: डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई नानपारा चीनी मिल के सामान्य निकाय की बैठक
Tue, Sep 5, 2023
बहराइच। जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में श्रावस्ती किसान सहकारी चीनी मिल लिमिटेड नानपारा के सामान्य निकाय की बैठक चीनी मिल परिसर में सम्पन्न हुई। बैठक में सचिव/प्रधान प्रबन्धक यमुनाधर चौहान द्वारा बिन्दुवार एजेण्डा प्रस्तुत करते हुए बताया कि आदर्श उप विधियों को अंगीकार किये जाने से चीनी मिल व गन्ना किसानों को काफी लाभ होगा। उन्होंने बताया कि मिल द्वारा अब तक गन्ना मूल्य का भुगतान डीबीटी के माध्यम से हो रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी पेराई सत्र से गन्ना कृषकों को सभी प्रकार का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। प्रधान प्रबन्धक श्री चौहान ने बताया कि चीनी मिल के संचालक मण्डल में 40 हज़ार से अधिक सदस्य है। जबकि 1603 नये सदस्यों को संचाजक मण्डल में शामिल किये जाने का प्रस्ताव है। चीनी मिल को समावेशी बनाए जाने हेतु नवाचार को अपनाया जा रहा है। चीनी मिल द्वारा गत वर्ष 22 क्रय केन्द्रों के माध्यम से 32 लाख कुण्टल गन्ना की खरीद की गई थी। इस वर्ष 22 क्रय केन्द्रों के माध्यम से 40 लाख कुण्टल गन्ना क्रय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष मिल संचालन में रू. 197 करोड़ व्यय किया गया था। आगामी पेराई सत्र में रू. 196 करोड़ व्यय करने का प्रस्ताव है। संचालन मण्डल के पूर्व निदेशक योगेश प्रताप सिंह बैजू भईया ने आदर्श उप विधियों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। चीनी मिल संचालक मण्डल बैठक के दौरान गत बैठक 28 जुलाई 2021 की कार्यवाही की पुष्टि, शासन के निर्देशों के क्रम में आदर्श उप विधियों को अंगीकार किये जाने, पेराई सत्र 2023-24 हेतु बाह्य क्रय केन्द्रों को सुरक्षित कराये जाने, सत्र 2022-23 पर बनाये गए सदस्यों के अनुमोदन पर विचार-विमर्श के साथ-साथ पेराई सत्र वर्ष 2023-24 हेतु चीनी मिल समिति संघ द्वारा स्वीकृत बजट का अनुमोदन पर विचार-विमर्श कर सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया। बैठक के अन्त में जिलाधिकारी मोनिका रानी ने कहा कि गन्ना किसानों व चीनी मिल के हित को दृष्टिगत रखते हुए चीनी को नवीन तकनीक के साथ संचालित करना होगा। गन्ना विकास व सहकारिता के क्षेत्र में नवीन तकनीकों को अपना कर मिल व कृषकों का आर्थिक उत्थान किया जा सकता है। संचालक मण्डल द्वारा उठायी गयी समस्याओं के सन्दर्भ में डीएम ने कहा कि जायज समस्याओं को समयबद्धता के साथ निदान कराया जायेगा। बैठक के अन्त में जिला गन्ना अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ल ने आभार ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रगतिशील गन्ना कृषक घनश्याम सिंह, शिव शंकर सिंह, ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या अन्य किसान, चीनी मिल के अधिकारी मौजूद रहे।
: हापुड़ घटना को लेकर अधिवक्ताओ ने किया धरना-प्रदर्शन
Mon, Sep 4, 2023
अधिवक्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन सौंपा
बार काउंसिल ऑफ यूपी आवाहन पर कैसरगंज तहसील परिसर में अधिवक्ताओ ने दिया धरना
कैसरगंज, बहराइच। कैसरगंज तहसील परिसर में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर सोमवार को अधिवक्ता संघ कैसरगंज के अध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ता संघ कैसरगंज के अधिवक्ताओ ने हापुड़ की घटना के क्रम में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को सम्बोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी कैसरगंज को सौंपा। अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में एकत्र होकर बर्बरता पूर्ण लाठी चार्ज की निंदा करते हुए धरना प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी किया। कैसरगंज बार के अध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह व पूर्व अध्यक्ष राज किशोर यादव ने बताया कि बार काउंसिल के निर्णय के क्रम में सभी अधिवक्ता जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक हापुड़ का अविलम्ब स्थानान्तरण व दोषी पुलिस कर्मियों जिन्होने बर्बरता पूर्वक लाठी चार्ज किया है और महिला अधिवक्ताओं को भी पीटने का कार्य किया है ऐसे दोषी पुलिस कर्मियों पर मुकदमा दर्ज हो तथा प्रदेश भर में अधिवक्ताओं के विरूद्ध पुलिस ने मनगढन्त झूठी कहानी बनाकर जो मुकदमें दर्ज किए हैं, उन्हें वापस (स्पंज) किया जाए नही तो बार काउंसिल ऑफ यूपी के दिशा निर्देश के क्रम में हम अधिवक्तागण पुलिस प्रशासन का विरोध करते रहेंगे। धरना प्रदर्शन मे अधिवक्ता विजय प्रताप सिंह, नारायण शर्मा, शौकत अली, विनोद सिंह चौहान, सूर्य भान सिंह, नसीब खान, इंद्रसेन सिंह, शंभू दत्त यादव, विनोद कुमार सिंह विसेन, जियाउद्दीन कादरी, चित्रसेन सिंह, पंकज श्रीवास्तव, बालकराम सरोज, मनोज कुमार सिंह, विनोद शुक्ला, गिरीश श्रीवास्तव, संतोष सिंह, रमेश कुमार वर्मा, नीरज श्रीवास्तव, भानू प्रताप सिंह, वीरेंद्र पांडेय, हुकुम वर्मा, हरिराम, श्री प्रकाश वर्मा, योगेश मिश्रा, सतीश यादव, शिवम सिंह विसेन, मनोज मिश्रा, साहिद रजा, विनय प्रकाश मिश्रा, हसन रजा, अखिलेश यादव, शिशर श्रीवास्तव, जय चंद वर्मा, राहुल वर्मा, पंकज यादव, ,सिराज अहमद सहित तमाम लोग शामिल हुए।
: शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए डीएम ने जनपदवासियों से की अपील
Mon, Sep 4, 2023
बहराइच। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने जनपदवासियों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए सभी नागरिकों से अपील की है कि 11 से 16 सितम्बर तथा 09 से 14 अक्टूबर तक संचालित होने वाले सघन मिशन इन्द्रधनुष कार्यक्रम के द्वितीय एवं तृतीय चरण में छूटे हुए 0-5 वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराकर बच्चों को 11 जानलेवा बीमारियों (टीबी, पोलियो, डायरिया, निमोनिया, काली खांसी, गलाघोंटू, टिटनेस, हेपेटाइटिस बी, खसरा एवं रूबेला आदि) से सुरक्षा कवच प्रदान करें। डीएम मोनिका रानी ने बताया कि जनपद में 07 से 12 अगस्त तक संचालित हुए प्रथम टीकाकरण अभियान की भांति 11 से 16 सितम्बर तथा 09 से 14 अक्टूबर तक संचालित होने वाले द्वितीय एवं तृतीय चरण में भी रविवार को छोड़कर प्रत्येक दिन जिला अस्पताल सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं टीकाकरण के लिए निर्धारित सत्र स्थल पर यह सभी टीके निःशुल्क लगाये जायेंगें। डीएम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि अपने 0-5 वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण सत्र स्थल पर ले जाकर उनका टीकाकरण अवश्य करवायें। यह टीके पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व एएनएम द्वारा आपको नियत टीकाकरण सत्र स्थल की सूचना भी उपलब्ध करायी जायेगी। डीएम ने यह भी बताया कि ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस पर सभी गर्भवती महिलाओं की जांच निःशुल्क की जाती है। इसके लिए आप अपने नजदीकी आशा या आंगनबाड़ी कार्यकत्री से सम्पर्क कर सकते हैं।