: पाक्सो एक्ट के दो अभियुक्त गिरफ्तार
Tue, Sep 3, 2024
बहराइच। मटेरा पुलिस द्वारा पाक्सो एक्ट से सम्बन्धित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। प्रभारी निरीक्षक परमानंद तिवारी ने बताया कि अभियुक्त रितेश सोनकर पुत्र रमेश व रमेश सोनकर पुत्र पुत्ती निवासीगण जमालुद्दीन जोत को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया गया।
लूट का अभियुक्त गिरफ्तार
बहराइच। जरवलरोड पुलिस द्वारा लूट का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो बाइक व 9500 रूपये बरामद किया गया है। थाना प्रभारी जरवलरोड बृजराज प्रसाद ने बताया कि लूट के दर्ज मुकदमें में जांच के बाद प्रकाश में आये अभियुक्त परवेस पुत्र राम आधार मौर्या निवासी गोवा मझारा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
जबरन वसूली व धमकाने के मामले में एक गिरफ्तार
बहराइच। दरगाह पुलिस द्वारा जबरन वसूली व धमकाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि जलील पुत्र गिट्टू निवासी हमजापुरा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
भेड़िये के हमले में बालिका घायल
बहराइच। महसी क्षेत्र के गांवों में भेड़ियों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात्रि भेड़ियें ने हमला कर एक बालिका को घायल कर दिया। हलांकि परिजनों के जाग जाने से बालिका की जान बच सकी। घटना महसी के ग्राम पडोहिया के मजरा गिरधरपुरवा की है। जहां बीती रात्रि अस्ताना पुत्री अनवर अली 06 वर्ष अपनी दादी के साथ बरामदें में लेटी हुई थी। तभी रात्रि 11 बजे एक भेड़िये ने पहुंचकर उसका गला पकड़ लिया और खींचने लगा। बालिका के चिल्लाने पर उसकी दादी जग गई और भेड़िये से भिड़कर बालिका को बचा लिया। झीनाझपटी के चलते भेड़िया खेतों की ओर भाग गया। ज्ञातव्य हो कि महसी क्षेत्र में लगातार भेड़ियें हमला कर रहे है। वन विभाग जहां अपने स्तर से भेड़ियों को पकड़ने की कोशिश कर रहा है वहीं भेड़िये भी लगातार वनाधिकारियों को चकमा दे रहे है। फिलहाल भेड़िये वन विभाग व प्रशासनिक अमलों के लिए सिरदर्द बन चुके है।
: एडीजी गोरखपुर जोन द्वारा भेड़ियों के आतंक की घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों का किया भ्रमण
Tue, Sep 3, 2024
सुरक्षा उपायों पर चर्चा कर सम्बन्धित को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश
नई कार्य योजना से भेड़ियों के आतंक पर अंकुश लगाने में जल्द मिलेगी सफलता
बहराइच। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) गोरखपुर जोन डा.के.एस. प्रताप कुमार द्वारा जनपद में भेड़ियों के हमलों की घटनाओं की गंभीरता को लेते हुए जनपद के प्रभावित क्षेत्रों तथा मध्य रात्रि थाना हरदी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम नऊवन गरेठी दाखिला गरेठी गुरुदत्त सिंह में हिंसक भेड़िये के हमले में ढाई वर्षीय मासूम बच्ची की मृत्यु के हृदय विदारक घटना का मौका-मुआयना कर परिजनों को सांत्वना देते हुए स्थिति की जानकारी प्राप्त कर घटनाओं पर शीघ्र नियंत्रण हेतु सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश दिये। एडीजी गोरखपुर द्वारा बताया गया कि ऐसी घटना हमारे लिए एक चुनौती है। जिससे निपटने के पुलिस विभाग द्वारा वन विभाग का पूरा सहयोग किया जा रहा है। नरभक्षी भेड़ियों को पकड़ने के लिए रणनीति बनायी गयी है। ऐसे 30 से अधिक प्रभावित गांवों को चिन्हित किया गया है, प्रत्येक गांव में पुलिस के निरीक्षक/उप निरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी गांव के ग्राम चौकीदार, होमगार्ड, पीआरडी के साथ सतर्क नजर बनाए हुए है तथा लगातार गश्त की जा रही है। पुलिस अधीक्षक द्वारा भी इस विस्तृत क्षेत्र को विभाजित कर 07 टीमों का गठन किया गया है जो सुरक्षा के दृष्टिगत रात भर इस विशाल क्षेत्र में भ्रमणशील रहती है तथा 02 कम्पनी पीएसी को भी चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। इस समस्या से निपटने के लिए वन विभाग द्वारा विशेष कार्य योजना तैयार की गयी है, जिसके अन्तर्गत कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। अभियान को और तेज करते हुए यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द सभी भेड़ियों को पकड़ लिया जाए और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो सके। हमें उम्मीद है कि इस नई कार्य योजना से हमें भेड़ियों के आतंक पर अंकुश लगाने में जल्द ही सफलता मिलेगी। उल्लेखनीय है कि मामले की गम्भीरता के चलते सुरक्षा को पुख्ता करने के आशय से पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला द्वारा लगातार, पिछले 24 घण्टे में 03 बार यथा 01.09.2024 की रात्रि, 02.09.2024 की सुबह तथा पुनः एडीजी गोरखपुर जोन के साथ आज दोपहर को प्रभावित क्षेत्रों, घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है तथा ग्रामीणों व परिवारीजन से स्थिति की समीक्षा की गयी है जिससे पता चलता है कि पिछले कई हफ्तों में बढ़े भेड़ियों के आतंक की घटना ने ग्रामीणों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। जिस पर नियंत्रण करने के लिये प्रशासन और वन विभाग की ओर से कार्यवाही को और अधिक प्रभावी किया गया है। प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था। जिसके अन्तर्गत अब तक 04 भेड़ियों को पकड़ लिया गया है, जबकि अन्य भेड़ियों की तलाश जारी है। ड्रोन कैमरों, थर्मल मैपिंग, और ट्रैप्स के माध्यम से इन हिंसक जानवरों की पहचान और उन्हें पकड़ने का काम किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक द्वारा महसी ब्लाक के विभिन्न ग्राम प्रधानों और अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ मिलकर सुरक्षा के उपायों पर चर्चा की जा चुकी है तथा लोगों को रात में घर के बाहर न सोने और सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा.पवित्र मोहन त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी महसी रूपेन्द्र कुमार गौड़ तथा अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण मौजूद रहे, जिनके द्वारा स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
: राजकीय आईटीआई में सम्पन्न हुआ टैबलेट वितरण कार्यक्रम
Tue, Sep 3, 2024
बहराइच। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग उत्तर प्रदेश के अन्तर्गत संचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बहराइच के परिसर में आयोजित टेबलेट वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष भाजपा बृजेश पाण्डेय ने विशिष्ट अतिथि जिला प्रभारी शिव भूषण सिंह, राजा पयागपुर यशुवेन्द्र विक्रम सिंह एवं उपाध्यक्ष रण विजय सिंह के साथ पुष्पेन्द्र कुमार, रवि कुमार विश्वकर्मा, हरीराम, तुफेल, मिज्जन अली, मो. मुईन, विकास प्रजापति सहित 31 प्रशिक्षार्थियों को टैबलेट का वितरण किया। जिलाध्यक्ष श्री पाण्डेय ने भारत माता की जयघोश के साथ युवाओं का आवाह्न किया कि शिक्षण कार्य में टैबलेट का सदुपयोग कर अपनी जिन्दगी में मनचाहा मुकाम हासिल कर जनपद का नाम रोशन करें। श्री पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प के साथ कोरोना काल से ही टैबलेट/स्मार्टफोन वितरण का कार्य प्रारम्भ किया गया है। योजना अन्तर्गत प्रदेश के युवक युवतियों को बिना भेदभाव के टैबलेट/स्मार्टफोन का वितरण किया जा रहा है ताकि युवा इस उपकरण से अपने सुनहरें भविष्य का सपना साकार कर सकें। जाति धर्म का भेदभाव किये बिना सामाज के सभी वर्गाे के युवक युवतियों को आनलाइन पढाई का अवसर मिल सकें। विशिष्ट अतिथि शिव भूषण सिंह द्वारा तकनीकी शिक्षा में टैबलेट/स्मार्टफोन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं का आहवान किया इस गैजेट का उपयोग कर आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में सहयोग प्रदान करें। टैबलेट वितरण कार्यक्रम का संचालन सिद्धार्थ श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस अवसर पर अनुसूइया पाण्डेय, धर्मेन्द्र कुमार, विजय वर्मा, डी.के. त्रिपाठी, अभय शर्मा, मसऊद अहमद, राहुल बाजपेयी, धर्मेन्द्र गोंड, अमित पाण्डेय, अनुराधा देवी, पीयूष तिवारी, अर्पित मौर्या, शत्रुघन प्रसाद, बालगोविन्द, अरविन्द कुमार सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे। कार्यक्रम के अन्त में नोडल प्रधानाचार्या श्रीमती स्मृति शर्मा द्वारा सभी उपस्थित को आभार ज्ञापित किया गया।