूचना अधिकारियों का जो ज्ञानार्जन हुआ है उससे जन सूचना अधिकार से सम्बन्धित प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों का निस्तारण करने में सहयोग प्राप्त होगा। डीएम ने जिले के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में आयुक्त के माध्यम से प्राप्त हुए दिशा निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित अवधि में आवेदन पत्रों का निस्तारण सुनिश्चित कराएं।
: परिजनों के साथ सो रही बालिका को उठा ले गया भेड़िया, सुबह मिला क्षत-विक्षत शव
Sun, Aug 18, 2024
बौंडी, बहराइच। परिवार के साथ सो रही एक बालिका को रात में भेड़िया उठा ले गया। परिजन उसकी तलाश करते रहे पर सुबह उसका शव गन्ने के खेत में पड़ा पाया गया। जिस पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हरदी थाना अंतर्गत पूरे हिंदूसिंहपुरवा गांव निवासी संध्या 05 वर्ष पुत्री प्रमोद कुमार शनिवार रात को परिवार के लोगों के साथ सो रही थी। पिता प्रमोद ने बताया कि रात 11 बजे वह लघुशंका के लिए उठे तो बेटी को गायब देखा। इस पर खोजबीन शुरू हुई। सभी बालिका की तलाश कर रहे थे। रविवार सुबह गांव निवासी परमानंद के गन्ने के खेत में बालिका का क्षत विक्षत शव मिला। इस पर परिवार के लोग रोने लगे। सूचना पाकर वन विभाग के अमित शुक्ला और डायल 112 की पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद शाकिब ने बताया कि भेड़िया के हमले में बालिका की मौत हुई है। पीड़ित परिवार को अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रूपये आर्थिक सहायता राशि दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पांच लाख की राशि दी जाएगी।
: दबंग ने किया पुजारी पर लोहे की राड से हमला, मौत
Sun, Aug 18, 2024
बहराइच। मंदिर में सो रहे पुजारी को रात में एक दबंग ने लोहे की राड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के लिए उसे मेडिकल कालेज लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने लखनऊ रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। पुजारी की पत्नी ने नामजद तहरीर दी है। गौरतलब हो कि रानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोबरहा पंडितपुरवा निवासी तेजराम 45 पुत्र देवता प्रसाद थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत एलिहा के मजरा ढेलहा में स्थित समय माता मंदिर में पुजारी थे। पत्नी रामावती ने थाने में तहरीर देकर कहा कि पति तेजराम लगभग 20-25 वर्ष से मंदिर के पुजारी का काम करते थे। वह मंदिर में ही रहते थे। शनिवार रात 10 बजे के आसपास सोते समय राम चंदर चौहान निवासी हर्राजपुर ने लोहे के राड से सर पर हमला कर दिया। जिस पर वह चोट लगने से चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर सभी दौड़े। घायल पुजारी को सीएचसी से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन हालत में सुधार न होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रात 12 बजे के आसपास रास्ते में पुजारी की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर रविवार सुबह काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। प्रभारी थानाध्यक्ष राजमन यादव ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है। पुजारी की पत्नी रामवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि तीन से चार दिन पहले उनके पति और आरोपी के बीच विवाद के चलते उसने हमला किया है।