विद्युत तार चोरों की पुलिस से हुई मुठभेड़, पांच गिरफ्तार : पुलिस के जवाबी फायरिंग में एक शातिर चोर के पैर में लगी गोली
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Aug 8, 2026
विद्युत तार, तमंचा-कारतूस, कार व तार काटने के कई औजार बरामद
बहराइच। देर रात क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम व थाना नानपारा पुलिस की विद्युत तार चोरो के शातिर अपराधियों के साथ मुठभेड़ हुईं। जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी। विद्युत तार चोरी गिरोह के कुल पांच शातिर अपराधियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। 10 बण्डल विद्युत तार बरामद किया गया। विद्युत तार चोरी की सूचना अवर अभियन्ता सुभाष पवार द्वारा दी गई। जिसके संबंध में थाना नानपारा पर मुकदमा दर्ज किया गया था। बीती रात्रि प्रभारी निरीक्षक नानपारा व एसओजी की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बिजली तार चोरों का गैंग चोरी के माल को ठिकाने लगाने और अन्य घटना कारित के प्रयास में हाड़ा बसेड़ी के पास सरयू नहर की पटरी पर इकट्ठा है। इस सूचना पर थाना नानपारा की पुलिस टीम व एसओजी टीम द्वारा सरयू नहर पटरी पर पहुंच कर घेरा बंदी की गयी। अपने आप को पुलिस टीम से घिरता देख अपराधियों ने जानलेवा हमले की नियति से पुलिस पार्टी फायर कर दिया। आत्मरक्षार्थ में पुलिस टीम द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक अपराधी के पैर में गोली लग गई। पुलिस टीम द्वारा घायल अपराधी के अतिरिक्त उसके चार साथियों को भी घेर कर गिरफ्तार कर लिया गया। अपराधियों का एक साथी मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है। घायल अपराधी की पहचान कदीर पुत्र शफीक निवासी सिद्धवाह थाना माती जनपद बाराबंकी के रूप में हुई। प्राथमिक जानकारी में अभियुक्त कदीर के विरुद्ध हत्या सहित कई अन्य अपराधों का पूर्व में पंजीकृत होना पाया गया। घायल अभियुक्त को इलाज हेतु जिला अस्पताल भेजा गया तथा शेष 04 अपराधियों कृष्णा कुमार, कुलदीप गुप्ता, हरेन्द्र गुप्ता, उदयराज चौहान निवासीगण खारोह थाना रेउसा जनपद सीतापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अपराधियों के पास से 10 बण्डल विद्युत तार, 01 देशी तमंचा 09 एमएम, 01 जिंदा कारतूस एवं 01 खोखा कारतूस 09 एमएम व 01 कार और चोरी से काटे गए बिजली के तारों के कई बंडल और तार काटने के कई औजार बरामद हुए है। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक व अधिकारीगण द्वारा फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।
विज्ञापन
विज्ञापन