: भैया मेरे राखी के बंधन को निभाना…….
Tue, Aug 20, 2024
हर्षोल्लास के साथ जिले में मनाया गया रक्षाबंधन का पर्व
बहनों ने भाईयों के कलाई पर राखी बांधकर की दीर्घायु की कामना
बहराइच। परम्परा के मुताबिक सोमवार को जिले में रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बहने व्रत रखकर दोपहर बाद से ही भाईयों के कलाई पर राखी बांधने के लिए पूजन-अर्चन में जुटी रही। दोपहर से जो राखी बांधने का सिलसिला २ाुरू हुआ वह सायं तक जारी रहा। बहनों ने थाल सजाकर भाईयों की आरती उतारकर अक्षत, रोली, चंदन से तिलक कर अपने आंचल से भाईयों का सिर ढकते हुए उनकी कलाई पर राखी बांधकर अपना फर्ज अदा करते हुए उनके दीर्घायु की कामना की और मिठाई खिलाकर मुंह मीठा किया। बहनों ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए जन्म जन्मान्तर तक भाई-बहन के रिश्ते का प्यार बरकरार रखने की अभिलाषा व्यक्त की। वहीं भाईयों ने बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किये। नेपाल सीमा से सटे रूपईडीहा से लेकर जरवलरोड और विशेश्वरगंज से लेकर सुजौली तक विभिन्न कस्बों में दुकाने सजायी गई। मिठाई और राखी की दुकानों पर महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई। परम्परा के मुताबिक रक्षाबंधन भारतीय सभ्यता का प्रमुख पर्व है। जो श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। रक्षाबंधन बहन और भाई के बीच विश्वास का बंधन है। यह पर्व मात्र रक्षासूत्र के रूप में राखी बांधकर रक्षा का वचन ही नहीं लेता बल्कि एक दूसरे के प्रति प्रेम, समर्पण, निष्ठा व संकल्प के माध्यम से हृदयों को जोड़े रखने का प्रण करता है। प्राचीन काल में आयु और आरोग्य की वृद्धि के लिए किसी को भी राखी बांधी व भेजी जाती थी। इतिहास में राखी की मर्यादा रानी कर्मावती व हुमायू के बीच रक्षाबंधन पर राखी बांधने के बाद काफी चर्चित रही। राखी का सर्वप्रथम उल्लेख पुराणों में प्राप्त होता है। इन्द्र की निराशा के बाद गुरू वृहस्पति के दिशा निर्देश पर रक्षा विधान के लिए इन्द्राणी ने श्रावण पूर्णिमा पर सभी देवताओं की कलाई पर राखी बांधकर युद्ध में इन्द्र के विजय के लिए सहयोग मांगा था। एक बार देवी लक्ष्मी ने राजा बलि की कलाई पर भी राखी बांधकर अपनी रक्षा की थी। सीमा पर जवान तो खेतों में किसानों ने भी राखी बंधवाकर राष्ट्र रक्षा का संकल्प लिया।
: निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय से पूर्ण करायें कार्यदायी संस्थाः डीएम
Tue, Aug 20, 2024
डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक
बहराइच। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा में विगत 03 वित्तीय वर्ष के अन्तर्गत 50 लाख से अधिक व 50 लाख से कम लागत की निर्माण/परियोजनाओं तथा बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान डीएम ने कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, राजकीय निर्माण निगम, समाज कल्याण निर्माण निगम, यूपीसीएलडीएफ, सी. एण्ड डी.एस. के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन द्वारा निर्धारित मानक एवं गुणवत्ता के साथ माह सितम्बर 2024 तक पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर जियोटैग फोटो के साथ आख्या शनिवार तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बैठक का संचालन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर., जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. अर्चना सिंह, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक (निर्माण) एवं जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा), विभिन्न कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, राजकीय निर्माण निगम, समाज कल्याण निर्माण निगम, यूपीसीएलडीएफ, सी.एण्ड डी.एस. के अधीशासी अभियंता व उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
: बहनों ने कारागार में निरुद्ध बंदी भाईयों के कलाई पर बांधी राखियां
Tue, Aug 20, 2024
कारागार प्रशासन में सक्रिय योगदान करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
बहराइच। रक्षा बंधन के पावन अवसर पर कारागार में निरुद्ध बन्दियों की बहनों ने भाइयों से मुलाकात कर उनकी कलाईयों पर राखी बांधी। इस अवसर पर अपराध निरोधक समिति के जिला सचिव केशव प्रसाद मौर्य, संरक्षक राजेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव, उप जिला सचिव विनोद कुशवाहा, जिला महामंत्री राजीव अग्रवाल, जिला संयोजक शेर सिंह कसौधन, जिला संगठन मंत्री मुन्नालाल कश्यप, कृष्ण शंकर प्रसाद, संजय श्रीवास्तव, अंब्रिश अग्रवाल, श्रीमती आरती वर्मा द्वारा मुलाकात करने आई बहनों को फल, मिष्ठान, बिस्किट, नमकीन के साथ साथ शीतल जल की भी व्यवस्था की गई थी। इसके अतिरिक्त समिति के सदस्यों द्वारा महिला बन्दियों को मिष्ठान, बिस्किट वितरित किया गया। ऐसे बंदी जिनकी मुलाकात कभी कभी आती है उनको हेल्थ किट, टी-शर्ट वितरित किये गए। कारागार प्रशासन में सक्रिय योगदान करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी जेल अधीक्षक अजय कुमार झा, डिप्टी जेलर देवकांत वर्मा, शेषनाथ यादव, श्रीमती अनीता सक्सेना, श्रीमती माधुरी तिवारी सहित कारागार के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।