सभासदों ने धरना देकर लगाया जाम, आश्वासन के बाद हुआ समाप्त : गैस पाइप लाइन की खुदाई से सात वार्डों में जलापूर्ति ठप
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Nov 4, 2026
बहराइच। नगर पालिका परिषद के खिलाफ सभासदों ने मोर्चा खोल दिया है। अधिशासी अधिकारी प्रमिता सिंह के खिलाफ सभासदों में भारी नाराजगी है। शहर में गैस पाइप लाइन बिछाने के दौरान बार-बार हो रहे पानी के लीकेज से सात वार्डों में पिछले एक सप्ताह से जलापूर्ति प्रभावित है। चांदपुरा चौराहे पर पिछले 5 दिनों से लगातार वाटर लीकेज हो रहा है। सड़क पर हजारों लीटर पानी बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वाटर लीकेज से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़क पर पानी भरने से आने-जाने वाले लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हजारों लीटर शुद्ध पेयजल सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। नाराज सभासदों ने बुधवार को चांदपुरा चौराहे पर धरना देकर जाम लगा दिया। सभासदों ने त्योहारों तक खुदाई का काम रोकने की मांग की। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी नगर पालिका प्रशासन ने लीकेज को ठीक नहीं कराया। सभासदों का कहना है कि पहले लीकेज ठीक कराया जाए, उसके बाद ही खुदाई का काम शुरू किया जाए। सूचना पर पहुंचे नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम करण टेकड़ीवाल और अधिशासी अधिकारी ने सभासदों से वार्ता की। लीकेज ठीक कराने और संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने का आश्वासन मिलने के बाद करीब 30 मिनट में प्रदर्शन समाप्त हो गया। सभासदों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही समस्या का स्थाई समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन