: विभिन्न योजनाओं के तहत दान किये गए गोवंशों का कराएं सत्यापन: मोनिका रानी
Tue, May 23, 2023
चारा, पानी, भूसा व उपचार के माकूल बन्दोबस्त करने के दिए गए निर्देश
हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए बाड़ों में लगाए जाएगें टाट के पर्दे
बहराइच। जिले में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण के लिए संचालित वृहद गो संरक्षण केन्द्र तथा अस्थाई गोवंश आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु सोमवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने निर्देश दिया कि सहभागिता योजना अन्तर्गत गोदान किये गोवंशों की सूची के अनुसार उनका सत्यापन करा लिया जाए। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि भरण पोषण एवं पोषण मिशन अन्तर्गत कुपोशित बच्चों के अभिभावकों को दान किये गये गोवंशों का जिला कार्यक्रम अधिकारी के माध्यम से सत्यापन कराया जाय। डीएम मोनिका रानी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद को निर्देश दिया कि गोआश्रय स्थलों की की जांच हेतु चेक लिस्ट तैयार कर न्याय पंचायतवार जिला स्तरीय अधिकारियों से सत्यापन करा लिया जाए। सत्यापन के पश्चात ही गोंवशों की संख्या के अनुसार समानुपातिक आधार पर धनराशि का आवंटन किया जाय। जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित मानक के अनुसार गोआश्रय स्थलों पर चारा, पानी, छावं, भूसा विशेषकर हरा चारे का प्रबन्ध सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने यह भी कहा कि ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए गोआश्रय स्थलों में पेयजल की विशेष व्यवस्था रखें एवं टाट के पर्दे लगाकर पशुओं को लू से बचाया जाय तथा निरन्तर अन्तराल पर पर्दों की वाटरिंग भी की जाय जिससे पशुओं को तपिश से बचाया जा सके। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि जिले में कुल 118 गोवंश आश्रय स्थल संचालित है जिसमें से 04 वृहद गो संरक्षण केन्द्र, 93 अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल, 02 कान्हा गोशाला तथा जिला पंचायत द्वारा संचालित 19 कांजी हाउस हैं। वर्तमान में जिले में 16664 गोवंश संरक्षित हैं। डॉ. प्रसाद ने बताया कि अब तक 610 गोवंश पोषण मिशन योजना के अन्तर्गत वितरित किये गये हैं। जिसके लिए सम्बन्धित परिवारों को गोवंश के भरण-पोषण हेतु रू. 900 प्रतिमाह दिये जा रहे हैं। जबकि मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत अब तक 2308 गोवंश पशुपालकों दिये गये हैं इन्हें भी भरण-पोषण हेतु रू. 900 प्रतिमाह दिया जा रहा है। डॉ. प्रसाद ने बताया कि जिले में निर्माणाधीन 04 वृहद गोसंरक्षण केन्द्र का कार्य पूर्ण हो गया है। यह संरक्षण केन्द्र विभाग को हस्तगत हो गये हैं। इन वृहद गोसंरक्षण केन्द्र में भूसा का संग्रहण करा दिया गया है। गौशालाओं की बाउण्ड्रीवाल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। यह कार्य पूर्ण होते ही वृहद गोसंरक्षण केन्द्रों को संचालित करा दिया जाएगा। डॉ. प्रसाद ने बताया कि गोशालाओं में संरक्षित गोवंशों के हरे चारे हेतु अधिकांशतः गोआश्रय स्थलों पर लगभग 100 हेक्टेयर क्षेत्रफल में नैपियर घास की बोआई करा दी गई है। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने जिले के अधिकारियों को निर्देेश दिया कि गोवंशों का संरक्षण मा. मुख्यमंत्री व शासन की शीर्ष प्राथमिकता है इसलिए सभी जिम्मेदार अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि गोआश्रय स्थलों पर चारे, पानी, छांव, भूसा एवं हरे चारे की कमी न रहे। डीएम ने सीवीओ डॉ. प्रसाद को निर्देश दिया कि पशु चिकित्साधिकारियों के माध्यम से संरक्षित गोवंशों का समय समय पर स्वास्थ परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उनके उपचार का प्रबन्ध किया जाय। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कविता, डीसी मनरेगा के.डी. गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय, समस्त उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी तथा खण्ड विकास अधिकारी मौजूद रहे।
: नदी में कूदकर जान देने आए युवक को पुलिस ने बचाया
Sat, May 20, 2023
जरवलरोड, बहराइच। पत्नी की मृत्यु के बाद उसके गम में दुखी तथा पारिवारिक समस्याओं से पीड़ित एक युवक जान देने की नियत से घाघरा पुल पहुंच गया। पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही संजीत यादव व रंजय साहनी ने युवक को पैदल पुल पर जाता देख पीछा कर युवक को नदी में कूदने से बचा लिया है तत्पश्चात युवक को समझा-बुझाकर परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है। शनिवार की शाम करीब 5ः30 बजे बहराइच के कैसरगंज थाना अंतर्गत हतिंशी गांव निवासी 35 वर्षीय राजकुमार सिंह पुत्र हनुमान रोडवेज बस से घाघरा घाट पुल से कुछ दूर पहले उतर कर घाघरा घाट पुल की तरफ रोते हुए जा रहे थे। तभी पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही संजीत यादव व रंजय साहनी ने युवक को रोते हुए पुल की तरफ जाते देख पीछा करते हुए नदी में कूदने से पहले घाघरा पुल से पकड़ लिया। घाघरा चौकी प्रभारी आदित्य कुमार ने बताया कि पूछताछ में युवक ने बताया कि 3 वर्ष पूर्व उसकी पत्नी की मौत हो गई थी उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। पत्नी की मौत के बाद वह अक्सर दुखी रहते थे इसलिए जान देने की नियत से घाघरा पुल आए थे। लेकिन उन्हें सकुशल सुरक्षित बचा लिया गया है। समझा-बुझाकर उन्हें सकुशल परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है।
: सम्पूर्ण समाधान दिवस पर 329 शिकायतों में से 20 का निस्तारण
Sat, May 20, 2023
सीआरओ की अध्यक्षता में तहसील कैसरगंज में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
बहराइच। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवसों की कड़ी में माह मई के तृतीय शनिवार को तहसील कैसरगंज में मुख्य राजस्व अधिकारी अवधेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस अवसर पर सीआरओ श्री मिश्र ने पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय, उप जिलाधिकारी कैसरगंज महेश कुमार कैथल व अन्य अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याओं की गम्भीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। सीआरओ श्री मिश्र ने जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का समयबद्धता के साथ निस्तारण करते हुए गरीब व पीड़ित व्यक्तियों को तत्काल न्याय दिलाएं। श्री मिश्रा ने सम्बन्धित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि पात्रता के अनुसार आमजन को प्राथमिकता के आधार पर शासकीय योजनाओं से आच्छादित कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों को अमलीजामा पहनाया जाय तथा प्रत्येक कार्य दिवस में जनसुनवाई के दौरान आने वाले सभी गरीब, जरूरतमन्द तथा असहाय लोगों की हर संभव मदद की जाय तथा उन्हें उनकी पात्रता के अनुसार लाभान्वित भी किया जाय। कैसरगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त 111 प्रार्थना-पत्रों में 06, महसी में प्राप्त 61 में 02, सदर बहराइच में 36 में 02, पयागपुर में 79 में 06, नानपारा में 12 में 02 तथा मिहींपुरवा (मोतीपुर) में प्राप्त 30 प्रार्थना-पत्रों में से 02 का मौके पर निस्तारण किया गया।