कटका घाट पर नदी से कलश में जल भरने के दौरान डूबा युवक, मौत : गोताखोरों की मदद से मिला युवक का शव
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Oct 11, 2026
बहराइच। दुर्गा पूजा के लिए निकाली गई कलश यात्रा के दौरान रविवार दोपहर 12 बजे एक युवक नदी में कलश भरने के दौरान डूब गया। घटना हुजूरपुर थाना क्षेत्र के कटका घाट पर हुई। करीब तीन घण्टे की तलाश के बाद दोपहर 3 बजे युवक का शव बरामद किया गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। कैसरगंज थाना क्षेत्र के विजयपुर निवासी 18 वर्षीय मनोज शर्मा पुत्र मन्नालाल शर्मा रविवार को दुर्गा पूजा के उपलक्ष्य में आयोजित कलश यात्रा में शामिल हुआ था। यात्रा के दौरान वह कटका घाट पर नदी से कलश में जल भरने लगा। इसी दौरान वह नदी में डूब गया। युवक के डूबने के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई। लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। युवक की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई। काफी प्रयास के बाद दोपहर 3 बजे युवक का शव नदी से बरामद किया गया। घटना की सूचना पर हुजूरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। युवक मनोज की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। युवक की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। दुर्गा पूजा के धार्मिक आयोजन के दौरान हुए हादसे से विजयपुर गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है।
विज्ञापन
विज्ञापन