शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी : लापरवाही और अनावश्यक विलंब पर होगी कार्रवाई
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Oct 1, 2026
बहराइच । जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद के सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को वर्चुअल जोड़ कर समस्त सम्बंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना-पत्र का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का संबंधित अधिकारी स्वयं परीक्षण कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। शिकायत के निस्तारण के बाद फरियादी को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसे अपनी समस्या के समाधान की स्थिति स्पष्ट रूप से पता चल सके। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन अपने कार्यालय में जनसुनवाई करें तथा प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराएं। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत सुनने तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक फरियादी को समय से न्यायोचित समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई हो। शासन की प्राथमिकता के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन