: खेत में लगाए गए कटीले तारों में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आकर वृद्ध की मौत
Wed, Apr 10, 2024
थाना हरदी के बाँसगढ़ी की घटना
बहराइच। छुट्टा मवेशियों से फसल को बचाने के लिए खेत के चारों तरफ लगाए गए कटीले तारों में करंट प्रवाहित कर दिए जाने के चलते उसकी चपेट में आकर एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ज्ञातव्य हो कि थाना हरदी अंतर्गत ग्राम पंचायत बाँसगढ़ी निवासी सकटू पुत्र पांचू 65 वर्ष किसी कार्यवश पड़ोस के गांव हिंदूपुरवा गया हुआ था। रास्ते में उसे शौच का आभास हुआ। जिसके चलते वह खेत में जाने लगा। तभी खेत में फसल को छुट्टा मवेशियों से बचाने के लिए तार लगा रखा था। उस तार में करंट प्रवाहित किया हुआ था। तभी करंट की चपेट में आकर वृद्ध सकटू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मत गया। घटना स्थल पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए। परिजनों द्वारा घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। सूचना पर थाना प्रभारी हरदी संतोष कुमार सरोज ने पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचकर शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। वहीं उप जिलाधिकारी महसी अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित मृतक के परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर शासन के नियमानुसार 5 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
: प्रशिक्षण के द्वितीय दिन अनुपस्थित रहे 41 मतदान कार्मिक
Tue, Apr 9, 2024
बहराइच। लोकसभा चुनाव के लिए नियुक्त किये गये पीठासीन एवं मतदान अधिकारी प्रथम के लिए स्व. ठाकुर हुकुम सिंह किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित 03 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय दिन प्रथम पाली में 27 तथा द्वितीय पाली में 14 कुल 41 कार्मिक अनुपस्थित रहे। प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक/मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर ने बताया कि सभी अनुपस्थित मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया गया है कि प्रशिक्षण के तीसरे दिन 10 अप्रैल को केडीसी में उपस्थित होकर प्रशिक्षण में प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें। अन्यथा 10 अप्रैल को प्रशिक्षण में उपस्थित न होने वाले कार्मिकों का वेतन बाधित करते हुए उनके विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की सुसंगत धाराओं में कठोर कार्रवाई तथा एफआईआर भी दर्ज करायी जायेगी।
: चूल्हे की चिंगारी से लगी आग में नौ घर जलकर राख
Tue, Apr 9, 2024
जरवलरोड, बहराइच। फूस घर में दूध गर्म करते समय चूल्हे की चिंगारी से लगी आग में नौ घर जलकर राख हो गए हैं। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक सभी घरों के गृहस्थी जलकर राख हो गई। जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अहाता के डमरीपुरवा में मंगलवार को दोपहर ग्राम निवासी गुड्डू पुत्र दयाराम के फूस के घर पर नाबालिग बच्ची द्वारा चूल्हे पर दूध गर्म करते समय निकली चिंगारी से जलने लगा। देखते ही देखते आग की लपटों ने अगल बगल के आठ और फूस के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर जरवलरोड थाने से पहुंचे घाघरा घाट चौकी प्रभारी आदित्य कुमार, हेड कांस्टेबल रंजय साहनी, धीरेन्द्र यादव व ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया तब तक नौ घर जलकर राख हो गए। अग्निकांड में गुड्डू पुत्र दयाराम, राम वृक्ष पुत्र विश्राम, धनीराम पुत्र दयाराम, रमेश पुत्र राम प्रगास, हनुमान पुत्र श्रीपाल, दयाराम पुत्र राम शंकर, पराना पत्नी राम प्रकाश, जगजीवन पुत्र दयाराम व पवन पुत्र राम सरन के घर जलकर राख हो गए है। सूचना पर तत्काल पहुंचे हलका लेखपाल राम किशुन ने क्षति का आकलन कर रिपोट तहसील प्रशासन को भेज दी हैं। लेखपाल राम किशुन ने बताया कि अग्निकांड में सभी घरों की गृहस्थियां जलकर राख हुई हैं। क्षति का आकलन कर रिपोट तहसील प्रशासन को भेज दिया गया है। सभी को मुआवजा दिलाया जायेगा। अग्निकांड में लाखों का नुकसान हुआ है। तत्काल राहत के लिए अनाज व तिरपाल पीड़ितों को उपलब्ध कराया जा रहा है।