: परिजनों के साथ सो रही बालिका को उठा ले गया भेड़िया, सुबह मिला क्षत-विक्षत शव
Sun, Aug 18, 2024
बौंडी, बहराइच। परिवार के साथ सो रही एक बालिका को रात में भेड़िया उठा ले गया। परिजन उसकी तलाश करते रहे पर सुबह उसका शव गन्ने के खेत में पड़ा पाया गया। जिस पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हरदी थाना अंतर्गत पूरे हिंदूसिंहपुरवा गांव निवासी संध्या 05 वर्ष पुत्री प्रमोद कुमार शनिवार रात को परिवार के लोगों के साथ सो रही थी। पिता प्रमोद ने बताया कि रात 11 बजे वह लघुशंका के लिए उठे तो बेटी को गायब देखा। इस पर खोजबीन शुरू हुई। सभी बालिका की तलाश कर रहे थे। रविवार सुबह गांव निवासी परमानंद के गन्ने के खेत में बालिका का क्षत विक्षत शव मिला। इस पर परिवार के लोग रोने लगे। सूचना पाकर वन विभाग के अमित शुक्ला और डायल 112 की पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद शाकिब ने बताया कि भेड़िया के हमले में बालिका की मौत हुई है। पीड़ित परिवार को अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रूपये आर्थिक सहायता राशि दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पांच लाख की राशि दी जाएगी।
: दबंग ने किया पुजारी पर लोहे की राड से हमला, मौत
Sun, Aug 18, 2024
बहराइच। मंदिर में सो रहे पुजारी को रात में एक दबंग ने लोहे की राड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के लिए उसे मेडिकल कालेज लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने लखनऊ रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। पुजारी की पत्नी ने नामजद तहरीर दी है। गौरतलब हो कि रानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोबरहा पंडितपुरवा निवासी तेजराम 45 पुत्र देवता प्रसाद थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत एलिहा के मजरा ढेलहा में स्थित समय माता मंदिर में पुजारी थे। पत्नी रामावती ने थाने में तहरीर देकर कहा कि पति तेजराम लगभग 20-25 वर्ष से मंदिर के पुजारी का काम करते थे। वह मंदिर में ही रहते थे। शनिवार रात 10 बजे के आसपास सोते समय राम चंदर चौहान निवासी हर्राजपुर ने लोहे के राड से सर पर हमला कर दिया। जिस पर वह चोट लगने से चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर सभी दौड़े। घायल पुजारी को सीएचसी से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन हालत में सुधार न होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रात 12 बजे के आसपास रास्ते में पुजारी की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर रविवार सुबह काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। प्रभारी थानाध्यक्ष राजमन यादव ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है। पुजारी की पत्नी रामवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि तीन से चार दिन पहले उनके पति और आरोपी के बीच विवाद के चलते उसने हमला किया है।
: डीएम की अध्यक्षता में कैसरगंज में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
Sat, Aug 17, 2024
बहराइच। तहसील कैसरगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मोनिका रानी ने पुलिस अधीक्षक बृन्दा शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर, उप जिलाधिकारी पंकज दीक्षित, पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह व अन्य अधिकारियों के साथ जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए गए। डीएम द्वारा सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं का निस्तारण समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ करें। जनसमस्याओं के निस्तारण अनावश्यक हीला-हवाली को अत्यन्त गम्भीरता के साथ लिया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिया कि न्यायालय द्वारा निर्णित प्रकरणो में समय से पैमाइश सुनिश्चित की जाय। डीएम ने सचेत किया कि ऐसे प्रकरणों में यदि किसी प्रकार के विलम्ब की शिकायत मिलती है तो सम्बन्धित को निलम्बित करने की कार्यवाही की जाएगी। डीएम ने निर्देश दिया कि अतिक्रमण से मुक्त कराये गये मार्गों, सार्वजनिक स्थानों इत्यादि पर दोबारा कब्ज़े की शिकायत मिलने पर सम्बन्धित के विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराते हुए नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाय। डीएम ने कहा कि रास्ते के विवाद से सम्बन्धित मामलों का थाना दिवस के माध्यम पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावी निस्तारण किया जाय। इस अवसर पर डीएफओ बहराइच अजीत प्रताप सिंह, ए.सी.एम.ओ. डॉ. राजेश कुमार, पीडी डीआरडीए अरूण कुमार सिंह, डीएसओ नरेन्द्र तिवारी, जिला विकास अधिकारी राज कुमार, उप निदेशक कृषि टी.पी. शाही, जिला गन्ना अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, सहायक निदेशक मत्स्य डॉ. जितेन्द्र, जिला पंचायत राज अधिकारी राघवेन्द्र द्विवेदी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी बी.पी. सत्यार्थी, अधि.अभि. जल निगम कमला शंकर, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनोद कुमार राय, जिला कार्यक्रम अधिकारी राज कपूर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, बीडीओ, बीईओ, सीडीपीओ व थानाध्यक्ष मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 10 में 03, कैसरगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 194 में 15, नानपारा में 33 में 04, पयागपुर में 75 में 07, महसी में 17 में 04 तथा तहसील सदर में प्राप्त 31 प्रार्थना-पत्रों 04 को निस्तारण मौके पर किया गया।