: नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को 20 वर्ष की सजा
Sat, Aug 3, 2024
न्यायालय द्वारा लगाया गया 70 हजार रूपये का अर्थदण्ड
बहराइच। नाबालिग बालिका को बहला फुसला कर भगाने व उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त को न्यायालय द्वारा 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है। साथ ही साथ 70 हजार रूपये का अर्थदण्ड भी लगाया गया है। मामला 13 नवम्बर 2018 का है। थाना हरदी के एक गांव में अपने ननिहाल में रह रही एक नाबालिग बालिका के साथ आरोपियों ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। जिस पर पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर चार लोगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना में प्रकाश में आए अभियुक्त सूरज कुमार पाण्डेय पुत्र राजकुमार पाण्डेय निवासी गूढ थाना मोतीपुर के विरूद्ध अपहरण, दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के तहत आरोप पत्र 5 अगस्त 2019 को न्यायालय पर दाखिल किया गया था। बचाव पक्ष व अभियोजन पक्ष के बहस सुनने के उपरान्त न्यायालय पाक्सो एक्ट दीपकांत मणि की अदालत द्वारा अभियुक्त सूरज कुमार पाण्डेय को दोषी करार देते हुए शनिवार को 20 साल की सजा सुनाते हुए 70 हजार रूपये का अर्थदण्ड लगाया गया। अर्थदण्ड अदा न करने की स्थिति में पांच माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ेगी।
: जंगल में शीशम पेड़ काटते एक गिरफ्तार
Fri, Aug 2, 2024
मौके से 08 अदद गोल शीशम लकड़ी व आरा बरामद
बहराइच। जंगल में शीशम पेड़ काटते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। मौके से मौके से 08 अदद गोल शीशम लकड़ी व आरा बरामद किया गया। प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग बी.शिव शकर के नेतृत्व में अवैध कटान एवं अवैध शिकार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में गश्ती दल द्वारा गुरूवार रात्रि मोतीपुर रेंज के राजापुर बीट कक्ष संख्या 9 बाघ संरक्षित क्षेत्र में अवैध प्रवेश कर बहुमूल्य प्रजाति शीशम पेड़ की अवैध कटान करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान लल्लू पुत्र हुसैनी निवासी ग्राम गुलरा बक्सहिया थाना मोतीपुर के रूप में की गई। मौके से 08 अदद गोल शीशम लकड़ी, कटान में प्रयुक्त आरा बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध वन संरक्षण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी टीम में क्षेत्रीय वनाधिकारी सुरेन्द्र कुमार तिवारी, वन दरोगा राम किशुन यादव, बीट वाचर गोविन्द यादव, बीट वाचर नरायन शामिल रहे।
: गुण्डा एक्ट के तहत 03 अपराधी हुए जिला बदर
Fri, Aug 2, 2024
बहराइच। जनपद में विधि व्यवस्था एवं लोक परिशान्ति सहित लोक व्यवस्था व जनसुरक्षा कायम रखने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट मोनिका रानी द्वारा 03 अपराधियों के विरूद्ध धारा 3(1) गुण्डा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 06 माह के लिए जनपद से जिला बदर कर दिया गया है। मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश के अनुसार थाना कोतवाली नानपारा अन्तर्गत डलईपुरवा दा. लखैय्या कलां निवासी वीरेन्द्र पुत्र बजरंग, थाना रामगांव के तारापुर खुर्द नि. मोहम्मद अली पुत्र वारिस अली व थाना रिसिया के रायपुर बकबुला नि. फारूख पुत्र जुम्मन को 06 माह के जिला बदर किया गया है।
परिवहन कार्यालय पर 04 अगस्त को लगेगा फिटनेस कैम्प
बहराइच। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा वाहनों के फिटनेस के सम्बन्ध में जारी निर्देशांे के क्रम में फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने हेतु रविवार 04 अगस्त को पूर्वान्ह 10 बजे से अपरान्ह 05 बजे तक परिवहन कार्यालय बहराइच में फिटनेस कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
मार्ग दुर्घटना में महिला समेत दो की मौत
बाइक सवार को ठोकर मारने के बाद पलटी ट्रैक्टर-ट्राली
बहराइच। सैलानी बाबा पर जियारत कर वापस लौट रहे मां-बेटे को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने ठोकर मार दी। जिसके चलते मां की मौत हो गई। जबकि बेटा घायल घायल हो गया। ठोकर मारने के बाद ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे उस पर सवार एक मजदूर की भी मौत हो गई। गौरतलब हो कि कोतवाली नगर के मोहल्ला नाजिरपुरा निवासी रुबीना 45 पति अब्दुल शाहिद ओर बेटे जाफर 19 के साथ बाइक पर बैठकर सच्चे पीर सैलानी स्थल से वापस घर आ रही थी। तभी नानपारा-बहराइच मार्ग पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में रुबीना की मौके पर ही मोत हो गई। वही, ट्रैक्टर पर सवार एक मजदूर की भी मौत हो गई। जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद महिला और मजदूर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक अलोक कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक भाग निकला है। मजूदर की शिनाख्त कराई जा रही है। दुर्घटना पर पूर्व मंत्री यासर शाह, सपा जिला कोषाध्यक्ष अब्दुल मन्नान के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।