ओवरब्रिज बंद होने से तिराहे पर लगा लंबा जाम, शाम को मिली राहत : ओवरब्रिज पर मरम्मत समाप्त होते ही सायं 4 बजे से यातायात पुनः बहाल
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Oct 25, 2026
जरवलरोड, बहराइच। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जरवलरोड के कुड़वां ओवरब्रिज को रविवार सुबह सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य के चलते वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था। ओवरब्रिज बंद होने के कारण लखनऊ व बहराइच की ओर आने-जाने वाले वाहनों को जरवलरोड बस स्टॉप से वाया जरवलरोड रेलवे क्रॉसिंग की तरफ डायवर्ट होकर आना जाना पड़ा। डायवर्जन के कारण सारा यातायात रेलवे क्रॉसिंग से होकर गुजर रहा था। इस दौरान ट्रेनों की लगातार आवाजाही के चलते जैसे ही रेलवे क्रॉसिंग बंद होती, वाहनों की गति पूरी तरह थम जाती। देखते ही देखते जरवल बस स्टॉप तिराहे पर गोंडा-लखनऊ और लखनऊ-बहराइच मार्ग पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। रविवार दोपहर में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों हाईवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम जाम खोलवाने में जुट गई। पुलिसकर्मियों की मशक्कत से बीच-बीच में आवागमन धीरे-धीरे रेंगता रहा। राहत की बात यह रही कि शाम करीब 4 बजे कुड़वां ओवरब्रिज पर मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया। काम खत्म होते ही ओवरब्रिज को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया गया। जिसके बाद हाईवे पर वाहनों का संचालन सामान्य हो सका और राहगीरों ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन
विज्ञापन