: माह अगस्त व सितम्बर में दो गन्ना बंधाई जरूर करे किसान, होगी भारी गन्ने की पैदावार
Tue, Aug 6, 2024
फखरपुर, बहराइच। ग्राम सभा तिंगाई व शिवपुरा में किसानों के साथ मंगलवार को बैठक की गई। बैठक में पारले के एसोसिएट मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव राठी द्वारा किसानों से विस्तृत रूप में अच्छे उत्पादन के बारे में चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि इस समय गन्ना बंधाई एक महत्वपूर्ण कार्य है। बरसात में मिट्टी नरम हो जाती है और तेज हवा चलने के कारण गन्ना फसल बुरी तरह से गिर जाती है। इससे गन्ने की उपज में भारी नुकसान किसानों का होता है। नुकसान बिल्कुल ना हो इसलिए शत-प्रतिशत बंधाई सुनिश्चित करे। इस समय कंही-कंही गन्ना प्लाटो में बोंकी (बेल) बहुत अधिक दिखाई दे रही है। यह गन्ना फसल को बुरी तरह से जकड़ लेती है इसे जड़ से निकाल दे। जिससे फसल की बढ़वार अच्छी होगी। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि इस समय जो खेत खाली है उनमें हरी खाद के लिए ढैंचा लगाए। आगामी सितम्बर-अक्टूबर में गन्ना लगाए। जिससे गन्ने की अच्छी उपज मिलेगी। इस समय सर्वे सट्टा प्रदर्शन ग्राम स्तर पर चल रहा है। अपना पेड़ी-पौधा क्षेत्रफल, प्रजाति, आधार नंबर, मोबाइल नंबर, बेसिक कोटा, अन्य संशोधन करा ले। जिन किसानों के पास गन्ना है, लेकिन समिति के सदस्य नहीं है वह 30 सितम्बर से पहले सदस्य जरूर बन जाये। जिससे आगामी पेराई सत्र में गन्ना आपूर्ति में कोई भी परेशानी ना आये। भूमि की उर्वरा शक्ति एवं फसलों से अच्छा उत्पादन लेने के लिए पारले ऑर्गनिक खाद, बायो फर्टिलाइजर, जैविक खाद का प्रयोग अधिक से अधिक करे। पारले द्वारा भारी अनुदान सभी खाद पर किसानों को दिया जा रहा है। बैठक के मौके पर काफी संख्या में किसान एवं अन्य अधिकारीगण रुचिन, अमर, सरनाम मौजूद रहे।
: पानी में डूब कर किशोर की मौत
Mon, Aug 5, 2024
खैरीघाट, बहराइच। समान की खरीददारी कर घर जाते समय पानी में डूबकर एक किशोर की रविवार शाम को मौत हो गई। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खैरीघाट थाना क्षेत्र के शिवपुर ग्राम पंचायत के मजरा मक्कापुरवा निवासी अनिल कुमार 17 पुत्र गंगाराम चौराहे पर रविवार शाम को समान की खरीददारी के लिए गया था। दैनिक उपयोग का सामान लेने के बाद वह सात बजे वापस अपने घर आ रहा था। तभी गुजरातीपुरवा गांव के पास पुलिया के रैंप से गुजर रहा था। अंधेरा होने के चलते उसका पैर फिसल गया और किशोर पानी में डूब गया। उसकी पानी में डूबकर मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से रात में शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष एस.के.सिंह ने बताया कि शव बरामद कर लिया गया गया है। घटना की सूचना पर पहुंचे लेखपाल प्रदीप कुमार ने भी जायजा लिया। परिवार के लोगों को ढांढस बंधाया।
: विद्यालय, कोचिंग सेन्टर व पुस्तकालयों की जांच के लिए तहसीलवार गठित हुई समितियां
Mon, Aug 5, 2024
बहराइच। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार अहिरवार ने बताया कि जनपद में संचालित पंजीकृत कोचिंग संस्थाओं एवं पुस्तकालयों तथा माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा मान्यता प्राप्त विद्यालयों की जांच किये जाने हेतु जिले में तहसीलवार समितियों का गठन किया गया है। राजकीय इण्टर कालेज बहराइच के प्रधानाचार्य नगेन्द्र कुमार मो. न. 8303880000 की अध्यक्षता में तहसील सदर व पयागपुर के लिए गठित की गई समिति में प्रवक्ता अनिकेत वर्मा व अर्पित शुक्ला, सहायक अध्यापक रामेन्द्र मिश्र व नवीन कुमार मिश्र को सदस्य नामित किया गया है। राजकीय इण्टर कालेज, भग्गड़वा के प्रधानाचार्य यशवंत सिंह मो. न. 9918009654 की अध्यक्षता में तहसील कैसरगंज व महसी के लिए गठित समिति में प्रवक्ता धनेश्वर नाथ मिश्र, सहायक अध्यापक अवधेश कुमार यादव, आनन्द कुमार व रामदेव तथा राजकीय इण्टर कालेज रमपुरवा के प्रधानाचार्य अमित कुमार पाण्डेय मो.न. 8005022875 की अध्यक्षता में तहसील मोतीपुर व नानपारा के लिए गठित समिति में प्रवक्ता कमल किशोर शुक्ला, सहायक अध्यापक अश्वनी सिंह, अजय सिंह व प्रियरंजन को सदस्य नामित किया गया है। डीआईओएस श्री अहिरवार ने बताया कि गठित समिति को निर्देशित किया गया है कि आवंटित तहसील के अन्तर्गत संचालित मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों, कोचिंग सेन्टरों, पुस्तकालयों इत्यादि की जांच सुनिश्चित करते हुए जांच में यदि कोई गैर मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय, कोचिंग सेन्टर अथवा पुस्तकालय बिना वैध पंजीकरण तथा निर्धारित मानकों/सुरक्षा मानकों के सवालित होता पाया जाय तो सम्बन्धित संस्था के संचालक/प्रबन्धक के विरुद्ध नियमानुसार विधि सम्मत् कार्यवाही प्रस्तावित करते हुए अपनी संस्तुति सहित जाँच आख्या जिला विद्यालय निरीक्षक बहराइच के कार्यालय को प्राप्त कराना सुनिश्चित करेंगे।