04 नवम्बर तक जनपद के 1600 किसानों द्वारा धान बिक्री का कराया पंजीकरण : धान खरीद पंजीकरण में किसानों को बड़ी राहत, अब स्वयं चुन सकेंगे बोई गई फसल का विकल्प
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Nov 4, 2026
बहराइच। शासन द्वारा धान खरीद के लिए किसान पंजीकरण प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब खेत में बोई गई फसल का विवरण ऑनलाइन उपलब्ध न होने अथवा उसमें किसी प्रकार की त्रुटि होने पर भी पंजीकरण के अभाव में किसानों का धान बिक्री के लिए नहीं रुकेगा। नवीन व्यवसथा के तहत किसान स्वयं अपनी बोई गई फसल का विकल्प चुनकर पंजीकरण करा सकेंगे। जिला खाद्य विपणन अधिकारी रूपेश कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व में ऑनलाइन फसल सर्वे के विवरण में गड़बड़ी अथवा जानकारी उपलब्ध न होने के कारण किसानों को पंजीकरण कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। शासन द्वारा इस समस्या के समाधान के लिए नियमों में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत जिन किसानों की फार्मर आईडी बन चुकी है, उनकी आईडी में दर्ज सभी जमीनों का उपयोग धान बिक्री के पंजीकरण में किया जा सकेगा। यदि किसी खेत में बोई गई फसल का विवरण ऑनलाइन उपलब्ध नहीं है तो किसान स्वयं फसल का नाम चुन सकेंगे। इसके लिए धान, मक्का, ज्वार, बाजरा सहित अन्य फसलों के विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे। जनपद में 04 नवम्बर तक कुल 1600 किसानों द्वारा धान बिक्री का पंजीकरण कराया गया है।
बीईओ के कार्य क्षेत्र में बदलाव
जरवलरोड, बहराइच। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए जरवल विकास खंड के खंड शिक्षा अधिकारी अरविन्द बहादुर सिंह का स्थानांतरण कर उनकी जगह रिसिया के खंड शिक्षा अधिकारी पुष्पेन्द्र कुमार जैन को जरवल की जिम्मेदारी सौंपी है। जबकि अरविन्द बहादुर सिंह को रिसिया भेजा गया है। बीएसए ने दोनों अधिकारियों को बिना प्रतिस्थानी की प्रतीक्षा किए तत्काल प्रभाव से नए कार्यक्षेत्र में कार्यभार ग्रहण कर उसकी आख्या कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन