: बेलहा-बेहरौली तटबन्ध का डीएम ने किया निरीक्षण
Fri, Jun 14, 2024
बहराइच। जनपद में संभावित बाढ़ से पूर्व बेलहा-बेहरौली तटबन्ध की सुरक्षा तथा संचालित हो रहे कटान रोधी कार्यों का जायज़ा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मोनिका रानी ने महसी क्षेत्र के बौण्डी, गोलागंज, कायमपुर, पिपरा-पिपरी, किसानगंज चौराहा, मुरव्वा, मुंसरी, भगवानपुर चौराहा इत्यादि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान डीएम ने बौण्डी के पास बेलहा-बहरौली तटबंध के स्पर नम्बर 01 पर व कोढ़वा में कराये जा रहे कटान रोधी कार्य का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सरयू ड्रेनेज खण्ड के सहायक अभियन्ता बी.बी. पाल ने बताया कि घाघरा नदी के बायें तट पर स्थित बेलहा-बेहरौली तटबन्ध की कुल लम्बाई 95.00 कि.मी. है। तटबन्ध के कि.मी. 55.700 पर निर्मित स्पर नम्बर 01 की सुरक्षा हेतु रू. 375.05 लाख की लागत से कटान रोधी कार्य चल रहा है। जिसमें 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण है। इस कार्य से जहां 6700 की जनसंख्या लाभान्वित होगी वहीं 6690 हेक्टेयर कृषि भूमि की सुरक्षा होगी। सहायक अभियन्ता श्री पाल ने बताया कि तटबन्ध के ग्राम समूह कोढ़वा, करैहना एवं पिपरी की कटान से सुरक्षा हेतु रू. 447.80 लाख की लागत से कटान रोधी कार्य कराया गया है। यह कार्य पूर्ण हो चुका है। इस परियोजना से जहां 7600 की जनसंख्या लाभान्वित होगी वहीं 6375 हेक्टेयर कृषि भूमि की सुरक्षा होगी। डीएम ने मौके पर मौजूद अधि.अभि. लो.नि.वि. प्रान्तीय खण्ड प्रदीप कुमार को निर्देश दिया कि कटान रोधी कार्य में प्रयुक्त की जा रही सामग्री की सैम्पुलिंग करा ली जाय। सरयू ड्रेनेज़ खण्ड के अधिकारियों को निर्देश दिया कि तटबन्धों व स्परों की सुरक्षा के दृष्टिगत रेनकट व रैट होल का सघनता के साथ निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार मरम्मत करा दें। निरीक्षण के दौरान नदी में हो रहे ड्रेज़िंग कार्य के बारे में सहायक अभियन्ता ने डीएम को बताया कि यह कार्य टेक्निकल डिवीज़न वाराणसी द्वारा कराया जा रहा है। डीएम ने तहसील प्रशासन व ड्रेनेज़ खण्ड के अधिकारियों को निर्देश दिया कि आनगोईंग कार्यों को बाढ़ से पूर्व पूर्ण करा लिया जाय तथा तटबन्धों तथा स्परों की सुरक्षा के लिए निगरानी रखी जाय। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी महसी अखिलेश कुमार सिंह, सहायक अभियन्ता लो.नि.वि. अंकित वर्मा व एस.के. वर्मा, नायब तहसीलदार राजदीप यादव, थानाध्यक्ष बौण्डी ज्ञान सिंह सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: तेंदुए के हमले में मासूम की मौत
Thu, Jun 13, 2024
बहराइच। तेंदुए के हमले में मासूम की मौत हो गई। घायल मासूम को इलाज के लिए परिजन मोतीपुर सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ज्ञातव्य हो कि थाना मोतीपुर अन्तर्गत टेपरा धर्मापुर निवासी शाहीन के चार वर्षीय पुत्र वाहिद पर तेंदुए ने बीती रात्रि हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। उप जिलाधिकारी मिहींपुरवा मोतीपुर द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा में पहुंचकर परिजनों से मिलकर उन्हें ढाढस दिलाया गया। क्षेत्रीय लेखपाल को अग्रिम आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
: त्यौहार पर किसी नई परम्परा की नहीं होगी शुरूआतः डीएम
Thu, Jun 13, 2024
डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला शान्ति समिति की बैठक
बहराइच। ईदुज्जुहा (बकरीद) त्यौहार व गंगा दशहरा को शान्तिपूर्ण ढ़ंग से सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराये जाने के मद्देनजर जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शान्ति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मौजूद सम्भ्रान्तजनों द्वारा आश्वस्त किया गया कि आसन्न त्यौहारों को शासन-प्रशासन की गाईडलाइन व दिशा निर्देशों का पालन करते हुए गत वर्षों की भांति सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जायेगा। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि सम्भ्रान्तजनों व धर्म गुरूओं की ओर से साफ-सफाई, बिजली, पानी इत्यादि के सम्बन्ध में जो महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए हैं उसका समय से निराकरण कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि शान्ति समिति की बैठक का उद्देश्य यही है कि संभ्रान्तजनों के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किया जाय और उसका समय से निराकरण कराया जाय। डीएम ने अधिशासी अधिकारियों व डीपीआरओ को निर्देश दिया कि नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में समुचित साफ-सफाई विशेषकर धार्मिक स्थलों के आस-पास पर्याप्त साफ-सफाई करा दें। उन्होंने मौजूद लोगों का आहवान करते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था में सभी की सहभागिता आवश्यक है। इस कार्य में सभी लोग भरपूर सहयोग देते हुए ग्रामीण व नगर क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाये रखने मंे सहयोग करें। डीएम ने त्यौहार के अवसर पर नियमित जलापूर्ति व विद्युत आपूर्ति के लिए भी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। डीएम मोनिका रानी व पुलिस अधीक्षक बृन्दा शुक्ला ने कहा कि सभी लोग एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए भाईचारे के साथ त्यौहार को मनायें। असामाजिक तत्वों से सावधान रहें, यदि कोई अप्रिय बात हो तो उच्च अधिकारियों के संज्ञान में अवश्य लायें। डीएम व एसपी ने कहा कि त्यौहार के अवसर पर किसी नई परम्परा की अनुमति नहीं होगी। त्यौहार को पारम्परिक ढंग से मनायें, निर्धारित स्थलों पर ही कुर्बानी की जाय। प्रतिबन्धित जानवरो की कुर्बानी न की जाय तथा अवशेष का सम्मानजनक ढंग से निस्तारण किया जाय। सड़कों पर धार्मिक आयोजन न किये जायें तथा ध्वनि विस्तारक यन्त्रों का प्रयोग करने में शासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें। डीएम व एसपी ने कहा कि शरारती व असामाजिक तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। किसी को कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं होगी। गुड पुलिसिंग व्यवस्था रहेगी परन्तु माहौल को खराब करने वालों के विरूद्ध नियमानुसार सख्ती से कार्रवाई की जायेगी। सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की भ्रामक व भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। बैठक के दौरान एसडीएम व सीओ को निर्देश दिया गया कि थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठक कर लें। बैठक के माध्यम से किसी समस्या के संज्ञान में आने पर उसका समय से निराकरण सुनिश्चित कराएं। एसडीएम को ग्रामीण क्षेंत्रो में साफ-सफाई व्यवस्था का पर्यवेक्षण करने के भी निर्देश दिये गये। बैठक के दौरान ईशरत महमूद, तेजे खॉ, ज़फर उल्लाह खां बन्टी, लड्डन खां, मौलाना खालिद, राकेश चन्द्र श्रीवास्तव, निशा शर्मा, रूमी मियां, कारी ज़ुबेर, चेयरमैन नगर पालिका परिषद नानपारा अब्दुल वहीद, प्रमुख प्रतिनिधि फखरपुर रणवीर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, बच्चे भारती सहित जनपद के अन्य क्षेत्रों से आये हुए धर्मगुरूओं व संभ्रान्तजन द्वारा बिजली, पानी, साफ-सफाई के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये। बैठक का संचालन मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह ने किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा व ग्रामीण डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, नगर मजिस्टेªट शालिनी प्रभाकर, सीएमओ डॉ. राजेश कुमार, एसडीएम सदर राकेश कुमार मौर्या, कैसरगंज के पंकज दीक्षित, महसी अखिलेश कुमार सिंह, नानपारा अश्वनी पाण्डेय, पयागपुर के दिनेश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारीगण, जिला स्तरीय अधिकारी व नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, धर्मगुरूओ व संभ्रान्तजनों सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।