वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत कांग्रेसियों की दिल्ली कूच की तैयारी : जनपद से 600 कार्यकर्ताओं को ले जाने का लक्ष्य
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Oct 28, 2026
बहराइच। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में “वोट बचाओ-देश बचाओ” राष्ट्रव्यापी अभियान को लेकर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि अमरप्रीत सिंह लाली जी एआईसीसी पर्यवेक्षक की उपस्थिति में दिल्ली में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने, विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से लोगों को जोड़कर अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाएं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में बहराइच से कम से कम 600 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं की संख्या सुनिश्चित करने, आपसी समन्वय बनाने और दिल्ली कूच की तैयारियों को समय से पूरा करने पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा तथा चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है। इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन