: मण्डी में संचालित गेहूॅ क्रय केन्द्रों का डीएम ने किया निरीक्षण
Thu, May 11, 2023
बहराइच। रबी विपणन वर्ष 2023-24 समर्थन मूल्य योजना के तहत जनपद में की जा रही गेहूॅ खरीद का जायज़ा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कृषि उत्पादन मण्डी समिति सलारपुर स्थित क्रय एजेन्सी खाद्य एवं विपणन विभाग के 02 गेहूॅ क्रय केन्द्रों का निरीक्षण कर गेहूॅ की खरीद तथा क्रय केन्द्रों द्वारा कृषकों को प्रदान की रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान कोई भी प्रतिकूल तथ्य प्रकाश में नहीं आया। गेहूॅ क्रय केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान डीएम डॉ. चन्द्र ने जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को निर्देश दिया कि समस्त क्रय एजेन्सियां क्रय केन्द्र प्रभारियों के माध्यम से मोबाइल द्वारा कृषकों के मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क कर उन्हें सरकारी क्रय केन्द्र पर अपनी उपज लाने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित करें। डीएम ने सुझाव दिया कि पूर्व के वर्षों में क्रय केन्द्रों पर आने वाले तथा पंजीकृत एवं सत्यापित कृषकों से बात की जाए। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि क्रय केन्द्र प्रभारियों के माध्यम से गांव में जाकर गेहूॅ खरीद के लिए दी गई व्यवस्था के बारे में भी बताया जाए। खाद्य एवं विपणन विभाग के प्रथम क्रय केन्द्र के निरीक्षण के दौरान केन्द्र प्रभारी विपणन निरीक्षक देवेन्द्र द्विवेदी उपस्थित पाये गये। केन्द्र प्रभारी ने डीएम को बताया कि अब तक 27 किसानों से 1315.5 कुण्टल गेहूॅ की खरीद की गई है। पब्लिक फण्ड मैनेजमेन्ट सिस्टम के माध्यम से भुगतान की कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रय एजेन्सी के द्वितीय क्रय केन्द्र के निरीक्षण के दौरान केन्द्र प्रभारी विपणन निरीक्षक आनन्द प्रकाश पटेल उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय केन्द्र पर कोई किसान मौजूद नहीं था। केन्द्र प्रभारी ने बताया कि अब तक 12 कृषकों से 800 कुण्टल गेहूॅ खरीद की जा चुकी है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा, अपर जिलाधिकारी अनिरूद्ध प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह, नगर मजिस्ट्रेट श्रीमती शालिनी प्रभाकर, उप जिलाधिकारी सदर सुभाष सिंह, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संजीव सिंह, सचिव मण्डी धनन्जय सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
: दरगाह मेला स्थित शिविर कार्यालय पहुंचे डीएम व एसपी
Thu, May 11, 2023
सालाना जेठ मेला तैयारियों की समीक्षा
बहराइच। सै. सालार मसऊद गाज़ी रह. की दरगाह पर 11 मई से 11 जून एक माह की अवधि तक चलने वाले सालाना जेठ मेले में कानून व शान्ति व्यवस्था बनाये रखने, समुचित साफ-सफाई, बिजली पानी, प्रकाश, यातायात, पार्किंग इत्यादि की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ दिनेश चन्द्र द्वारा पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा के साथ जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय मेला परिसर में सम्बन्धित अधिकारियों व दरगाह प्रशासन के साथ आयोजित बैठक में की गयी तैयारियों तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये गये कि सालाना जेठ मेले को परम्परागत ढंग से शान्तिपूर्ण वातावरण में सकुशल सम्पन्न कराये जाने के लिए चाक-चौबन्ध व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाय ताकि मेले में आने वाले मेलार्थियों व दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पूरे मेला क्षेत्र में बिजली पानी, प्रकाश, साफ-सफाई, अग्निकाण्ड की घटनाओं पर अंकुश लगाये जाने तथा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबन्ध किये जाय। दरगाह प्रशासन को निर्देश दिये गये कि मेला क्षेत्र में समुचित साफ-सफाई के लिए दुकानदारों व मेलार्थियों प्रेरित किया जाय कि कूड़ा, करकट इधर न डालकर डस्टबिन में डाले। डस्टबिन का कूड़ा करकट दरगाह व नगर पालिका प्रशासन द्वारा नियमित रूप से समुचित ढंग से निस्तारण किया जाय। मेला क्षेत्र में विद्युत विभाग के सहयोग से जर्जर व ढीले तारों को समय से ठीक करा लिया जाय। बाहर