प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा : शरदऋतु के दृष्टिगत संरक्षित गोवंशों के लिए किये जायें उचित प्रबन्ध
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Nov 24, 2026
बहराइच। राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग/प्रभारी मंत्री जनपद बहराइच दिनेश प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण करने तथा गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित करने, जर्जर तारों एवं दोषपूर्ण ट्रांसफार्मर को निर्धारित अवधि में बदलने तथा आमजन के फोन अटैण्ड करने के निर्देश दिये। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया गया कि सड़कों एवं पुलों के निर्माणाधीन कार्यों को समय से पूरा कराएं। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि पूर्ण हुई परियोजनाआंें का जनप्रतिनिधियों से लोकार्पण कराकर जनोपयोग में लाया जाय तथा नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी जनप्रतिनिधियों से कराया जाय। निराश्रित गोवंश का संरक्षण एवं भरण पोषण सरकार की शीर्ष प्राथमिकता को दृष्टिगत रखते हुए प्रभारी मंत्री ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि गोवंशों को ठड से बचाव के लिये उन्हें पर्याप्त मात्रा में पौष्टिक आहार जिसमें प्रचुर मात्रा में कार्बाेहाइड्रेट उपलब्ध कराया जाय साथ ही पीने के लिए स्वच्छ ताजे जल का प्रबन्ध किया जाय। बैठक में प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य, उद्यान, आवासीय योजनाओं, विभिन्न प्रकार की पेंशन एवं छात्रवृत्ति सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, डीएफओ बहराइच सुन्दरेशा, कतर्नियाघाट के अपूर्व दीक्षित, एडीएम अरूण कुमार, सीआरओ सौरभ दुबे, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, सीएमओ डॉ संजय कुमार, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ संजय खत्री, डीडीओ राज कपूर सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन