मतदेय स्थलों के सम्भाजन प्रस्ताव पर बनी राजनीतिक दलों की सहमति : मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन एवं पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया पूरी
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Oct 26, 2026
बहराइच। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद की सातों विधान सभा सीटों के सापेक्ष मतदेय स्थलों के प्राप्त सभी दावे एवं आपत्तियों के परिप्रेक्ष्य में मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक सम्पन्न हुई। उक्त बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण तथा नए मतदेय स्थल स्थापित किए जाने के संबंध में तैयार सूची के बारे में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार द्वारा विस्तार से अवगत कराया गया। विस्तृत विचार विमर्श के दौरान उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा उक्त प्रस्तावित सूची पर कोई आपत्ति नहीं जताई गयी। जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि मतदेय स्थलों के सम्भाजन का प्रस्ताव निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार 27 अक्टूबर को अनुमोदन हेतु भारत निर्वाचन आयोग को प्रेषित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पाण्डेय ने निर्वाचन संबंधी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन