भेड़िए के हमले में दो मासूम घायल : महिलाओं की बहादुरी से टली बड़ी घटना
Sat, Nov 15, 2025
फखरपुर, बहराइच।
थाना फखरपुर क्षेत्र के ग्रामसभा कोठवल कलां में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे भेड़िए ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो मासूम बच्चे घायल हो गए। पहली घटना में ग्राम निवासी विजय साहू का पुत्र शिवांशु साहू घर के बाहर खेल रहा था, तभी भेड़िए ने उस पर झपट्टा मारा। बच्चे की चीख सुनकर आसपास मौजूद महिलाओं ने साहस दिखाते हुए भेड़िए को भगाया और बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ा लिया। घायल शिवांशु का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर में चल रहा है। इसी दौरान कुछ देर बाद भेड़िए ने रामसिंह पुत्र बाबादीन की पुत्री अंजनी देवी तीन वर्ष पर भी हमला कर दिया और उसे दबोचकर ले जाने की कोशिश की। चीख-पुकार सुनकर बच्ची की मां पूजा देवी मौके पर पहुंचीं और बहादुरी दिखाते हुए बच्ची को छुड़ा लिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल सीएचसी फखरपुर भेजा गया। जहां उसका इलाज जारी है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से गांव में भेड़िए की लगातार हो रही सक्रियता पर ध्यान देने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। वहीं बेलहरी निवासी मकबूल अहमद 65 वर्ष पर भेड़िये ने हमला कर दिया। तभी गांव के लोगों ने भेड़िये को घेरकर करीब 3 बजे मार गिराया। ग्रामीणों का कहना है कि भेड़िया है वहीं वन विभाग के अधिकारी कह रहे है सियार है।
होटल के कमरे में मिला शव : मृतक के साथ रुकी महिला हुई फरार
Sat, Nov 15, 2025
बहराइच।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के चौकी तिकोनी बाग अन्तर्गत निकट बंजारी मोड़ राधा कृष्ण होटल के कमरा नंबर 106 में ग्राम बिसवां जैता बाजार के रहने वाले महीप कुमार सिंह पुत्र ज्ञानू सिंह थाना बौंडी मृत अवस्था में मिले। घटना की सूचना होटल के स्टाफ ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस होटल में पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी। बताया गया कि मृतक बहुत ही नशे की हालत में था और साथ में एक औरत व बच्चा भी मृतक के साथ था। महिला बच्चे सहित सुबह सुबह 5 बजे होटल से चली गई थी। जब सुबह 11 बजे स्टाफ द्वारा चेक आउट के समय कमरे पर पहुंचा तो कमरा खुला हुआ था और अंदर 106 नंबर कमरे पर रुकने वाले महीप कुमार सिंह बेड पर मृत अवस्था में पड़े मिले। घटनास्थल पर फोरेंसिंक टीम पहुंचकर साक्ष्यो का संकलन किया। मौके पर मृतक के परिजन मौजूद रहे। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही पूर्ण कर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। प्रकरण के समस्त पहलुओं की गहनता से जाँच की जा रही है, प्राप्त तथ्यों के आधार पर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
पिंजरे में कैद हुआ आदमखोर बाघ : ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
Sat, Nov 15, 2025
बहराइच।
कतर्निया घाट वन्य जीव प्रभाग के ककरहा रेंज के धर्मपुर बेझा गांव में पिछले कई दिनों से बाघ का आतंक जारी था। जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ था। वन विभाग की कई टीमों को इलाके में तैनात किया गया था। शनिवार सुबह भोर मे वन विभाग ने बाघ को पिंजरे में सफलतापूर्वक कैद कर लिया। बाघ के पिंजरे में फँसते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि यह वही बाघ है जिसने दो लोगों की जान ले ली थी। हमलों के बाद गांव के लोगों में भारी आक्रोश था। लगातार शिकायतों के बाद विभाग ने ऑपरेशन तेज किया था। पिंजरे में कैद बाघ को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है। क्षेत्र में अब सुरक्षा व्यवस्था सामान्य की जा रही है।