मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन सख्त : सभासदों के साथ एसडीएम ने की बैठक
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Nov 27, 2026
अधिक से अधिक युवाओं और छूटे हुए मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाने के दिए निर्देश
नगर पालिका क्षेत्र में शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर
बहराइच। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं समृद्ध करने के उद्देश्य से वृहस्पतिवार को प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन तहसील बहराइच सभागार में किया गया। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार तथा उप जिलाधिकारी सदर मोनालिसा जौहरी ने नगर पालिका परिषद बहराइच के सभासदों के साथ पुनरीक्षण के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। बैठक के दौरान अधिकारियों ने सभासदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों में सक्रिय भूमिका निभाएं और विशेष अभियान के तहत अधिक से अधिक संख्या में ’फॉर्म-6’ भरवाकर जमा कराएं। नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए युवाओं और किसी कारणवश मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए नागरिकों को चिह्नित कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। एसडीएम सदर मोनालिसा जौहरी ने बूथ लेवल ऑफिसर्स और सभासदों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ही घर-घर तक पहुंचकर शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ा जा सकता है। बैठक में उपस्थित सभी सभासदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक फॉर्म-6 जमा कराने में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन