बंदी हुए शिक्षित तो मिला प्रमाण पत्र : आगामी कार्य योजना को लेकर विस्तृत चर्चा की
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Nov 4, 2026
बहराइच। जिला कारागार में शिव नादर फाउंडेशन द्वारा संचालित शिक्षा फार एडलट जेल प्रोग्राम के अंतर्गत मंगलवार को साक्षरता प्रमाण-पत्र वितरण एवं नए शिक्षार्थियों के बैच गठन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जेल प्रशासन के नवागत अधिकारियों के साथ साक्षरता कार्यक्रम की प्रगति, उद्देश्यों एवं आगामी कार्य योजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसके उपरांत कार्यक्रम के दूसरे बैच का शिक्षण चक्र सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले बंदियों को साक्षरता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही शिक्षा की इस पहल को निरंतर आगे बढ़ाने के उद्देश्य से नए शिक्षार्थियों के बैच का भी गठन किया गया। जेल प्रशासन के अधिकारियों ने शिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ उसे आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जेल प्रशासन ने बंदियों के शैक्षिक विकास के लिए संचालित इस पहल की सराहना करते हुए शिव नादर फाउंडेशन के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अधीक्षक राजीव सिंह, जेलर अजय कुमार झा, जेल अध्यापक राजेश कुमार एवं शिव नादर फाउंडेशन की शिक्षा टीम से दिव्यांश बाजपेयी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन