: जायज मांगों के समर्थन में शिक्षामित्रों ने घेरा सांसद का आवास
Sun, Sep 3, 2023
अपनी जायज मांगो के समर्थन में उग्र हुए शिक्षामित्र
बहराइच। शिक्षामित्र प्राथमिक विद्यालयों में पिछले लगभग 20 वर्षों से गांव के गरीब, शोषित, वंचित, पिछड़ी जातियों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजातियों के बच्चों को अनवरत गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान करते चले आ रहे हैं। लगभग 1.15 लाख शिक्षामित्र अपने बच्चों के पढ़ाई लिखाई, परिवार की परिवारिस, दवाई, बच्चों की शादी विवाह आदि को लेकर तनाव ग्रस्त रहते हैं। उत्तर प्रदेश के शिक्षामित्रो की आर्थिक स्थिति बहुत ही दयनीय हो चुकी है। हर संभव प्रयास करने के बाद भी उनकी आर्थिक स्थिति सुधरने का नाम नहीं ले रही है। जिसके कारण शिक्षामित्रो के परिवार में प्रत्येक दिन अवस्तन दो से तीन लोगों की असामयिक मृत्यु होती चली आ रही है, जो कि अत्यंत ही कष्टमय व पीड़ादायक है। इसी क्रम में अपनी जायज मांगों के समर्थन में जनपद के सैकड़ो शिक्षामित्र रविवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर एकत्र होकर बैठक किया और वहीं से तिरंगा यात्रा रैली निकालते हुए सांसद बहराइच अक्षयवार लाल गौड़ के आवास पर पहुंच गए और धरना प्रदर्शन करने लगे। जिस पर सांसद ने शिक्षामित्र से ज्ञापन लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी से मिलकर शिक्षामित्र की समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। शिक्षामित्रो के मांगों में नियमावली में संशोधन कर शिक्षामित्र की योग्यता पूर्ण कराकर पुनः समायोजित शिक्षक बनाया जाए। समायोजन प्रक्रिया पूर्ण होने तक 12 माह का मानदेय व 62 वर्ष की सेवा सुरक्षित किया जाए। नई शिक्षा नीति में शिक्षामित्र को सम्मिलित कर इनका भविष्य सुरक्षित किया जाए। मृतक शिक्षामित्रों के जीवकोपार्जन हेतु परिवार से किसी एक को नियुक्ति प्रदान की जाए। शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण शिक्षामित्र को नियमों में शिथिलता प्रदान हुए सहायक अध्यापक के पद पर नियमित किया जाए। मूल विद्यालय में वापसी से वंचित शिक्षामित्रो को पुनः एक अवसर प्रदान करते हुए मूल विद्यालय में वापस किया जाए। महिला शिक्षामित्र का विवाहोपरांत उनके ससुराल के जनपद के विद्यालय में स्थानांतरित किया जाए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शिव श्याम मिश्र, अनवारुल रहमान, गिरीश चंद्र जायसवाल, सुरेश कुमार यादव, राजित राम निषाद, अवधेश कुमार वर्मा, तृप्ति सिंह, दिनेश कुमार यादव, अर्चना चौहान, सुनील कुमार सहित सैकड़ो शिक्षामित्र उपस्थित रहे।
: कानून एवं शान्ति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले बख्शे नहीं जायेंगे: डीएम
Sun, Sep 3, 2023
त्यौहार के दौरान किसी नई परम्परा का आगाज़ न किया जाय
सौहार्दपूर्ण माहौल में मनायें त्यौहार
शरारती तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखी जाय
बहराइच। आसन्न चेहल्लुम, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी व ईद-ए-मिलाद (बारावफत) त्यौहारों के अवसर पर कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के दृष्टिगत शनिवार को देर शाम कलेक्टेªट सभागार में आयोजित जिला शान्ति समिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी व पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा ने कहा कि जिले के अम्नो-अमान के साथ खिलवाड़ करने वाले शरारती तत्वों के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जायेगी। डीएम व एसपी ने आश्वस्त किया कि आसन्न त्यौहारों के अवसर गुड पुलिसिंग के साथ-साथ बिजली, पानी एवं साफ-सफाई के भी माकूल बन्दोबस्त रहेंगे। डीएम व एसपी ने जनपदवासियों से अपील की कि जिले की गंगा-जमुनी परम्परा को कायम रखते हुए सौहार्दपूर्ण माहौल में त्यौहार मनायें। डीएम व एसपी ने लोगों से अपील की कि त्यौहार के दौरान किसी नई परम्परा का आगाज़ न किया जाय। सभी लोग मिलजुलकर परम्परागत ढंग से त्यौहार मनायें तथा कोई ऐसा कार्य न करें जिससे त्यौहार की खुशियों में कडवाहट आ जाये। डीएम व एसपी ने कहा कि सभी जुलूसों के साथ पर्याप्त पुलिस बल के साथ व्यापक स्तर पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी जो प्रारम्भ से अन्त तक जुलूस के साथ मौजूद रहेंगे। डीएम व एसपी ने आमजन से अपील की कि त्यौहार को मिलजुलकर मनायें और भ्रणम के दौरान अफवाहें न फैलाने दें। वरिष्ठ लोग युवाओं और बच्चों पर नियत्रंण रखें। डीएम व एसपी द्वारा एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारियों व थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर पूरी सर्तकता बनाएं रखें। यदि कहीं पर कोई प्रतिकूल तथ्य संज्ञान में आता है तो तत्काल उसका समाधान करा दें। किसी भी छोटी-से-छोटी बात को ओवरलुक न किया जाय। क्षेत्र के संभ्रान्त व गणमान्यजनों तथा बुज़ुर्गों के मोबाइल नम्बर अपने पास रखें। जिले में कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने में जिम्मेदार शहरियों से भी सहयोग प्राप्त किया जाय। डीएम व एसपी द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि थाना स्तर पर शान्ति समिति की बैठक आयोजित कर ली जाएं। थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि शरारती तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखी जाय और लोगों के विरूद्ध बाउण्ड डाउन की कार्यवाही करें तथा कानून एवं शान्ति व्यवस्था को बनाये रखने में सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों की भी मदद ली जाय। डीएम मोनिका रानी ने जिला पंचायत राज अधिकारी व नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में त्यौहारों केे अवसर पर धार्मिक स्थलों, प्रमुख रास्तों, चौराहों, जुलूस मार्गों की पर्याप्त साफ-सफाई, चूनाकारी के साथ-साथ संक्रामक रोगों की रोकथाम हेतु फागिंग एवं एण्टीलार्वा का छिड़काव भी कराएं तथा प्रकाश की व्यवस्था की जाय। अधि.अभि. विद्युत को त्यौहार के अवसर पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाएं रखने के निर्देश दिये गये। बैठक के दौरान राजेन्द्र गुप्ता, डॉ. मोहम्मद आलम सरहदी, परशुराम कुशवाहा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तेजे खॉ, दीपक सोनी उर्फ दाऊजी, कारी ज़ुबेर अहमद, अध्यक्ष न.पा.परि. नानपारा अब्दुल बहीद सहित तहसील नानपारा व कैसरगंज क्षेत्र के अन्य वक्ताओं द्वारा भी साफ-सफाई, बिजली, पानी इत्यादि के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए आश्वस्त किया गया आसन्न त्यौहारों को जनपदवासी सौहार्दपूर्ण माहौल में मिलजुलकर मनायेंगे। बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर का अखिल भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नत होने तथा शान्ति समिति के सदस्य के पुत्र के न्यायिक सेवा में चयन होने पर सभी लोगों ने बधाई दी। बैठक के दौरान जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में डॉ. सरहदी की ओर मिष्ठान का वितरण किया गया। बैठक का संचालन अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार सागर व अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पवित्र मोहन त्रिपाठी, नगर मजिस्टेªट शालिनी प्रभाकर, सीएमओ डॉ. एस.के. सिंह, एसडीएम, सीओ व अन्य अधिकारी, विधायक बलहा श्रीमती सरोज सोनकर के प्रतिनिधि आलोक जिंदल, न.पा.परि. बहराइच की अध्यक्ष श्रीमती सुधा देवी के प्रतिनिधि श्यामकरन टेकड़ीवाल सहित बड़ी संख्या में धर्मगुरू, संभ्रान्तजन व गणमान्यजन मौजूद रहे।
: सांड के हमले में घायल किसान ने तोड़ा दम
Sun, Sep 3, 2023
बहराइच। खेत की रखवाली कर रहे किसान बद्री प्रसाद की सांड के हमले मे बीते 27 अगस्त को गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हमले मे गंभीर रूप से घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। वहां भी स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर परिवारजनों ने घायल किसान बद्री प्रसाद को मेडिकल कॉलेज लखनऊ मे भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान किसान की रविवार दोपहर को मौत हो गयी। थाना क्षेत्र जरवलरोड के अंतर्गत ग्राम पंचायत खेसुआ निवासी किसान बद्री प्रसाद वर्मा उर्फ विकास वर्मा प्रतिदिन की भाँति बीते सोमवार 27.अगस्त को अपने खेत की रखवाली कर रहे थे। तभी खेत मे सांड आ पहुँचा। सांड को खेत मे देखकर किसान बद्री ने हंका लगा कर भगाना चाहा परंतु उल्टे ही सांड ने किसान पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर मौजूद लोगो ने घायल किसान को इलाज के लिए सामुदायिक स्वस्थ केंद्र मुस्तफाबाद में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहाँ स्वास्थ मे सुधार ना होने पर परिजनो द्वारा लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन से परिवार में कोहराम मच गया।