: राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने शुरू किया सांसद सम्पर्क अभियान
Thu, Aug 3, 2023
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर समेत कई सांसदों से मिले राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ अवध क्षेत्र की टोली
बहराइच। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं महासंघ के प्रदेश महामंत्री भगवती सिंह के अनुसार अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के निर्देश पर संपर्क कार्यक्रम के तहत देश के सभी राज्यों के महासंघ के पदाधिकारी देश के सांसदों से दिल्ली में उनके आवास पर मुलाकात कर महासंघ की उपलब्धियों, महासंघ द्वारा किए जा रहे कार्यों को महासंघ योजना के तहत पत्रिका एवं फोल्डर देकर वार्ता की। इस अभियान के बारे में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जनपद बहराइच के जिलाध्यक्ष आनन्द मोहन मिश्र ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा संपर्क कार्यक्रम के तहत शुरू किए गए कार्यक्रम कई मायने में अहम है। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उ.प्र. के अध्यक्ष अजीत सिंह, अवध क्षेत्र की टोली में प्रदेश संगठन मंत्री शिव शंकर सिंह, प्रदेश संयुक्त महामंत्री संतोष मौर्य, देवीपाटन मंडल अध्यक्ष डॉ रामानन्द तिवारी, उच्च शिक्षा संवर्ग से प्रोफेसर जे.पी. पांडेय ने रक्षा मन्त्री एवं सांसद लखनऊ राजनाथ सिंह से विधिवत मुलाकात कर संगठन व शिक्षकों के अहम मुद्दों पर चर्चा की। इसके अलावा अवध क्षेत्र की महासंघ टोली ने केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद फतेहपुर साध्वी निरंजन ज्योति, सांसद सुल्तानपुर मेनका गाँधी, सांसद रेखा अरुण वर्मा, सांसद मोहनलालगंज कौशल किशोर, सांसद उन्नाव साक्षी महाराज, सांसद सीतापुर राजेश वर्मा, सांसद कैसरगंज बृज भूषण शरण सिंह, सांसद श्रावस्ती राम शिरोमणि वर्मा, सांसद अयोध्या लल्लू सिंह, राज्यसभा सांसद राम गौतम, सांसद हरदोई जय प्रकाश रावत, सांसद मिश्रिख अशोक रावत, सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गौड़, सांसद बाराबंकी उपेंद्र रावत, सांसद गोण्डा कीर्ति वर्धन सिंह से अब तक मुलाकात कर महासंघ की योजना के तहत वार्ता की। राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ बहराइच के जिला महामंत्री उमेश चन्द्र त्रिपाठी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज कुमार वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष सगीर अंसारी ने अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के इस कार्यक्रम को महासंघ की मजबूती एवं शिक्षक समस्याओं के निराकरण एवं शिक्षक हितों के लिए सहायक बताया है।
: जनपद में तीन चरणों में संचालित होगा सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान
Wed, Aug 2, 2023
नियमित टीकाकरण अभियान में छूटे बच्चों एवं लक्षित महिलाओं का होगा टीकाकरण
डीएम के रडार पर रहेंगे लापरवाह व शिथिल स्वास्थ्य कार्यकर्ता
बहराइच। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अन्तर्गत छूटे हुए बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को समस्त वंचित, आवश्यक खुराकों से आच्छादित कर पूर्ण रूप से प्रतिरक्षित करने के उद्देश्य से जनपद में 03 चरणों में सघन मिशन इन्द्रधनुष-5.0 अभियान संचालित किया जायेगा। मिशन अन्तर्गत 07 से 12 अगस्त तक प्रथम, 11 से 16 सितम्बर तक द्वितीय तथा 09 से 14 अक्टूबर तक तृतीय चरण संचालित किया जायेगा। अभियान अन्तर्गत पांच वर्ष की आयु तक के टीकाकरण से वंचित बच्चों और लक्षित गर्भवती महिलाओं को शामिल किया जाएगा। अभियान के तहत मिजिल्स रूबेला उन्मूलन के दृष्टिगत विशेष रूप से एम.