डॉक्टरों ने एक ही छत के नीचे किया हजारों मरीजों का उपचार : 32 स्टॉलों पर हुआ स्वास्थ्य परीक्षण और दवाओं का वितरण
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Nov 24, 2026
बहराइच। सीमावर्ती और सुदूर वनवासी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 के तहत श्री मरी माता मंदिर परिसर में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें केजीएमयू, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान समेत देश के 58 मेडिकल कॉलेजों के वरिष्ठ चिकित्सकों और चिकित्सा विद्यार्थियों ने सहभागिता कर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। 11 प्रदेशों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों को परामर्श देने के साथ निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया। शिविर के समापन समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल ने कहा कि गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा का उद्देश्य उन सुदूर वनवासी और सीमावर्ती क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जहां लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। इस यात्रा के माध्यम से विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के वरिष्ठ चिकित्सक गांवों और दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचकर मरीजों का उपचार करने के साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी करते हैं। उन्होंने कहा कि इस पुनीत अभियान में 11 प्रदेशों के मेडिकल कॉलेजों के चिकित्सक और चिकित्सा विद्यार्थी सेवा भाव से सहभागिता कर रहे हैं। मुख्य वक्ता स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने स्वास्थ्य सेवा यात्रा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी शिविर में मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए कुल 32 स्टॉल बनाए गए थे। इनमें जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नाक-कान-गला, दंत रोग और आयुष समेत विभिन्न चिकित्सा विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। जरूरत के अनुसार उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं। एक ही परिसर में विभिन्न विशेषज्ञताओं के चिकित्सकों की मौजूदगी से बड़ी संख्या में लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन