: सीडीओ ने किया बाढ़ व कटान रोधी कार्यों का निरीक्षण
Wed, May 31, 2023
बहराइच। जनपद में घाघरा नदी के बायें तट पर स्थित ग्राम समूह मंझारा तौकली, ग्यारह सौ रेती तथा गोढ़हिया नं. 03 की कटान से सुरक्षा के लिए निरोधक कार्य की परियोजना के तहत रू. 460.20 लाख की लागत 975 मीटर पारक्यूपाइन, जियो बैग कार्य का मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधि.अभि. सरयू ड्रेनेज खण्ड शोभित कुशवाहा ने बताया कि कटान रोधी कार्य से मंझारा तौकली, ग्यारह सौ रेती व तीन सौ रेती, गोढ़हिया नं. 03, बहराजपुरवा, रोहितपुरवा एवं भुर्गूपुरवा की लगभग 13500 की आबादी तथा 2098.87 हेक्टेयर कृषियोग्य भूमि की सुरक्षा होगी। उन्होंने बताया कि कटानरोधी कार्य को 15 जून 2023 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस अवसर पर अधि. अभि. सरयू नहर खण्ड-5/नोडल दिनेश कुमार व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: सीएमओ ने दिलाई तम्बाकू छोड़ने की शपथ
Wed, May 31, 2023
‘‘वी नीड फूड नॉट टोबैको’’ की थीम पर मनाया गया तम्बाकू निषेध दिवस
गोष्ठी एवं हस्ताक्षर अभियान का हुआ आयोजन
बहराइच। बुधवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व तंबाकू निषेध दिवस जनपद की समस्त स्वास्थ्य इकाइयों पर तम्बाकू उत्पादों से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए गोष्ठी के साथ साथ हस्ताक्षर अभियान एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद मुख्यालय पर कार्यक्रम की शुरुआत सीएमओ कार्यालय के सभागार में सीएमओ डा. एस.के.सिंह की अध्यक्षता में हस्ताक्षर अभियान और गोष्ठी कार्यक्रम से हुई। गोष्ठी का संचालन डीएचईआईओ बृजेश सिंह ने किया। इस मौके पर सीएमओ ने तम्बाकू उत्पाद का सेवन न करने और तम्बाकू सेवन छोड़ने की शपथ भी दिलाई। गोष्ठी को संबोधित करते हुए सीएमओ सतीश कुमार सिंह ने तम्बाकू से हो रहे रोगों, रक्तचाप, अनिद्रा, कैंसर आदि के बारे मे विस्तार से बताते हुए कहा कि तम्बाकू उत्पादों के सेवन से उच्च रक्तचाप और मुखी कैंसर की समस्या अधिक उत्पन्न हो रही है। मुख रोग ज्यादा हो रहे है। उन्होंने तम्बाकू उत्पादों को छोड़ने के उपाए एवं कोटपा अधिनियम 2003 के बारे मे जानकारी देते हुए बताया कि तम्बाकू उत्पाद छोड़ने के लिए टोल फ्रीनंबर 1800112356 पर बात कर सकते है। एनसीडी कार्यक्रम के नोडल एवं डिप्टी सीएमओ डा. अनुराग वर्मा ने कहा कि तम्बाकू मुक्त भविष्य के लिए युवाओं का आगे आना होगा। उन्होने कहा कि तम्बाकू का लत व्यक्ति के साथ साथ पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है। तम्बाकू के सेवन से कई तरह की बीमारियां फैलती है, जो स्वास्थ्य एवं जीवन के लिए घातक है। डीपीएम सरजू खान ने कहा कि समाज में विशेषकर युवा समुदाय जानकारी के अभाव में तंबाकू उत्पाद को अपनाकर बीमारी से ग्रसित हो रहे है। लोगों को बीमारियों से बचाना उन्हें जागरूक करना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मियों का कर्तव्य है। कार्यक्रम के अंत में जिला स्वास्थ्य शिक्षा सूचनाधिकारी बृजेश सिंह ने कहा कि तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत तम्बाकू नियंत्रण अधिनियम की धारा 4 के अन्तर्गत सभी सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान को प्रतिबंधित किया गया है। धारा 6 के अन्तर्गत सभी शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में, नाबालिगों द्वारा तम्बाकू के क्रय तथा विक्रय पर प्रतिबंध है। इसके साथ ही महाराजा सुहेलदेव स्वसाशी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क जिला चिकित्सालय में एनसीडी क्लीनिक के नोडल अधिकारी डा. परितोष तिवारी के मार्गदर्शन में एनसीडी टीम ने चिकित्सालय में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। डा. तिवारी ने मरीजों को तम्बाकू उत्पादों से होने वाले दुष्प्रभाव और बीमारियो के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डा.पी.के.बांदिल, मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के डा. विजित जायसवाल, एफएलसी विवेक श्रीवास्तव, डीसीपीएम मो. राशिद, डा. रियाजुल हक़, पुनीत शर्मा, सन्तोष सिंह बृज प्रकाश, मेन्टल हेल्थ की टीम, मो.हारून, फहीम अहमद आदि मौजूद रहे।
: संभावित बाढ़ से बचाव के लिए सभी तैयारियां 15 जून तक करें पूर्णः मुख्यमंत्री
Wed, May 31, 2023
सीएम ने बाढ़ पूर्व की गयी तैयारियों की वर्चुअल माध्यम से की समीक्षा
बहराइच। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के बाढ़ से प्रभावित होने वाले जनपदों पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, गोण्डा, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, बस्ती, संतकबीर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर, सिद्धार्थ नगर, बदायू, बलरामपुर, श्रावस्ती, महाराजगंज, बिजनौर, फर्रूखाबाद, गाजीपुर, उन्नाव, बुलन्दशहर, लखनऊ, बरेली, सहारनपुर, शामिली, गौतमबुद्ध नगर, रामपुर, हरदोई, अलीगढ,़ प्रयागराज, वाराणसी, शाहजहांपुर, कासगंज, मुरादाबाद व हमीरपुर में बाढ़ पूर्व की गयी तैयारियों की वर्चुअल माध्यम से समीक्षा की गयी। मुख्यमंत्री द्वारा निर्देश दिये गये कि बाढ़ से प्रभावित होने वाले सभी जनपदों में बाढ़ के दौरान संचालित किये जाने वाले बचाव एवं राहत कार्याे तथा तटबन्धों की सुरक्षा के लिए कराए जा रहे कार्याे को 15 जून तक पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री द्वारा यह भी निर्देश दिये गये कि मौसम के पूर्वानुमान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाय। बाढ़ पूर्व की जा रही तैयारियों के सम्बंध में जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठक कर ली जाय। तटबंधो की सुरक्षा एवं कटान निरोधक कराये जा रहे कार्याे का जिले के उच्च अधिकारी स्वयं तथा जनप्रतिनिधियों के साथ भ्रमण कर कार्य की गुणवत्ता व प्रगति का जायजा लेकर 15 जून तक पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। बाढ़ के दौरान प्रभावित लोगों को वितरण किये जाने वाले राहत सामग्री की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाय। बाढ़ के दौरान पशुओं के चारे के साथ-साथ हरा चारा चोकर की भी व्यवस्था किया जाय। बाढ़ के दौरान संक्रामक रोगों पर प्रभावी अंकुश लगाये जाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर संक्रामक रोगों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जाय। सम्भावित बाढ़ के दौरान पेट्रोमैक्स, बड़ी नावों इत्यादि की व्यवस्था किये जाने के भी निर्देश दिये गये। सम्भावित बाढ़ के दौरान कन्ट्रोल रूम स्थापित कर प्रभावी ढंग से बचाव एवं राहत कार्य संचालित किये जाने के निर्देश दिये गये। सम्भावित बाढ़ के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में दवा, एन्टीवेनम इत्यादि की भी समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जाय। मुख्यमंत्री द्वारा निर्देश दिये गये कि सम्भावित बाढ़ से बचाव के लिए इस प्रकार के प्रबन्ध किये जाय कि कम से कम जन-धन की हानि होने पाये। वर्चुअल बैठक के दौरान जिला सूचना विज्ञान केन्द्र के वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम में जिलाधिकारी मोनिका रानी, पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना, अपर जिलाधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीएमओ डॉ एस.के. सिंह, उप जिलाधिकारी नानपारा अजीत परेस, महसी राकेश कुमार मौर्य, कैसरगंज महेश कुमार कैथल, मोतीपुर संजय कुमार, अधि.अभि. सरयू ड्रे. ख. शोभित कुशवाहा, सीवीओ डॉ राजेन्द्र प्रसाद वर्मा, बीएसए अव्यक्तराम तिवारी तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।