आर.-1 एवं 2 के साथ पी.सी.वी. एवं एफ.आई.पी.वी.-3 खुराक के कवरेज में सुधार के साथ-साथ डी.पी.टी.-1 बूस्टर एवं डी.पी.टी.-5 वर्ष एवं टी.डी. 10/16 के कवरेज पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जनपद में 07 से 12 अगस्त तक संचालित होने वाले सघन मिशन इन्द्रधनुष के प्रथम चरण को सफल बनाये जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला टास्क फोर्स समिति बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के लिए हेड काउण्ट सर्वे तथा विभागीय कार्यों के सम्पादन में रूचि न लेने वाले 05-05 आशाओं का विवरण कार्यवाही की संस्तुति के साथ आगामी स्वास्थ्य समिति की बैठक में प्रस्तुत करेंगे। डीएम ने माइक्रो प्लान प्रस्तुत न करने वाले सी.एच.सी. को सचेत किया कि आज रात्रि तक माइक्रो प्लान प्रत्येक दशा में उपलब्ध करा दें। डीएम ने अभियान से जुड़े सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान से आच्छादित होने वाले बच्चों का एम.सी.पी. कार्ड अनिवार्य रूप से निर्गत किया जाय ताकि उच्चाधिकारियों के भ्रमण के दौरान टीकाकरण कार्य के सत्यापन में आसानी रहे। जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया गया कि टीकाकरण सत्रों के अवसर पर पुष्टाहार का वितरण कराया जाय। डीएम ने निर्देश दिया कि विगत अभियानों के दौरान जिन स्वास्थ्य केन्द्रों पर टीकाकरण की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई सम्बन्धित सीएचसी के प्रभारी अधिकारी ए.एन.एम. के साथ बैठक कर टीकाकरण की प्रगति में सुधार लायें। डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिया कि कार्यशैली में सुधार लाने के लिए उदासीन एवं लापरवाह कार्मिकों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाय। बैठक के दौरान एस.एम.ओ. डॉ. विपिन लखारे ने अभियान हेतु की गई तैयारियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना, सीएमओ डॉ. एस.के. सिंह, सीएमएस डॉ. ओ.पी. चौधरी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी तथा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
: ओडीओपी व विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत आयोजित होगा प्रशिक्षण
Wed, Aug 2, 2023
बहराइच। मण्डलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केन्द्र के प्राचार्य छत्तर सिंह ने बताया कि उ.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, बहराइच के अधीनस्थ श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी एवं अयोध्या जनपदों में वित्तीय वर्ष 2023-24 में एक जनपद एक उत्पाद तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत चिन्हित उद्योगों यथा बढ़ई, कुम्हार, लोहार, सोनार, टोकरी बुनकर, राजमिस्त्री, हलवाई, गुड़ उत्पाद (जैगरी), फर्नीचर एवं ट्राइबल क्रॉफ्ट (जनजातीय शिल्प) में 10 दिवसीय प्रशिक्षण हेतु आवेदन करने की अन्तिम तिथि 14 अगस्त निर्धारित है। प्राचार्य श्री सिंह ने बताया कि टी.ओ.टी. धारक/प्रशिक्षित प्रमाण-पत्र प्राप्त इच्छुक अभ्यर्थी अपने भरे हुए आवेदन-पत्र वांछित अभिलेखों के साथ 14 अगस्त तक मण्डलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केन्द्र बहराइच में जमा कर सकते हैं। अभ्यर्थी चयन हेतु 17 अगस्त को पूर्वान्ह 11 बजे से आयोजित होने वाले साक्षात्कार में अभ्यर्थियों को अपने मूल अभिलेख, प्रमाण-पत्र, बैंक सम्बन्धी प्रपत्र, आधार कार्ड एवं पासपोर्ट साइज 02 अदद फोटो लाना अनिवार्य होगा।