: चकबन्दी प्रकिया को पारदर्शी व समयबद्ध तरीके से कराये पूर्णः डीएम
Sat, Nov 9, 2024
लम्बित वादों का शीघ्र निस्तारण कराया जाय
सर्वे के अनुसार चकबन्दी की कार्रवाई शीघ्र करें पूरी
डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई चकबन्दी कार्यों की समीक्षा बैठक
बहराइच। चकबन्दी कार्यों की समीक्षा हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने क्षेत्रवार प्रचलित चकबन्दी वादों की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि न्यायालयों में योजित वादों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए ठोस जवाब दाखिल किया जाय। कब्जा परिवर्तन से सम्बन्धित प्रकरणों में रस्म अदायगी न की जाय बल्कि सम्बन्धित अधिकारी स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर भौतिक रूप से कब्जा परिवर्तन की कार्यवाही सुनिश्चित करायें। जिलाधिकारी ने अधिक अवधि से लम्बित वादों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उचित प्रक्रिया अपनाते हुए वादों का शीघ्र निस्तारण कराया जाय। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक पक्षीय कार्यवाही से बचें। प्रकरणों का निस्तारण करते समय दोनों पक्षों की बात सुनकर कार्यवाही करने से लोग संतुष्ट होंगे और अपील जैसे मामलों में कमी आयेगी। डीएम ने निर्देश दिया कि सर्वे के अनुसार चकबन्दी की कार्यवाही शीघ्र पूरी करें। डीएम ने मा. उच्च न्यायालय में प्रचलित सीलिंग वादों के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिये। बैठक का संचालन बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी सुखेन्द्र सिंह ने किया। इस अवसर पर चकबन्दी अधिकारी अरविन्द द्विवेदी, श्री नकवी, सहायक चकबन्दी अधिकारी राजेश कुमार सोनी, राम कुमार वर्मा, दीपेन्द्र अवस्थी, गया प्रसाद, कौशल कुमार सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: आलू लदी ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, पिता-पुत्र व दादी सहित तीन की मौत
Sat, Nov 9, 2024
रिसिया, बहराइच। थाना रिसिया के आसाम रोड हाइवे पर सुदेश सरिया मिल के सामने आलू से लदी ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया। बाइक पर सवार चार लोगो में दो की मौत तत्काल हो गई। जबकि दो की हालत काफी गंभीर थी, जिन्हे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जहां अस्पताल में इलाज के दौरान भी एक की मौत हो गई। थाना रिसिया के समसा तरहर गांव में छठ पूजा के लिए रिश्तेदारी में आए पुजारी पुरवा नानपारा निवासी गुलाब सिंह चौहान पुत्र रामायण उम्र 35 वर्ष वापस अपने गांव जाने के लिए निकले। उनकी बाइक पर उनकी मां लालती देवी पत्नी रामायण उम्र 60वर्ष, आदित्य पुत्र गुलाब 7 वर्ष, आशीष पुत्र गुलाब सिंह 5 वर्ष सभी सवार थे। ज्यों ही उनकी बाइक सुदेश इंडस्ट्रीज प्रा.लि. के पास पहुंची, उसी समय नानपारा की ओर से आलू से लदी ट्रक पहुंच गई। ट्रक ने लापरवाही से चलाते हुए बाइक पर चढ़ा दिया। घटना स्थल पर वृद्धा और बालक की मौत हो गई। घायल गुलाब सिंह को और उनके एक बेटे को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया । जहां इलाज के दौरान गुलाब की भी मौत हो गई। घटना सुबह करीब नौ बजे की है। इस हादसे में ट्रक अनियंत्रित होकर हाइवे से बीस मीटर अंदर जाकर सरिया मिल की दीवार में घुस गई। जिसे क्रेन के जरिए निकाला गया। यह हादसा बहराइच से नानपारा मार्ग आसाम रोड हाइवे पर हुआ। जो बहराइच के गल्ला मंडी से 8 किमी की दूरी पर नानपारा मार्ग पर स्थित है। बाइक सवार हेलमेट लगाए हुए था। अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। मृतकों के शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है अन्य विधि कार्रवाई की जा रही है।
: फांसी लगाकर बालिका ने दी जान, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Fri, Nov 8, 2024
पुलिस ने परिवारजनों को समझाकर बालिका के शव को पीएम के लिए भेजा
सुजौली थाना क्षेत्र के बाजपुर बनकटी गांव की घटना
बिछिया, बहराइच। सुजौली थाना क्षेत्र के बाजपुर बनकटी गांव में एक नाबालिक बालिका ने घर के अंदर ही फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। मौके पर परिजन काफी देर तक रोते बिलखते रहे। घटना सुजौली थाना क्षेत्र के बाजपुर बनकटी गांव का है। जहां पर शेर बानो पुत्री आरिफ उम्र 14 वर्षघर के अंदर ही फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घर पर जब उसकी छोटी बहन अल्फिया पहुंची तो उसने देखा की बहन का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा है। उसने तत्काल मजदूरी करने गए अपने माता-पिता को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पर परिवारजनों ने बालिका के शव को नीचे उतारा। मौके पर पहुंचें बालिका के माता-पिता द्वारा तत्काल सूचना सुजौली थाने की पुलिस को दी गई। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे वरिष्ठ उप निरीक्षक शैलेंद्र सोनकर, उप निरीक्षक रमाशंकर, कांस्टेबल हरविंदर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 14 वर्षीय बालिका की मौत से परिवारजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
कार्यों में लापरवाही पर दो ग्राम विकास अधिकारी हुए निलम्बित
बहराइच। जिला विकास अधिकारी राज कुमार ने बताया कि विकास खण्ड की बैठक में भाग न लिये जाने एवं ग्राम पंचायतों में उपस्थित न होने के कारण रैनवाटर हार्वेस्टिंग, आवास सत्यापन, आंगनबाडी बाला पेन्टिंग, मनरेगा योजना आदि के विकास कार्य लम्बित रहने के आरोप में आनन्दपाल श्रीवास्तव ग्राम विकास अधिकारी के विरूद्ध उ.प्र. अनुशासन एवं अपील नियमावली 1999 यथा संशोधित 2000 में निहित प्राविधानों के अन्तर्गत अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारम्भ करते हुए तात्कालिक प्रभाव से निलम्बित कर विकास खण्ड विशेश्वरगंज से सम्बद्ध किया गया है। इसी प्रकार विकास खण्ड मुख्यालय व क्षेत्र से अनाधिकृत रूप से पलायित रहने, खण्ड विकास अधिकारी के विभिन्न आरापों में निर्गत पत्र का जवाब न देने तथा ग्राम्य विकास विभाग, पंचायती राज विभाग तथा अन्य विभाग की योजनाओं की प्रगति प्रभावित किये जाने के आरोप में शिवांश त्रिपाठी ग्राम विकास अधिकारी के विरूद्ध उ.प्र. अनुशासन एवं अपील नियमावली 1999 यथा संशोधित 2000 में निहित प्राविधानों के अन्तर्गत अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारम्भ करते हुए तात्कालिक प्रभाव से निलम्बित कर विकास खण्ड फखरपुर से सम्बद्ध किया गया है।
गुण्डा एक्ट के तहत 04 अपराधी हुए जिला बदर
बहराइच। जनपद में विधि व्यवस्था एवं लोक परिशान्ति सहित लोक व्यवस्था व जनसुरक्षा कायम रखने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट मोनिका रानी द्वारा 04 अपराधियों के विरूद्ध धारा 3(1) गुण्डा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 06 माह के लिए जनपद से जिला बदर कर दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश के अनुसार थाना मोतीपुर अन्तर्गत ग्राम मटेहीकलां निवासी राकेश उर्फ रामकेस व राम उग्रह उर्फ उग्रे तथा थाना पयागपुर अन्तर्गत ग्राम गुलहरिया दा. त्रिकोलिया निवासी राम प्यारे व रमेेश कुमार को 06 माह के लिए जनपद से जिला बदर कर दिया गया है।