ब्रेकिंग

दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेंगे 80 नव विवाहित जोड़े

योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ाना है

ग्राम भरथापुर वासियों को मिलेंगे 136 मुख्यमंत्री आवास

नेपाल से भारतीय क्षेत्र में लाया जा रहा था अखरोट

छात्रों को टोली निर्माण विधि सिखाई गई

Ad

जनपद में आज से “नवजात शिशु देखभाल” सप्ताह शुरू : 21 नवंबर तक चलेगा अभियान

Kunwar Diwakar Singh

Fri, Nov 14, 2025

बहराइच। जिले में नवजात शिशुओं की मृत्यु, विशेषकर जन्म के पहले सात दिनों में होने वाली नवजात मृत्यु को कम करने के उद्देश्य से 15 से 21 नवंबर तक नवजात शिशु देखभाल सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान समय से पूर्व जन्मे और कम वजन वाले शिशुओं की विशेष देखभाल सुनिश्चित की जाएगी, साथ ही समुदाय को नवजात की सुरक्षित और वैज्ञानिक देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी जाएँगी। इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संजय कुमार ने बताया कि प्रदेश में नवजात मृत्यु दर में सुधार दर्ज हुआ है। सैम्पल रजिस्ट्रेशन सिस्टम 2023 के अनुसार, प्रदेश की नवजात मृत्यु दर 26 प्रति 1,000 जीवित जन्म रही, जो वर्ष 2022 में 27 थी। जिले में नवजात मृत्यु दर को घटाने के लिए संस्थान आधारित नवजात देखभाल और समुदाय आधारित नवजात देखभाल कार्यक्रम पूर्व से ही संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा नवजात शिशु की देखभाल अत्यंत संवेदनशील होती है, इसलिए आवश्यक है सभी प्रसव अस्पताल में कराएं जाए और प्रसव के बाद माँ व शिशु को कम से कम 48 घंटे तक चिकित्सालय में ही रुकें। जन्म के तुरंत बाद शिशु को नहलाने के बजाय पोंछकर साफ कपड़े पहनाए और पहले घंटे में माँ का गाढ़ा पीला दूध अवश्य पिलाया जाए। छह महीने तक केवल माँ का दूध दिया जाए और शिशु को आवश्यक सभी टीके अवश्य लगाएं जाए। उन्होंने कहा कि समय से पहले जन्मे या कम वजन वाले बच्चों के लिए कंगारू मदर केयर विधि एक बेहतर उपाय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नवजात को मसाज, घुट्टी, शहद या अन्य घरेलू पदार्थ देना नुकसानदायक है और इनसे पूरी तरह परहेज किया जाए। जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि नवजात शिशु देखभाल सप्ताह, समुदाय को सही जानकारी देने का एक प्रभावी माध्यम होगा। उन्होंने कहा कि जिले में आशा, एएनएम और स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर परिवारों को यह समझाएंगी कि जन्म के तुरंत बाद साफ-सुथरा वातावरण, माँ का पहला दूध, कंगारू मदर केयर और शिशु की नियमित निगरानी, बीमारियों और जोखिमों से बचाव में सहायक होती हैं। उन्होंने कहा नवजात देखभाल केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं होगी, बल्कि इसमें परिवार और समुदाय की सहभागिता भी आवश्यक रहेगी। जब परिवार जागरूक होंगे, तभी नवजात को सुरक्षित जीवन का मजबूत आधार मिलेगा।

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें