निजी क्षेत्र की 19 कम्पनियों द्वारा चयनित किये गये 310 अभ्यर्थी : रोज़गार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को वितरित किये जॉब ऑफर लेटर
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Nov 27, 2026
बहराइच। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन रोज़गार अभियान अन्तर्गत युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा विधानसभा क्षेत्र कैसरगंज अन्तर्गत विकास खण्ड परिसर कैसरगंज में आयोजित विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 19 कम्पनियों द्वारा प्रतिभाग करने वाले 485 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार कर द्वितीय चरण हेतु 310 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया। रोज़गार मेले में उपस्थित ब्लाक प्रमुख कैसरगंज संदीप सिंह, ब्लाक प्रमुख मिहींपुरवा सौरभ वर्मा, विधानसभा संयोजक गौरव वर्मा, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि बलहा कृपा राम वर्मा, मीडिया प्रभारी अमित वर्मा व कौशलेन्द्र चौधरी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर रोज़गार मेले का शुभारम्भ किया। जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार द्वारा मंचासीन अतिथियांे को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी व प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ जी युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा कृषकों एवं युवाओं की बेहतरी के लिए अनेकों योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आज देश व प्रदेश के युवाओं को पूरी पारदर्शिता व योग्यता के अनुसार नौकरियों में अवसर मिल रहा है साथ ही स्वरोज़गार से युवाओं को सबल बनाने हेतु अनेकों योजनाएं संचालित की जा रही है ताकि युवा स्वयं के साथ-साथ दूसरे लोगों को भी रोज़गार से जोड़कर देश के आर्थिक विकास में अपना योगदान दे सकें। रोज़गार मेले के दौरान अतिथियों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को जॉब आफर लेटर का वितरण करते हुए उपस्थित सभी युवक-युवतियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने सेवायोजन पोर्टल एवं रोज़गार संगम पोर्टल की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कुल 19 कम्पनियों द्वारा प्रतिभाग करते हुए 485 प्रतिभागियों का साक्षात्कार के माध्यम से 310 अभ्यर्थियों का द्वितीय चरण के लिए चयन किया गया है। इस अवसर पर लीड बैंक द्वारा प्रदर्शनी स्टाल लगाकर मौजूद लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गयी तथा पंजीकरण किया गया। कार्यक्रम के अन्त मे जिला सेवायोजन अधिकारी ने आये हुए अतिथियों का आभार ज्ञापित किया। इस अवसर पर गणमान्य व संभ्रान्तजन तथा बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एवं उनके परिजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अमित पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर बीडीओ कैसरगंज सुरेश प्रसाद गौतम सहित विभिन्न विद्यालयों से आए हुए छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन