: जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
Wed, Mar 13, 2024
दो संदिग्ध व्यक्तियों को किया पुलिस के हवाले
बहराइच। गत दिवस मतदान केन्द्र कन्छर के निरीक्षण के दौरान वृद्ध महिलाओं द्वारा वृद्धावस्था पेंशन रूक जाने के सम्बन्ध में की गई शिकायत तथा जनतादर्शन वृद्धावस्था पेंशन के सम्बन्ध में प्राप्त होने वाले प्रार्थना-पत्रों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने गेंद घर परिसर स्थित जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण कर अभिलेखों का रख-रखाव, कार्यालय भवन व परिसर की साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में घूम रहे 02 व्यक्तियों की गतिविधि संदिग्ध पायी गई। पूछताछ के दौरान दोनो संदिग्ध व्यक्तियों के पास कुछ अभिलेख भी पाये गये। इस स्थिति के दृष्टिगत डीएम ने तत्काल मौके पर थानाध्यक्ष दरगाह शरीफ को तलब कर संदिग्ध लोगों को उनकी सुपुर्दगी में देते हुए जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाई के निर्देश् दिये गये। डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि कार्यालय को क्लोज सर्विट टीवी कैमरे से आच्छादित किया जाय। डीएम ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कार्यालय आने वाले लाभार्थियों विशेषकर पेंशन लाभार्थियों से मित्रवत व्यवहार करते हुए पूरी सहानुभूतिपूर्वक ई-केवाईसी से सम्बन्धित समस्या का तत्परता के साथ समाधान कराया जाय ताकि बुजुर्गों को पेंशन योजना का लाभ प्राप्त करने में बाधा न आये।
: चिन्हित बूथ पर फखरपुर पुलिस ने लगाई चौपाल
Wed, Mar 13, 2024
ग्रामीणों से रूबरू होकर चुनाव से संबंधित ली जानकारियां
बहराइच। आगामी लोकसभा चुनाव के चलते पुलिस की गतिविधियां बढ़ गई हैं। लोकसभा चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए गांव-गांव जाकर स्थानीय ग्रामीणों को जागरुक किया जा रहा है तथा ग्रामीणों से अवांछित तत्वों की जानकारियां भी एकत्र की जा रही है। बुधवार को थाना फखरपुर प्रभारी करूणा शंकर पांडे द्वारा अन्य पुलिस कर्मियों के साथ थाना क्षेत्र के चिन्हित बूथ अख्तियारापुर में चौपाल लगाई गयी। चौपाल में दोनों समुदायों के लोग मौजूद रहे। चौपाल के दौरान शस्त्रों का सत्यापन किया गया। अवांछित तत्वों के बारे में भी ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि रजिस्टर नंबर 8 तथा चुनाव संबंधित 30 बिंदुओं की सूचना एकत्र की गई। ग्रामीणों की समस्या सुनकर उनका भी निराकरण कराया गया तथा साइबर क्राइम के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान थाने के अन्य पुलिसकर्मियों सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
: पुण्यतिथि पर याद किए गए स्वतंत्रता सेनानी राम हर्ष विद्रोही
Wed, Mar 13, 2024
सेनानी उत्तराधिकारियों की विभिन्न समस्याओं पर किया था संघर्ष
बहराइच। स्थानीय सेनानी भवन सभागार में कर्मठ और उत्साही स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रांतिकारी राम हर्ष विद्रोही की 17वीं पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन संरक्षक अनिल त्रिपाठी एडवोकेट ने कहा कि क्रांतिकारी राम हर्ष विद्रोही का जन्म 07 मार्च 1905 को उत्तर प्रदेश राज्य के बहराइच जनपद के तहसील नानपारा थाना रूपईहीहा अंतर्गत ग्राम रामपुर निगहां में हुआ था। प्रारंभिक समय से ही वो आर्य समाजी थे। अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार संगठन के प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि अपनी राजनीतिक यात्रा के शुरुआती दिनों में विद्रोही जी क्रांतिकारी सोशलिस्ट पार्टी से जुड़े और जनपद की शोषित, उपेक्षित किसान, मजदूर जनता के लिए संघर्षरत रहे। स्वतंत्रता सेनानी राम हर्ष विद्रोही के पौत्र रोहित त्रिपाठी विद्रोही ने कहा कि मेरे बाबा आपातकाल के दौरान 25 जून 1975 को गिरफ्तार किए गए। डेढ़ साल तक जिला जेल बहराइच में रहे। 14 नवंबर 1998 को जिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिषद बहराइच एवं श्रावस्ती के अध्यक्ष चुने गए। इस दौरान उन्होंने सेनानी उत्तराधिकारियों की विभिन्न समस्याओं पर संघर्ष किया। इस अवसर पर संगठन के शहर अध्यक्ष राजू मिश्र, सदस्य बदलूराम गौतम, जाहिर अली, तुलसी राम, दोस्त मोहम्मद, गुनई राम, अब्दुल रहमान, फूलमती देवी, शिव नारायण सहित तमाम सेनानी उत्तराधिकारी मौजूद रहे।