अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में मारी ठोकर, सात गंभीर रूप से घायल : टक्कर इतनी भयानक थी कि ई रिक्शा के परखच्चे उड़ गए।
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Nov 19, 2026
जरवलरोड, बहराइच। जरवलरोड थाना क्षेत्र में लखनऊ-बहराइच हाईवे पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ई-रिक्शा चालक, उसकी पत्नी व बड़ी बहन समेत सात लोग गंभीर रूप घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद पहुंचाया। जहां से सभी की हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। गुरुवार को दोपहर करीब सवा तीन बजे ई-रिक्शा संख्या यूपी 32 यूएन 0184 जरवलरोड से धनराजपुर की ओर जा रहा था। तभी लखनऊ-बहराइच हाईवे पर जरवलरोड थाना क्षेत्र के रिठोड़ा ओवरब्रिज के निकट तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में टक्कर मार कर फरार हो गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि ई रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। हादसे में जरवलरोड थाना क्षेत्र के धनराजपुर निवासी ई रिक्शा चालक 42 वर्षीय रामनिवास पुत्र जोखनलाल, उनकी पत्नी 35 वर्षीय शांति देवी, उनकी बड़ी बहन 52 वर्षीय मिनती पत्नी मोहनलाल निवासी आदमपुर के अलावा 45 वर्षीय रामनरेश पुत्र गुरुवचन, 60 वर्षीय रामनाथ पुत्र बच्चऊ निवासीगण धनराजपुर थाना जरवलरोड, 25 वर्षीय सुनीता वर्मा पत्नी प्रदीप वर्मा निवासी मोहम्मदपुर खुर्द थाना जरवलरोड और 30 वर्षीय मीरा देवी पत्नी गोपी निवासी मतरेपुर थाना कैसरगंज गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही जरवलरोड पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहगीरों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी मुस्तफाबाद में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद सभी को ट्रामा सेंटर मेडिकल कॉलेज रेफर किया। रिक्शा चालक राम निवास की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। जरवलरोड थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा हैं। अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक की दर्दनाक मौत
गायत्री मंदिर रुदायन के पास हुआ हादसा
सीएचसी मुस्तफाबाद में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
जरवलरोड, बहराइच। थाना क्षेत्र में गायत्री मंदिर रुदायन के पास सोनालिका ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक की उसके नीचे दबकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कुरसंडा निवासी देशराज (32) पुत्र शत्रुघ्न वर्मा सोनालिका ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान गायत्री मंदिर रुदायन के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटने से चालक देशराज उसके नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद पहुंचाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद देशराज को मृत घोषित कर दिया। हादसे में युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज 22 को
बहराइच। शासन के निर्देशों के क्रम में आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखना तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जनपद में 22 नवम्बर को आयोजित होने वाले सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज को सफलतापूर्वक संचालित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में 20 नवम्बर को कलेक्ट्रेट सभागार में सांय 05ः30 बजे से बैठक का आयोजन किया गया है। यह जानकारी अपर जिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी नागरिक सुरक्षा अरुण कुमार ने दी।
विज्ञापन
विज्ञापन