: सीडीओ ने पीएम आवास, मनरेगा कार्य व विद्यालय का किया निरीक्षण
Wed, Nov 8, 2023
कैसरगंज ब्लाक कार्यालय का भी लिया जायजा
सीडीओ ने विद्यालय की समुचित साफ-सफाई न पाये जाने पर जताई कड़ी नाराजगी
बहराइच। मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर. ने विकास खण्ड कैसरगंज अन्तर्गत ग्राम गोड़हिया नम्बर 01 व 02 में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के निर्मित आवासों एवं मनरेगा योजना अन्तर्गत कराये गये कार्यो का निरीक्षण किया। गोड़हिया नम्बर 2 में खाद्यान्न वितरण का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय पाया गया कि कोटेदार को मिलने वाले राशन का अंकन सही ढंग से नहीं किया गया है। इस सम्बंध में पूर्ति निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि स्टाक रजिस्टर को सही कराये। प्राथमिक विद्यालय गुल्लनपुरवा, कम्पोजिट विद्यालय गोड़हिया नं 02 के निरीक्षण के दौरान विद्यालय की समुचित साफ-सफाई न पाये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि विद्यालय व परिसर को साफ-सुथरा रखा जाय। उन्होनें एमडीएम के भोजन को स्वयं खाकर उसकी गुणवत्ता का भी जायजा लिया। इसके अलावा सीडीओ ने विकास खण्ड कैसरगंज कार्यालय का भी निरीक्षण कर ब्लाक कार्यालय भवन, परिसर की साफ-सफाई,अभिलेखों का रख-रखाव इत्यादि का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी कैसरगंज अमन वर्मा सहित एडीओ पंचायत, एडीओ आईएसबी, ग्राम्य के सचिव तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: गोपाल ने गेहूं के डंठल से बनाया राममंदिर
Wed, Nov 8, 2023
बहराइच। अयोध्या में श्रीराम मंदिर में भगवान रामलला की मूर्ति जल्दी ही विराजमान होगी। इस बीच बहराइच के गोपाल गुप्ता ने गेहूं के डंठल से श्रीराम मंदिर बना दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनकी सराहना की है। एक जिला एक उत्पाद में बहराइच का चयन गेहूं के डंठल से कलाकृतियां बनाने में हुआ है। बशीरगंज के गोपाल गुप्ता काफी समय से गेहूं के डंठल से कलाकृतियां बना रहे हैं। विभिन्न देवी-देवताओं के चित्र के अलावा प्रदेश सरकार का प्रतीक चिह्न, अशोक स्तंभ और अन्य तमाम ऐसी कलाकृतियां हैं, जो देश भर में बहुत पसंद की जा रही हैं। उन्होंने गेहूं के डंठल से ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा तमाम अधिकारियों की नाम पट्टिकाएं बनाकर भेजी हैं। प्रदेश सरकार की एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत उद्यमी एप बनाया गया है। इस पर जिले के गेहूं के डंठल के उत्पाद का भी प्रचार होता है। इसके जरिए लोग गोपाल से संपर्क कर कलाकृतियां मंगवाते हैं। गोपाल ने बताया कि अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियों से बात चल रही है। जल्द ही उनके जरिए भी कलाकृतियों की बिक्री शुरू हो जाएगी।
: मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित
Tue, Nov 7, 2023
छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र व मेडल प्रदान कर किया गया सम्मानित
गोनार्द लान में आयोजित हुआ मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह
बहराइच। गोनार्द लान में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में जिले के यूपी बोर्ड एवं सीबीएससी बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली छात्र-छात्राओं तथा समारोह में अपने अनुभव साझा करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। जबकि कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि विद्यार्थी जीवन बहुत महत्वपूर्ण है। यह तैयारी का समय है। आपका कोई सपना होगा और आपके माता-पिता का भी आपके उज्जवल भविष्य के प्रति कोई सपना होगा। इसके अलावा आने वाली पीढ़ी का भविष्य भी आपके हाथ में है। श्री सिंह ने भी अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि अपनी क्षमता का स्वयं आकलन करें कुछ भी असंभव नही है। आपके अन्दर भी प्रतिभा की कमी नही है, दृढ़ ईच्छा शक्ति से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अच्छी संगत और सकारात्मक सोच के साथ निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत व लगन से आगे बढ़े निश्चित रूप से आपको सफलता मिलेगी। सम्मान समारोह को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी व पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभवों को मेधावियों के साथ साझा करते हुए कहा कि कोई छोटा-बड़ा नही होता है प्रतिभा सभी के अन्दर होती है। लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़ इच्छा शक्ति और सकारात्मक सोच के साथ कठिन परिश्रम व लगन से शिक्षा ग्रहण कर मनचाहा मुकाम हासिल किया जा सकता है। डीएम व एसपी ने कहा कि कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। सफलता के लिए कोई भी शार्टकट नहीं होता है। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी व सदर की श्रीमती अनुपमा जायसवाल व अन्य वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में भी उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिल रहा है। नई-नई टेक्नालाजी के जरिए हम कोई भी आवश्यकतानुसार सभी प्रकार की जानकारियां हासिल कर सकते है। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से कहा कि निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने का मूल मंत्र कठिन परिश्रम है। असफलताओं से निराश नही होना चाहिए बल्कि इससे सबक लेकर नई ऊर्जा एवं उत्साह के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रयास करना चाहिए। आपको निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। पूर्व विधायक जटाशंकर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सम्मान समारोह में एम.एल.सी. डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, पूर्व एम.एल.सी. कुंवर अरूणवीर सिंह, सांसद प्रतिनिधि सुनील सिंह, अजीत प्रताप सिंह, संदीप सिंह विसेन, मुन्ना सिंह सहित अन्य गणमान्य व संभ्रान्तजन, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।