एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए बहराइच के 13 खिलाड़ियों का हुआ चयन : चयनित खिलाड़ी हैदराबाद में दिखाएंगे दम
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Oct 11, 2026
बहराइच। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय चयन ट्रायल के बाद राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए 13 होनहार एथलीटों का चयन कर लिया गया है। चयनित खिलाड़ी हैदराबाद में आयोजित होने वाली 20वीं राष्ट्रीय अंतर-जिला जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता निडजैम में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह एवं सचिव अटल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इंदिरा गांधी स्टेडियम में अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग (बालक व बालिका) का चयन ट्रायल आयोजित किया गया था। इस दौरान खिलाड़ियों की जन्मतिथि प्रमाण पत्र और एएफआई आईडी की गहन जांच के बाद तकनीकी मानकों के आधार पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों की अंतिम सूची तैयार की गई। जिसमे अंडर 14 में राजा, अभिषेक, नैतिक, शुभम, हर्षित, श्यामजी और गर्ल्स में सानिया का चयन हुआ। वही अंडर 16 में रघुवीर, बॉबी, सौरभ, पंकज, शिवम, अर्नव व गर्ल्स में कंचन सिंह का चयन हुआ है। यह चयनित दल 14 से 16 नवंबर को वोक्सन विश्वविद्यालय हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बहराइच की ओर से पदक के लिए ताल ठोकेगा। चयन ट्रायल के दौरान एथेलेटिक्स कोच ओंकार नाथ यादव, विशाल कुमार, सतेंद्र यादव, गौरव मिश्र, राजा सिंह सहित सैकड़ों खिलाड़ी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन