: अंतरजनपदीय चोरों के गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
Wed, May 24, 2023
चोरों के पास से दो अदद टावर में लगने वाले एलसीओ, एक महिन्द्रा मैजिक कार, एक अदद अपाची बाइक व चार मोबाइल बरामद
बहराइच। थाना हुजूरपुर पुलिस टीम ने रात्रि चेकिंग के दौरान चार अंतरजनपदीय चोरों को धर दबोचा। जिनके पास से चोरी का सामान बरामद किया गया। पकड़े गए चोरों के विरूद्ध थाना हुजूरपुर व गोण्डा जनपद के परसपुर थाने में कई मुकदमें दर्ज है। पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार वर्मा द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिए अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह, क्षेत्राधिकारी कैसरगंज कमलेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष हुजूरपुर जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने चार शातिर अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया। बुधवार को थाना हुजूरपुर पुलिस टीम द्वारा चिरैयाटांड के पास रात्रि गश्त के दौरान सघन चेकिंग करते हुए चार चोरों को चोरी के सामान के साथ धर दबोचा। जिनके विरूद्ध स्थानीय थाना पर अभियोग पंजीकृत था। पकड़े गए चोरों की पहचान शिवम सिंह पुत्र अर्जुन सिंह निवासी हरियागाढ़ा थाना करनैलगंज जनपद गोण्डा, सुधीर सिंह पुत्र संजय सिंह निवासी चिरैयाटांड थाना हुजूरपुर, दिवाकर सिंह पुत्र स्व.रामनरायन सिंह निवासी चिरैयाटाड थाना हुजूरपुर व कन्हैया सिंह पुत्र सबल बहादुर सिंह निवासी इमलिया थाना पयागपुर के रूप में की गई। पकड़े गए चोरों के पास से दो अदद टावर में लगने वाले एलसीओ, एक महिन्द्रा मैजिक कार, एक अदद अपाची बाइक व चार मोबाइल बरामद किया गया। चोरों के विरूद्ध अभियोग दर्ज कर जेल रवाना किया गया। पकड़े गए चोरों के विरूद्ध थाना हुजूरपुर व गोण्डा के परसपुर थाने में चोरी व जालसाजी के कई मुकदमें दर्ज है। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष हुजूरपुर जितेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक वीर बहादुर यादव, हे.का.जितेन्द्र सिंह, हे.का.संजय सिंह, का.माता प्रसाद, का.शिवसेन सिंह, का.सूरज मौर्य शामिल रहे।
: नीति आयोग के इन्डीकेट्रर्स के समीक्षा के लिए डीएम की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
Wed, May 24, 2023
बहराइच। आकांक्षात्मक जनपदों के लिए नीति आयोग द्वारा निर्धारित सूचकांको, स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास, आधारभूत संरचना इत्यादि की समीक्षा के लिए मंगलवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान सूचकांको की प्रगति की जानकारी प्रदान करते हुए मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना ने समस्त सेक्टरों व उसके अन्तर्गत आने वाले संकेताकों, पोर्टल पर फीडिंग की प्रकिया इत्यादि की जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि माह मार्च में 31वीं समग्र डेल्टा रैंकिंग, स्वास्थ्य एवं पोषण सेक्टर में 40वीं, शिक्षा सेक्टर में 108, कृषि सेक्टर में 14 आधारभूत आंकड़ा सेक्टर में 53, तथा वित्तीय सहायता व कौशल विकास सेक्टर में 8वीं डेल्टा रैंकिंग प्राप्त हुई है। स्वास्थ्य विभाग के सूचकांकों की प्रगति की समीक्षा में पाया गया कि कुछ संकेतांकों के प्रगति में माह अप्रैल में कमी आयी है। इस सम्बंध में जिलाधिकारी द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आकड़ों की पुष्टि कर विभागीय पोर्टल से मिलान करते हुए प्रगति में अपेक्षित सुधार लाये जाने तथा विवरण उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये गये। इस सम्बंध में अन्य सभी सम्बन्धित अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि अपने विभागीय पोर्टल के अनुसार ही प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराये। नीति आयोग से अतिरिक्त आवंटन के रूप में प्राप्त धनराशि अन्तर्गत कराये जा रहे कार्यों की समीक्षा में कार्यदायी संस्था पैक्सफेड द्वारा अवशेष 4 हेल्थ सब सेन्टरों के अपग्रेडेशन का कार्य पूर्ण न होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि कार्य को अविलम्ब निर्धारित मानक एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर उपयोगिता प्रमाणपत्र उपलब्ध कराये। बैठक में अनुपस्थित अधि0अभि0 पैक्सफेड का स्पष्टीकरण प्राप्त करने के भी निर्देश दिये गये। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अल्ट्रासाउंड मशीन का क्रय की कार्यवाही पूर्ण कर उपभोक्ता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। टिशु कल्चर लैब के सत्यापन कार्य पूर्ण कराकर यू.सी. प्रेषित किये जाने का निर्देश दिया गया। स्किल डेवलपमेन्ट सेन्टर (ऑडिटोरियम) के लिए कपूरथला में चिन्हित भूमि में बने जर्जर भवन के डिमॉलिश हेतु शासन से हुए पत्राचार की अद्यतन स्थिति की जानकारी लिया गया तथा इसके लिये अन्य भूमि को चिन्हित किये जाने हेतु निर्देश दिये गये। सी.एस.आर. फण्ड के अर्न्तगत कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी को शीघ्र पूर्ण करने के लिए निर्देश दिया गया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ एस.के. सिंह, डीडीओ महेन्द्र कुमार पाण्डेय, पीडीडीआरडीए पी. एन. यादव, उप निदेशक कृषि टी.पी. शाही, बीएसए अव्यक्तराम तिवारी, सीवीओ डॉ राजेन्द्र प्रसाद, डीएसटीओ डॉ अर्चना सिंह, डीपीओ राजकपूर, डीसीएनआरएलएम रमेन्द्र कुशवाहा, सचिव मण्डी धनन्जय सिंह, प्राधानार्य आईटीआई प्रदीप अग्निहोत्री, डीपीएम, एनएचएम सरजू खान सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
: ट्रक डंपर ने बाइक सवार को पीछे से मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत
Wed, May 24, 2023
कैसरगंज, बहराइच। थाना क्षेत्र कैसरगंज अंतर्गत लखनऊ-बहराइच राजमार्ग स्थित ऐनी अलहियापुर टोल प्लाजा पर डंपर ने मोटरसाइकिल को पीछे से ठोकर मार दी। जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पवन कुमार पुत्र चुनमुन लाल वर्मा 40 वर्ष देवलखा चौराहे से वापस अपने घर टोलप्लाजा होते हुए जा रहा था। तभी टोल प्लाजा के निकट अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से बाइक सवार को ठोकर मार दी। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना आग की तरह फैल गई। स्थानीय लोगो ने इस घटना की सूचना कैसरगंज पुलिस को दी। कैसरगंज पुलिस मौके पर पहुंचकर लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजनाथ सिंह ने बताया कि घटना के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। जिसकी तलाश जारी है। शीघ्र ही उचित कार्रवाई की जाएगी।