: सरदार जोगेन्द्र सिंह व रफी अहमद किदवई को किया याद
Sun, Nov 10, 2024
सेनानी उत्तराधिकारियों ने माल्यार्पण कर अर्पित की श्रद्धांजलि
बहराइच। स्थानीय सेनानी भवन परिसर में प्रत्येक माह में प्रातः दस बजे दस मिनट अपने पूर्वजों स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के सम्मान एवं उनके उत्तराधिकारियों के अस्तित्व की रक्षा हेतु माल्यार्पण एवं नमन वंदन किए जाने के क्रम में पूज्य बापू महात्मा गांधी, पूर्व राज्यपाल सरदार जोगेंद्र सिंह एवं रफी अहमद किदवई की मूर्तियों पर सेनानी उत्तराधिकारियों ने माल्यार्पण कर पुष्पांजलि/श्रद्धांजलि अर्पित की और वन्देमातरम् का गायन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन संरक्षक एवं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी ने कहा कि पूज्य बापू महात्मा गांधी जी सभी ध्रुवों, महाद्वीपों और सूर्य अस्त न होने वाले ब्रिटिश साम्राज्य को पराजित करने वाले महान योद्धा थे। संगठन के जिला महामंत्री राजू मिश्र उर्फ मुन्ना भैया ने कहा कि रफी अहमद किदवई घोर राष्ट्र वादी थे। उन्होंने कश्मीर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर शेख अब्दुल्ला की अधिनायक वादी नीतियों का विरोध किया और निडरता से अपनी बात पर अडिग रहे। अन्त में सेनानी उत्तराधिकारियों ने इस आशय के साथ कि हमारे पूर्वजों ने इस देश को आजाद कराया है इसलिए हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम इस स्वतंत्रता को चिरंजीवी रखें, कार्यक्रम समाप्त किया। कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र, संगठन उपाध्यक्ष विशेश्वर नाथ अवस्थी, माता प्रसाद, रक्षाराम यादव, फूलमती देवी, तुलसी राम मौर्य, जाकिर अली सहित तमाम सेनानी उत्तराधिकारी मौजूद रहे।
: चोरी के मामले में उप निरीक्षक व सिपाही निलंबित
Sat, Nov 9, 2024
ड्यूटी के दौरान चोरी होने पर एसपी ने की कार्रवाई
बहराइच। चोरी के मामले में उप निरीक्षक व सिपाही को एसपी ने निलंबित कर दिया। ड्यूटी के दौरान चोरी होने पर एसपी ने कार्रवाई की। फखरपुर थाना क्षेत्र के गजाधरपुर के टेड़वा उजार में प्रभाकर पांडेय की सराफा की दुकान है। दुकान में बीते रविवार को आधी रात को बोलेरो वाहन से चोरों ने 70 ग्राम सोने के जेवरात, 30 किलो चांदी और 2.70 लाख रुपये नकदी समेत 15 लाख से अधिक की चोरी की थी। बड़ी चोरी की सूचना वारिष्ठ अधिकारियों को न देने पर सोमवार को थानाध्यक्ष अभिनव प्रताप सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया था। अब पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने बीट के उप निरीक्षक श्रीकृष्ण यादव व सिपाही अबरार खान को निलम्बित कर दिया है। एसपी ने बताया कि ड्यूटी के बाद भी बड़ी चोरी होना सवाल खड़े करता है। जिस पर दोनों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है।
परिवहन विभाग द्वारा एक मुश्त समाधान योजना लागू
बहराइच। तीन माह की अवधि के लिए एक मुश्त समाधान योजना लागू की गई है। जिसके अन्तर्गत वाहन स्वामी अथवा उनके विधिक वारिस को वाहन के बकाया कर की पेनाल्टी में शत-प्रतिशत छूट दी जायेगी। बकायेदारों को उक्त योजना का लाभ लेने के लिए सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय में तिपहिया एवं हल्के वाहन हेतु रूपये 200 तथा भारी वाहनों हेतु आवेदन शुल्क 500 रूपये जमा कर आवेदन कर सकते है। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन राजीव कुमार ने बताया कि जिन वाहनों के प्रति अधिसूचना के गजट में प्रकाशित किये जाने के दिनांक तक कर एवं पेनाल्टी हेतु वसूली प्रमाण पत्र जारी किया गया हो वह भी इस योजना का लाभ ले सकते है। आवेदनों का निस्तारण अधिसूचना में निर्धारित निबंधनों एवं शर्तों के अधीन ही किया जायेगा।
: स्व. मदनलाल अग्रवाल स्मारक राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का हुआ समापन
Sat, Nov 9, 2024
बालिका वर्ग में विदुषी व अरूणिमा ने छः-छः पदक जीतकर रचा इतिहास
बालकों में हुसेन अंसारी, शिवम यादव, रजत तिवारी ने लहराया जीत का परचम
बहराइच। इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जा रही स्व. मदनलाल अग्रवाल स्मारक राज्य स्तरीय आमंत्रण बैडमिंटन प्रतियोगिता के चौथे दिन खेले गए फाइनल मुकाबलों में बहराइच की विदुषी जायसवाल व अरूणिमा यादव ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए छः छः पदक जीतकर इतिहास रच डाला। बालक वर्ग में हुसेन अंसारी, शिवम यादव, रजत तिवारी ने अपने प्रतिद्वंदियों को हराकर जीत का परचम फहराया। अंडर 17 बालिका एकल में विदुषी जायसवाल ने अरूणिमा यादव को 21-18, 21-13 से हराकर जीत दर्ज कराई। अंडर 17 बालक एकल वर्ग में गोरखपुर के हुसैन अंसारी ने बाराबंकी के ऐश्वर्य वर्मा को 21-14, 21-14 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। अंडर 17 बालक युगल वर्ग में आजमगढ़ के हर्ष पाठक व उदय पांडे की जोड़ी ने लखनऊ गोरखपुर के हुसैन अंसारी व शिवम यादव को 17-21, 21-8, 21-10 से हराकर जीत दर्ज की। इन्दिरा स्टेडियम में आयोजित भव्य समापन समारोह में मुख्य अतिथि आइएएस अजयदीप सिंह, विशिष्ट अतिथि ओलंपिक एसोसिएशन प्रदेश सचिव आनंदेश्वर पांडे, एसपी सिटी रामानंद प्रसाद कुशवाहा, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष गौरीशंकर भानीरामका, ओलंपिक संघ के वरिष्ठ संरक्षक अशोक मातनहेलिया, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि करन वीर सिंह, ब्लाक प्रमुख अजीत प्रताप सिंह रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी वक्ताओं ने अगले साल दोबारा इस प्रतियोगिता को आयोजित करने की उम्मीद जताई। आयोजक मंडल ने भी इसे हर साल आयोजित करने की बात कही।