शोभायात्रा से होगा श्रीराम की लीलाओं का श्रीगणेश : 11 अक्टूबर से गूंजेगा रामलीला का जयघोष
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Sep 30, 2026
बहराइच। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन लीलाओं, आदर्शों और संस्कारों से बहराइच नगरी एक बार फिर भक्तिरस में सराबोर होने जा रही है। शहर में रामलीला महोत्सव की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। 11 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक चलने वाले रामलीला महोत्सव का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। इस दौरान मथुरा-वृंदावन के कलाकार प्रभु श्रीराम के जीवन प्रसंगों को जीवंत मंचन के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। श्री मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामलीला कमेटी की आवश्यक बैठक छावनी बाजार स्थित थोक कपड़ा कमेटी अतिथि भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता कमेटी अध्यक्ष श्याम करण टेकड़ीवाल ने की। बैठक में रामलीला महोत्सव को भव्य, दिव्य और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई और पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अध्यक्ष श्याम करण टेकड़ीवाल ने बताया कि 11 अक्टूबर को छावनी स्थित पंचायती मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शोभायात्रा के साथ ही शहर में रामलीला महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ होगा। इसके बाद बशीरगंज स्थित रामलीला मैदान में मथुरा-वृंदावन के कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा। बैठक में संतोष अग्रवाल, कमल शेखर गुप्ता, जय जय अग्रवाल, मीडिया प्रभारी सचिन श्रीवास्तव, दीपक सोनी, राहुल रॉय, अंशुमान यज्ञसैनी, राकेश चंद्र श्रीवास्तव, हेमा निगम, एकता जायसवाल, रचना गुप्ता सहित सैकड़ों रामभक्त मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन