: बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी ठोकर, घायल
Sat, May 27, 2023
लखनऊ से घर लौट रहा था युवक
जरवलरोड, बहराइच। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात लखनऊ से वापस घर लौट रहे बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जिले के कैसरगंज थाना अंतर्गत भौली जलालपुर निवासी 42 वर्षीय राकेश पुत्र गया प्रसाद लखनऊ में भर्ती अपने भाई की पत्नी को देखकर देर रात मोटरसाइकिल से अपने घर आ रहे थे। तभी लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाघरा घाट रेलवे स्टेशन के निकट तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से ठोकर मार दी। जिससे बाइक सवार राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए तथा मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई है। राहगीर की सूचना पर घाघरा घाट चौकी प्रभारी आदित्य कुमार, कांस्टेबल संजीत यादव के साथ मौके पर पहुंचकर तत्काल एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद में भर्ती कराया तथा परिजनों को सूचना दी। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने घायल युवक को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया है।
: जरवलरोड थाने पर पहुंचे डीआईजी, सुनी लोगों की फरियाद
Sat, May 27, 2023
जरवलरोड, बहराइच। शनिवार को आयोजित समाधान दिवस पर देवीपाटन मंडल के डीआईजी ने जरवलरोड थाने का औचक निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। डीआईजी ने थाना दिवस में आने वाली शिकायतों को समय से गुणवत्ता पूर्वक निस्तारण करने के आदेश देते हुए थाना परिसर का भी निरीक्षण किया। समाधान दिवस के मौके पर अचानक थाना परिसर पहुंचे डीआईजी ए.पी.सिंह ने जरवलरोड थाने का औचक निरीक्षण कर थाना परिसर में उपस्थित फरियादियों की समस्याएं सुनी। समाधान दिवस में प्राप्त 12 प्रार्थना पत्र में तीन का मौके पर निस्तारण किया गया है। शिकायती प्रार्थना पत्रों पर पुलिस व राजस्व की टीम गठित की गयी है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम महेश कुमार कैथल, प्रभारी निरीक्षक दद्द्न सिंह, राजस्व निरीक्षक वाहिद कमाल, चांद बाबू, लेखपाल पंकज कुमार, राम किशुन सहित दर्जनों जिम्मेदार अधिकारी वा कर्मचारी उपस्थित रहे।
: किसान सम्मान निधि से कोई भी अछूता न रहे किसानः एडीओ कृषि
Sat, May 27, 2023
कैसरगंज, बहराइच। विकास खंड कैसरगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत मीरपुर में किसान सम्मान निधि का ग्राम प्रधान मीरपुर मोहम्मद जावेद की अगुवाई में किसान सम्मान निधि का चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहायक विकास अधिकारी कृषि प्रेम शंकर शाश्वत ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही किसान सम्मान निधि योजना से छूटे हुए किसानों को चिन्हित कर उनका रजिस्ट्रेशन तथा केवाईसी कराई जा रही है। ग्राम पंचायतों से छूटे हुए किसानों का आधार कार्ड, बैंक अकाउंट की कॉपी तथा खतौनी लेकर रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। केवाईसी से छूटे लाभार्थियों में सिराजुद्दीन, मोहम्मद कलीम, कैसरुन, अलाउद्दीन, रविया, मंगल प्रसाद, कैलासा, नुसरतजहां, आसाराम, मोहम्मद हलीम आदि लाभार्थियों का केवाईसी फार्म जमा किया गया। इस मौके सहायक विकास अधिकारी कृषि प्रेमशंकर सारस्वत, एरिया टेक्निकल मैनेजर कल्पनाथ, रोजगार सेवक सुखदेव प्रसाद, सफाई कर्मचारी अजय कुमार, पंचायत सहायक सहित पुरुष व महिलाएं मौजूद रहे।