से आने वाले वाहनों के लिए समुचित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाय तथा रोड डायवर्जन इस प्रकार किया जाए कि जाम की समस्या न आने पाये। जिलाधिकारी ने मेलार्थियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करते हुए अधिकृत वाहनों के माध्यम से व क्षमता के अनुसार ही बैठे। साथ ही किसी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ के साथ यात्रा न करें। डीएम व एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किये गये अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिदायत दी कि पूरी सजगता व सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वाहन पूरी इमादारी व निष्ठा के साथ करते हुए सालाना जेठ मेला का सकुशल सम्पन्न करायेंगे। डीपीआरओ व ईओ नगर पालिका परिषद बहराइच को निर्देश दिया गया कि मेला परिसर तथा अनारकली झील व चित्तौरा झील पर साफ-सफाई के माकूल बन्दोबस्त किये जाय तथा यह भी सुनिश्चित किया जाय कि कचरे का उठान भी नियमित रूप से होता रहे। इस अवसर पर एडीएम अनिरूद्ध प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर कंुवर ज्ञानन्जय सिंह, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, एसडीएम सदर सुभाष सिंह धामी, सीओ सिटी राजीव सिसौदिया, सिओ यातायात इरफान, गोण्डा से आये सीओ चन्द्रपाल, डीपीआरओ उमाकान्त पाण्डेय, डिप्टी आरएमओ संजीव सिंह, दरगाह प्रबन्ध समित के अध्यक्ष शमशाद अहमद एडवोकेट सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: नकली नोट बनाने का भंडाफोड़, पांच हत्थे चढ़े
Thu, May 11, 2023
आरोपियों के पास से कार, 52 हजार रूपये नकली भारतीय व पांच हजार रूपए नेपाली बरामद
लैपटाप, प्रिंटर, कैंची और जली मुद्रा बनाने का पेपर, आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, पांच मोबाइल बरामद
नेपाल में नकली नोट खपाने की आशंका
रुपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल सीमा पर बहराइच एटीएस और रुपईडीहा पुलिस ने संयुक्त छापेमारी करते हुए नकली नोट बनाने का भंडाफोड़ किया है। सभी आरोपी लखीमपुर जनपद के निवासी हैं। सीमा पर जांच के दौरान आरोपियों के पास 52 हजार रूपये भारतीय नकली और पांच हजार रूपए नेपाली बरामद हुई है। सभी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। बरामद रूपये, चार पहिया वाहन और नकली मुद्रा को सीज कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि लखीमपुर जनपद से नकली नोट की खेप जिले में आने की सूचना मिली थी। जिस पर एसपी ने रूपईडीहा प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक की अगुवाई में एसएसआई रुदल बहादुर सिंह, राहुल सिंह, रामवीर चौहान के साथ बहराइच एटीएस निरीक्षक कुलदीप सिंह, विश्वजीत राय, रंजीत कुमार, सतीश कुमार भारती, नीरज सिंह, श्रावस्ती एटीएस के निरीक्षक वासुदेव राणा, अरुण कुमार, कपिल शर्मा और नवनीत कुमार की टीम सुमेरपुर मोड़ पास जांच शुरू की। जांच के दौरान स्विफ्ट डिजायर वाहन संख्या डीएल 1 सीडबलू 8293 को रोका गया। वाहन की जांच के दौरान 52 हजार रूपये नकली भारतीय नोट, पांच हजार नेपाली नोट, एक लैपटाप, प्रिंटर, कैंची और जली मुद्रा बनाने की पेपर, आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, पांच मोबाइल बरामद हुआ। इस पर पुलिस टीम सभी को थाने ले आई। आरोपियों की पहचान लखीमपुर जनपद के ईसानगर थाना क्षेत्र के त्रिकोलिया गांव निवासी मुस्ताक पुत्र सरवर, हसनपुर कटौली निवासी सलीम पुत्र वाकर, अलीम पुत्र अब्दुल अजीज निवासी वीरसिंहपुर, फैजुल हसन उर्फ सैदुल पुत्र आबिद अली त्रिकोलिया और रायपुर गांव निवासी कुलदीप अवस्थी पुत्र कमलाकांत निवासी रायपुर ईसानगर लखीमपुर के रूप में हुई। सभी के विरुद्ध भारतीय नकली मुद्रा बनाकर बाजार में चलाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। जबकि बरामद रूपये और उपकरण के साथ दिल्ली नंबर की गाड़ी को सीज कर दिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय ने बताया कि सभी जाली नोट लखीमपुर में बना रहे थे। ऐसा लग रहा है कि सीमावर्ती क्षेत्र और नेपाल में इसका परिचालन कराया जा रहा था। फिलहाल सभी को रिमांड पर लेकर अन्य जानकारी ली जायेगी। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।