42 वर्षीय जयराम की जान लेने वाली मादा तेंदुआ पिंजरे में कैद : ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Nov 27, 2026
बिछिया, बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग की सुजौली रेंज में दो दिन पूर्व ग्रामीण की जान लेने वाली मादा तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गई है, जिसके बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। घटना शुक्रवार सुबह की है। रेंज अंतर्गत औरीपुरवा चफरिया निवासी जयराम उम्र 42 वर्ष नहर की पटरी के पास अपनी कुटिया बनाकर रहते थे। तभी अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। हमले के बाद तेंदुआ उनके शव को घसीटकर पास के गन्ने के खेत में ले गया था। बाद में ग्रामीणों ने उनका शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया था। घटना के बाद वन क्षेत्राधिकारी नीरज श्रीवास्तव के नेतृत्व में वन दरोगा अनिल पटेल की टीम ने मौके पर पिंजरा लगाया था। शुक्रवार सुबह लगभग 5 बजकर 15 मिनट पर जयराम को मौत के घाट उतारने वाली मादा तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गई। वन क्षेत्राधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़ा गया तेंदुआ मादा है। डॉक्टरों की टीम मौके पर आ रही है, स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसकी उम्र का आकलन किया जाएगा। तेंदुए को कहां छोड़ा जाएगा, इसका निर्णय उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद लिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन