डोंट मिस ए बीट की थीम पर मनाया गया विश्व हृदय दिवस : गोष्ठी, स्क्रीनिंग कैम्प के आयोजन के साथ संचालित हुआ हस्ताक्षर अभियान
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Sep 29, 2026
बहराइच। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय कार्यक्रम एनपी एनसीडी के तहत विश्व हृदय दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय सहित जिला चिकित्सालय एवं जनपद की समस्त स्वास्थ्य इकाइयों पर स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य शिविर, हस्ताक्षर अभियान, जन जागरूकता कार्यक्रम के साथ मनाया गया। इस वर्ष विश्व हृदय दिवस ‘डोंट मिस ए बीट’ की थीम पर मनाया गया। सीएमओ कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने हस्ताक्षर अभियान से करते हुये कहा कि बिगड़ी दिनचर्या, तनाव, गलत खानपान, प्रदूषण और अन्य कारणों के चलते दिल से जुड़ी बीमारियां बढ़ रही हैं। छोटी उम्र से लेकर बुजुर्गों तक में यह समस्या आम होती जा रही है। दिल को दुरुस्त रखने के लिए सही खानपान और तनाव मुक्त ज़िन्दगी सबसे जरूरी है। एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. संदीप मिश्रा ने कहा कि दिल का ध्यान रखना बेहद ज़रूरी है। डॉ पारितोष तिवारी का कहना है कि इलाज से बेहतर बचाव है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस के वर्मा ने उपस्थित लोगों को बताया कि हृदय रोग पूरे विश्व में एक गंभीर बीमारी है। उचित दिनचर्या और नियमित जांच कराने से हृदय रोगों से बचा जा सकता है। हमें बॉडी मास इंडेक्स को 18.5 से 24.9 के बीच में रखना है। जिला स्वास्थ्य शिक्षा सूचना अधिकारी बृजेश सिंह ने हृदय रोगों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तनाव दिल का सबसे बड़ा दुश्मन है। इस अवसर पर जिला एनसीडी क्लीनिक में स्क्रीनिंग कैम्प का आयोजन कर उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी अन्य बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन